Jaipur: रामनिवास बाग में बनेगी 6.37 करोड़ की अनोखी चौपाटी, फूड ट्रक, ओपन गार्डन और बच्चों के लिए प्ले एरिया

Jaipur: रामनिवास बाग में बनेगी 6.37 करोड़ की अनोखी चौपाटी, फूड ट्रक, ओपन गार्डन और बच्चों के लिए प्ले एरिया


Last Updated:

जयपुरवासियों और शहर आने वाले पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. राजधानी के ऐतिहासिक रामनिवास बाग में राजस्थान की अपनी तरह की पहली अनूठी चौपाटी बनने जा रही है. आधुनिक रंग-रूप में सजने वाली इस चौपाटी में एक ही जगह पर 15 रंग-बिरंगे फूड ट्रक्स, ओपन गार्डन, बच्चों के खेलने का एरिया और ओपन थिएटर जैसी शानदार सुविधाएं मिलेंगी. जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी की और से बनाई जा रही है. यह चौपाटी आज की युवा पीढ़ी और परिवारों की पसंद को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है.

Zoom

जयपुर. राजस्थान के शहर जयपुर के रामनिवास बाग में जल्द ही एक नई और खास चौपाटी विकसित की जाएगी. यहां लोगों को घूमने-फिरने, खाने-पीने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक ही जगह पर कई सुविधाएं मिलेंगी. खास बात यह है कि चौपाटी में कुल 15 फूड ट्रक लगाए जाएंगे. मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा चाहते हैं कि जयपुर इस तरह के स्पॉट विकसित किए जाएं.

जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित की जा रही इस चौपाटी में दोनों तरफ फूड ट्रक की व्यवस्था होगी. इससे लोगों को एक ही जगह पर अलग-अलग तरह के खान-पान का विकल्प मिलेगा. परियोजना पर करीब 6.37 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.

बच्चों के लिए प्ले एरिया, घूमने के लिए ट्रैक

चौपाटी को सिर्फ खाने-पीने तक सीमित नहीं रखा जाएगा. यहां करीब 1804 वर्गमीटर का पैदल ट्रैक, 1200 वर्गमीटर का ओपन गार्डन बनाया जाएगा. वहीं 600 वर्गमीटर का बच्चों के लिए प्ले एरिया भी तैयार किया जाना है. इसके अलावा करीब 200 वर्गमीटर में ओपन एम्फीथिएटर भी बनाया जाना है. वहां मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए जगह होगी.

बैठने से लेकर पानी और टॉयलेट तक की सुविधा

परिसर में एंट्री प्लाजा, सिटिंग एरिया, पाथवे, टॉयलेट और पेयजल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. करीब 662 वर्गमीटर में एंट्री प्लाजा और सिटिंग एरिया तथा लगभग 140 वर्गमीटर में फूड ट्रक जोन भी बनेगा.

हरियाली के बीच परिवार के साथ बिता सकेंगे समय

जेडीए के अनुसार, रामनिवास बाग की हरित और ऐतिहासिक पहचान को ध्यान में रखते हुए चौपाटी को डिजाइन किया जा रहा है. यहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ घूमने, बच्चों के साथ समय बिताने और खान-पान का आनंद ले सकेंगे.

राजस्थान में अपनी तरह की नई पहल

जेडीए का कहना है कि यह परियोजना राजस्थान में अपनी तरह की नई अवधारणा पर विकसित की जा रही है. इसके तैयार होने के बाद रामनिवास बाग में नागरिकों के लिए नया पब्लिक प्लेस मिलेगा और जयपुर के शहरी पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.



Source link