आप स्टार हैं तो ट्रेनिंग कैंप छोड़ेंगे? तो इसलिए रणजी टीम से बाहर हुए सूर्या
Last Updated:
suryakumar axed due to absent: पीटीआई को यह भी पता चला है कि करीब 10 दिन पहले जब मुंबई टीम के चयन के सिलसिले में सूर्यकुमार से संपर्क किया गया था तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था और बाद में खुद को उपलब्ध बताया था. हालांकि लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का अनुभव न होना और 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम के प्री-सीजन कैंप में शामिल न होने के कारण सूर्यकुमार को 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले पहले मैच के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया.
मंबई क्रिकेट संघ ने किया सूर्यकुमार यादव को बाहर करने पर बड़ा खुलासा
नई दिल्ली. मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के एक सूत्र ने मंगलवार को पीटीआई को बताया कि सूर्यकुमार यादव का प्री-सीजन कैंप से लगातार गायब रहना ही उन्हें मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम से बाहर किए जाने की वजह बना. राष्ट्रीय टीम से बाहर होने के बाद घरेलू क्रिकेट में वापसी करने वाले भारत के पूर्व टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान ने टीम की घोषणा से पहले प्री-सीजन के ट्रेनिंग सत्रों में बिल्कुल हिस्सा नहीं लिया था.
मुंबई के लाल गेंद वाले खिलाड़ी पिछले एक महीने से ट्रेनिंग कर रहे हैं और मंगलवार को भी उनका अभ्यास सीसीआई और एमसीए के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स मैदान पर जारी रहा. सूत्र ने कहा कि आखिरकार यह एक टीम गेम है. उनके पास लाल गेंद से खेलने का हालिया अनुभव नहीं है और सूर्यकुमार के मामले में सभी का फैसला एक जैसा था.
रेड बॉल में सूर्यकुमार का खराब रिकॉर्ड
सूत्र ने यह भी कहा कि अगर ऐसा नहीं होता तो चयनकर्ताओं को किसी युवा खिलाड़ी को बाहर करना पड़ता जो कि सही नहीं लगता. पीटीआई को यह भी पता चला है कि करीब 10 दिन पहले जब मुंबई टीम के चयन के सिलसिले में सूर्यकुमार से संपर्क किया गया था तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था और बाद में खुद को उपलब्ध बताया था. हालांकि लाल गेंद से क्रिकेट खेलने का अनुभव न होना और 42 बार की रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम के प्री-सीजन कैंप में शामिल न होने के कारण सूर्यकुमार को 11 से 14 अक्टूबर तक वानखेड़े स्टेडियम में चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले पहले मैच के लिए मुंबई की 16 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया.
बंद नहीं हुए हैं मुंबई के दरवाजे
मुंबई की टीम में चयन के दरवाजे सूर्यकुमार के लिए पूरी तरह बंद नहीं हुए हैं. उन्हें दोबारा टीम में जगह पाने के लिए एमसीए द्वारा आयोजित पुलिस शील्ड या पुरुषोत्तम शील्ड टूर्नामेंट जैसे क्लब क्रिकेट मैच खेलने होंगे. हालांकि सफेद गेंद के क्रिकेट के लिए सूर्यकुमार की स्थिति अभी वैसी ही बनी हुई है. मुंबई के चयनकर्ताओं ने 36 वर्षीय खिलाड़ी को बता दिया है कि उन पर 2026-27 सीजन के आने वाले घरेलू टूर्नामेंटों के लिए विचार किया जाएगा. सूर्यकुमार, जिनकी कप्तानी में इसी साल भारत ने अपना तीसरा टी20 विश्व कप जीता था, मुंबई की कप्तानी संभालने की दौड़ में हैं लेकिन ऐसा तभी होगा जब राष्ट्रीय टीम में उनके उत्तराधिकारी श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं होंगे.
शार्दुल एक महीने के लिए बाहर
दूसरी तरफ मुंबई के पूर्व कप्तान और भारत के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर चोट के कारण कम से कम एक महीने के लिए बाहर हो गए हैं और ट्रेनिंग के दौरान हाथ में चोट लगने के कारण वह कुछ रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेल पाएंगे. इस सीजन में सिद्धेश लड मुंबई की कप्तानी करेंगे और रणजी ट्रॉफी के पहले मैच के लिए चुनी गई टीम में यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे भारतीय बल्लेबाज तथा शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे जैसे नियमित खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज में भारत ए की 1-0 की जीत का हिस्सा रहे थे.