ननद-भाभी के बीच हुआ झगड़ा, एक ने बालकनी से लगाई छलांग, दूसरी शाफ्ट में कूदी
Last Updated:
दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन की खड्डा कॉलोनी में रिश्ते में ननद और भाभी के बीच एक निजी वीडियो को लेकर जमकर झगड़ा हुआ. झगड़ा इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर एक महिला ने कमरे की बालकनी से सीधे नीचे सड़क पर छलांग लगा दी. वहीं, दूसरी महिला ने खुद को कमरे में बंद कर खिड़की के रास्ते घर के शाफ्ट में छलांग लगा दी.
आपसी झगड़े के बाद महिलाओं ने अपनी जान देने की कोशिश की है. (एआई इमेज)
दिल्ली क्राइम न्यूज. दिल्ली के जैतपुर इलाके में 2 अक्टूबर के दिन कुछ ऐसा हुआ, जिसे जानने और समझने के बाद किसी की भी रूह कांप जाए. रिश्ते में ननद और भाभी लगने वाली दो महिलाओं के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि दोनों ने जान देने तक की कोशिश कर डाली. दरअसल, विवाद की मुख्य वजह एक निजी वीडियो था.
पुलिस के मुताबिक, दोनों में से किसी एक महिला ने दूसरी का चुपचाप एक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था और उसे किसी तीसरे व्यक्ति को भेज दिया था. जब इस बात की भनक दूसरी महिला को लगी, तो दोनों के बीच घर के अंदर ही तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
बालकनी से लगाई छलांग
झगड़े के दौरान गुस्सा और तनाव इतना बढ़ गया कि करीब 25 साल की एक महिला ने आपा खो दिया. उसने अपने कमरे की बालकनी से सीधे नीचे सड़क पर छलांग लगा दी. इस खतरनाक छलांग में वह गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में परिवार और स्थानीय लोगों ने उसे पहले नजदीकी फेलिज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उसे एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया.
शाफ्ट में कूदी दूसरी महिला
एक तरफ जहां पहली महिला सड़क पर कूद चुकी थी, वहीं घर के अंदर ड्रामा थमा नहीं था. करीब 24 साल की दूसरी महिला ने घबराहट और गुस्से में खुद को एक अन्य कमरे में बंद कर लिया. इसके बाद उसने खिड़की के रास्ते मकान के शाफ्ट में छलांग लगा दी. शाफ्ट में कूदने के बाद दूसरी महिला वहां फंस गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद घायल महिला को शाफ्ट से सुरक्षित बाहर निकाला गया. उसे भी गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे तुरंत एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया.