इस मॉनसून कई जगहों पर भारी तबाही देखने को मिली है. ये सिलसिला अभी रुकने का नाम नहीं ले रहा. अब एशिया पर एक और बड़े तूफान घुमड़ रहा है. ‘दूजुआन’ नाम का ये तूफान 162 किलोमीटर प्रति घंटे की खौफनाक रफ्तार से आगे बढ़ रहा है. आशंका जताई जा रही है कि अगले 72 घंटों में ये भारी तबाही मचा सकता है. खतरे को देखते हुए कई इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है. लोगों को सावधान किया गया है कि ये तूफान अपने साथ लैंडस्लाइड और समंदर में भयानक लहरें लेकर आ रहा है. 20 और 21 सितंबर को इस तूफान का सबसे खतरनाक रूप देखने को मिल सकता है.
जापान पर घुमड़ रहा टाइफून 25
दूजुआन तूफान एक बेहद खतरनाक समुद्री तूफान जापान को हिट करेगा, जिसे टाइफून 25 कहा जा रहा है. 162 किलोमीटर प्रति घंटे की खौफनाक रफ्तार से जापान के तटों की तरफ बढ़ रहा है. सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि जापान के शहर नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक एशियन गेम्स का आयोजन हो रहा है, जहां पूरे एशिया से हजारों एथलीट और खेल प्रेमी जुटे हुए हैं. ठीक इसी समय एक भयानक कुदरती आफत ने जापान का बीपी हाई कर दिया है.
जापान के मौसम विभाग और स्थानीय मीडिया आउटलेट ‘द असाही शिमबुन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, टाइफून नंबर 25 यानी दूजुआन चिचिजिमा द्वीप के पास पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. ये द्वीप नागोया शहर से लगभग 1,030 किलोमीटर उत्तर में मौजूद है.
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 20 और 21 सितंबर के दौरान ये तूफान उत्तर और फिर उत्तर-पूर्व दिशा की तरफ मुड़ जाएगा. इसके बाद ये जापान के पूर्वी तटीय इलाकों में भारी तबाही मचा सकता है.
टोक्यो के दक्षिण में स्थित दूरदराज के ओगासावारा द्वीपों के लोगों को 19 सितंबर से ही बेहद सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है. वहां भूस्खलन, समुद्र में उठती ऊंची लहरों और तूफानी हवाओं का बड़ा खतरा मंडरा रहा है. चूंकि एशियन गेम्स अभी शुरू ही हुए हैं, इसलिए 21 सितंबर की तारीख ने आयोजकों की नींदे उड़ा दी हैं.
एशियन गेम्स के शेड्यूल पर संकट
तूफान के इस बड़े खतरे को देखते हुए एशियन गेम्स के आयोजक और जापानी ओलंपिक समिति तुरंत एक्शन मोड में आ गए हैं. जापान के शेफ डी मिशन और जेओसी के वरिष्ठ बोर्ड सदस्य कोसेई इनौए ने मीडिया के सामने आकर स्थिति की गंभीरता के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने साफ बताया कि खराब मौसम की वजह से 21 सितंबर के आसपास खेलों के शेड्यूल में बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं. कोसेई इनौए ने कहा भारी बारिश और खराब मौसम की वजह से कुछ प्रतियोगिताओं के समय में पहले ही देरी हो चुकी है. 21 सितंबर को तूफान के जापान के और ज्यादा करीब आने की आशंका है. जेओसी के भीतर लगातार बैठकें हो रही हैं ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो.
अगर तूफान का असर ज्यादा खतरनाक रहता है, तो आउटडोर गेम्स जैसे कि एथलेटिक्स, फुटबॉल और नौकायन के मैचों को आगे टालना पड़ेगा.
कितना खतरनाक है टाइफून ‘दूजुआन’? रफ्तार और दबाव का पूरा डेटा
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, ये तूफान चिचिजिमा आइलैंड से लगभग 310 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की चाल से आगे बढ़ रहा था. भले ही पिछले दिनों के मुकाबले इस तूफान का आकार थोड़ा छोटा दिखाई दे रहा हो, लेकिन इसकी ताकत में जबरदस्त इजाफा हुआ है.
- सेंटर में हवा का दबाव: 975 हेक्टोपास्कल दर्ज किया गया है.
- औसतन हवा की रफ्तार: तूफान के केंद्र के पास 108 किलोमीटर प्रति घंटा है.
- हवा के झोंकों की अधिकतम रफ्तार: 162 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही है.
- संभावित रास्ता: 21 सितंबर की सुबह तक ये तूफान कांतो क्षेत्र के पूर्व की तरफ से गुजर सकता है.
200 मिलीमीटर मूसलाधार बारिश का अलर्ट, ये इलाके खतरे में
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी जारी की है कि 21 सितंबर की दोपहर तक यानी 24 घंटों के भीतर कई इलाकों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो सकती है. कांतो क्षेत्र जो नागोया से 350 किमी दूर है और इजू द्वीपों में 200 मिलीमीटर तक मूसलाधार पानी और जलप्रलय का अनुमान है. इसके अलावा नागोया के पास और दूर-दराज के कई इलाकों को रेड अलर्ट पर रखा गया है.
- टोकाई क्षेत्र: ये इलाका नागोया से महज 17 किलोमीटर दूर है. यहां तटीय इलाकों में भारी बारिश और नदियों में उफान का बड़ा खतरा है.
- तोहोकू क्षेत्र: नागोया से 820 किलोमीटर दूर इस इलाके में निचले स्थानों में पानी भरने और लैंडस्लाइड की चेतावनी दी गई है.
- इजू और प्रशांत तटीय इलाके: 20 से 21 सितंबर तक लोगों को अपने घरों में रहने या सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है.
कब शांत होगा ‘दूजुआन’ और अलग-अलग शहरों में कैसा रहेगा मौसम?
राहत की बात ये है कि ये तूफान जापान में ज्यादा दिनों तक तबाही नहीं मचा पाएगा. 22 सितंबर की सुबह तक ये तूफान जापान के पूर्व में खुले समुद्र की तरफ निकल जाएगा और एक एक्स्ट्राट्रॉपिकल चक्रवात यानी कमजोर मौसमी तंत्र में तब्दील हो जाएगा. फिर भी अलग-अलग शहरों में इसका असर दिखेगा.
- टोक्यो: तूफान के गुजरते वक्त यहां तेज बारिश होने की पूरी संभावना है.
- नागोया और ओसाका: इन दोनों बड़े शहरों में बादल छाए रहेंगे, लेकिन टोक्यो के मुकाबले यहां बारिश का खतरा थोड़ा कम रहेगा.
- फुकुओका: 19 से 23 सितंबर की छुट्टियों के दौरान यहां ज्यादातर धूप खिली रहने और मौसम साफ रहने की उम्मीद है.
नागोया में हाई अलर्ट, सुरक्षा के लिए किए गए कड़े इंतजाम
नागोया में एशियन गेम्स का आयोजन हो रहा है, इसलिए स्थानीय प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है. सभी स्टेडियमों, खेल परिसरों और एथलीट विलेज में इमरजेंसी रिस्पांस टीमें तैनात कर दी गई हैं. तूफान के चलते उड़ानों और ट्रेनों के समय में बदलाव हो सकता है. इसलिए एथलीटों, अधिकारियों और दर्शकों को लगातार मौसम बुलेटिन देखने की हिदायत दी गई है. पूरा जापान अब 21 सितंबर के दिन पर नजरें टिकाए बैठा है, ताकि खेलों का ये महाकुंभ बिना किसी बड़े नुकसान के सुरक्षित संपन्न हो सके.