ईरान का खौफ और कॉकपिट में खून: क्या खत्म हो रहा है दुबई का ‘सेफ हेवन’ वाला आर्थिक तिलिस्म?

ईरान का खौफ और कॉकपिट में खून: क्या खत्म हो रहा है दुबई का ‘सेफ हेवन’ वाला आर्थिक तिलिस्म?


दुबई लंबे समय से दुनिया के उन शहरों में गिना जाता है, जहां कारोबार, टूरिज्म और निवेश के लिए स्थिर माहौल मिलता है, लेकिन मिडिल ईस्ट में जारी तनाव ने इस तस्वीर को चुनौती दी है. ईरान से जुड़े टेंशन के कारण पहले ही एयरस्पेस, उड़ानों, तेल की कीमतों और ट्रैवल सेक्टर पर दबाव बना हुआ है. इसी माहौल में 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई (Fly Dubai) की फ्लाइट में हुई घटना ने एविएशन सिक्योरिटी को लेकर नई चिंता खड़ी कर दी है. फ्लाइट में करीब 174 यात्री थे. रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया.

इसके बाद विमान तेजी से नीचे आया और बाद में सऊदी अरब के तबुक में इसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने स्थिति संभालते हुए फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया और सभी यात्री सुरक्षित रहे. इस घटना के बाद एविएशन सेक्टर की सुरक्षा को लेकर कई निवेशकों के मन में भी सवाल उठने लगे हैं.

दुबई की अर्थव्यवस्था पर पहले से दबाव

मिडिल ईस्ट में संघर्ष का असर यूएई की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ा है. IMF के मुताबिक, 2026 में बढ़ी अनिश्चितता का असर पर्यटन, ट्रांसपोर्ट, ट्रेड और रियल एस्टेट जैसे सेक्टरों पर पड़ा है. हालांकि, यूएई की अर्थव्यवस्था ने अब तक काफी मजबूती दिखाई है. दुबई की अर्थव्यवस्था सिर्फ तेल पर निर्भर नहीं है. ट्रेड, टूरिज्म, एविएशन, फाइनेंस और रियल एस्टेट इसके बड़े हिस्से हैं. 2026 की पहली तिमाही में दुबई की GDP 2.4% बढ़कर 232 अरब दिरहम पहुंची.

1. एविएशन पर बढ़ता दबाव

दुबई दुनिया के बड़े एयर ट्रांजिट हब में शामिल है. क्षेत्र में तनाव बढ़ने पर एयरलाइंस को रूट बदलने, उड़ानें रोकने और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने पड़ सकते हैं. फ्लाईदुबई की घटना के बाद कंपनी ने इजरायल की उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया था. अगर ऐसे रूट लंबे समय तक प्रभावित रहते हैं, तो एयरलाइंस की कमाई पर असर पड़ सकता है.

2. यात्रियों के भरोसे का सवाल

एविएशन बिजनेस में सुरक्षा सबसे अहम है. किसी फ्लाइट के कॉकपिट में ही हिंसक घटना होने से यात्रियों और एयरलाइंस दोनों के लिए सुरक्षा जांच का महत्व बढ़ जाता है. इजरायल ने इस घटना के बाद देश में आने वाले पायलटों की जांच बढ़ाने की बात कही है. इसका मतलब है कि एयरलाइंस को क्रू स्क्रीनिंग और सुरक्षा प्रक्रियाओं पर और ध्यान देना पड़ सकता है.

3. महंगा तेल भी बड़ी चिंता

मिडिल ईस्ट के संघर्ष का सीधा असर तेल बाजार पर पड़ सकता है. कच्चा तेल महंगा होने पर एयरलाइंस का सबसे बड़ा खर्च बढ़ता है. इसका असर टिकट की कीमतों और कंपनियों के मुनाफे पर पड़ सकता है.

4. रियल एस्टेट पर भी नजर

दुबई का प्रॉपर्टी बाजार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है. लेकिन IMF के अनुसार 2026 की पहली छमाही में रियल एस्टेट गतिविधि कुछ धीमी हुई है. कीमतें अभी भी 2025 के स्तर से ऊपर या आसपास बनी हुई हैं, लेकिन बदलते हालात पर नजर रखना जरूरी है.

क्या दुबई का ‘सेफ हेवन’ मॉडल खत्म हो रहा है?

दुबई की अर्थव्यवस्था ने क्षेत्रीय संघर्ष के बावजूद मजबूती दिखाई है. वित्तीय व्यवस्था भी मजबूत बनी हुई है. लेकिन दोहरी चुनौती जरूर सामने है. एक तरफ मिडिल ईस्ट का जियो-पॉलिटिकल टेंशन है, दूसरी तरफ एविएशन जैसी संवेदनशील इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर नई चिंता. दोनों घटनाएं एक बात साफ करते हैं. मिडिल ईस्ट में बढ़ती अनिश्चितता का असर सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रहता. इसका असर एयरलाइंस, टूरिज्म, तेल, निवेश और रियल एस्टेट जैसे कारोबार पर भी पड़ सकता है. हालांकि, अभी पूरी तरह ऐसा कहना भी सही नहीं रहेगा लेकिन इससे निवेशकों के मन में डर भी बढ़ सकता है.



Source link