अयोध्या. वैदिक ज्योतिष में मंगल ग्रह को साहस, पराक्रम, ऊर्जा, आत्मविश्वास, एक्शन और आक्रामकता का कारक माना जाता है. मंगल जब राशि परिवर्तन करते हैं तो इसका प्रभाव सभी 12 राशियों के जातकों के जीवन में अलग-अलग रूप से देखने को मिलता है. अब मंगल 18 सितंबर 2026 को अपनी नीच राशि कर्क में प्रवेश करने जा रहे हैं. ज्योतिष के अनुसार कर्क राशि में मंगल की स्थिति कमजोर मानी जाती है. हालांकि इसका अर्थ यह नहीं है कि मंगल के सभी परिणाम समाप्त हो जाते हैं, बल्कि इस दौरान मंगल के सकारात्मक प्रभाव अपेक्षाकृत कम हो सकते हैं. लोकल 18 से अयोध्या के पंडित कल्कि राम बताते हैं कि मंगल ग्रह 18 सितंबर को अपराह्न 4 बजकर 44 मिनट पर कर्क राशि में प्रवेश करेंगे और 12 नवंबर 2026 की रात 8 बजकर 30 मिनट तक इसी राशि में रहेंगे.
पंडित कल्कि राम कहते हैं कि कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं, जबकि मंगल अग्नि तत्व और ऊर्जा से जुड़े ग्रह माने जाते हैं. ऐसे में मंगल और चंद्रमा की प्रकृति अलग होने के कारण इस गोचर का प्रभाव व्यक्ति के व्यवहार, निर्णय क्षमता, कार्यक्षेत्र और आर्थिक मामलों पर दिखाई दे सकता है. ऐसी स्थिति में मंगल के इस गोचर से कुछ राशि के जातकों की किस्मत बदल सकती है.
मीन राशि
मीन राशि वालों के लिए कार्यक्षेत्र में उन्नति के अवसर बन सकते हैं. आय के नए साधन मिल सकते हैं और पुराने काम के लिए सम्मान प्राप्त हो सकता है. हालांकि गलत निर्णय आर्थिक या पेशेवर नुकसान का कारण बन सकता है.इस दौरान क्रोध और आक्रोश पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा.
कन्या राशि
कन्या राशि के जातकों के अटके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं. नौकरी या व्यवसाय में तरक्की के साथ नया पद और मान-सम्मान मिलने के योग बन सकते हैं. नए संबंध बनेंगे और कुछ ऐसे बदलाव हो सकते हैं जो भविष्य में लाभ पहुंचाएं.
तुला राशि
तुला राशि वालों को आर्थिक लाभ मिलने के योग हैं, लेकिन साथ ही खर्च भी बढ़ सकता है. मानसिक अशांति और किसी तरह के संघर्ष का सामना करना पड़ सकता है. निवास या कार्यस्थल में परिवर्तन की संभावना भी बन रही है.
मकर राशि
मंगल का गोचर मकर राशि के जातकों के लिए नए संपर्क और संबंध बनाने के मौके लेकर आ सकता है. नए काम से जुड़ने या किसी योजना में पूंजी लगाने की संभावना बन सकती है. हालांकि विवाद और नई साझेदारी के मामलों में सावधानी बरतना जरूरी होगा.
कुंभ राशि
इस राशि के जातकों को संघर्ष के बाद सफलता मिलने के संकेत हैं. पुरानी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी में राहत मिल सकती है और कुछ देनदारियों का निपटारा संभव है. घर या कार्यस्थल में बदलाव की स्थिति भी बन सकती है.