Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन में एक पुलिसकर्मी की 19 साल की बेटी के अपहरण से हड़कंप मच गया. कार सवार दो युवकों ने घर के बाहर से लड़की को किडनैप कर लिया. वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने तलाश शुरू ही की थी कि कुछ देर बाद अपहरण की कहानी पलट गई. लड़की का कहना है कि वह अपनी मर्जी से लड़के के साथ गई है.
दोनों ने शादी करने का दावा किया है.
रिपोर्ट- अजय कुमार पटवा, उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक पुलिसकर्मी की 19 साल की बेटी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया लेकिन कुछ ही देर में कहानी में ट्विस्ट आ गया. दरअसल लालबाई फूलबाई इलाके में घर के बाहर खड़ी लड़की को दो बदमाश जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए. पूरी वारदात इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी लेकिन अब आरोपी और लड़की के दो वीडियो सामने आए हैं, जिसमें लड़की अपनी मर्जी से जाने की बात कहती सुनी जा सकती है. वे कह रहे हैं कि उन्होंने शादी कर ली है. 2-3 दिन में दोनों खुद आ जाएंगे.
मिली जानकारी के अनुसार, उज्जैन के लालबाई फूलबाई इलाके में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो युवक एक लड़की को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए. लड़की ट्रैफिक थाने में पदस्थ आरक्षक की 19 वर्षीय बेटी है. रात करीब 8 बजे वह घर के बाहर खड़ी थी. इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की कार से दो युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगे. परिजनों ने लड़की को बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी उसे घसीटते हुए कार में डालकर मौके से फरार हो गए.
CCTV में कैद हुई वारदात
अपहरण की पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में युवक लड़की को जबरन कार की ओर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इलाके में लगे दूसरे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालना शुरू कर दिया था.
एक आरोपी की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, परिजनों की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है. जांच के दौरान एक आरोपी की पहचान उर्दूपुरा निवासी ध्रुव कुमावत के रूप में हुई है. पुलिस उसके दूसरे साथी की पहचान करने में जुटी है. पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है लेकिन फिलहाल उसका मोबाइल बंद बताया जा रहा है. पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई हैं. एक टीम कार की जानकारी जुटा रही है जबकि दूसरी टीम CCTV फुटेज के आधार पर कार के रूट को ट्रेस कर रही है.
‘हम अपनी मर्जी से भागे हैं’
वहीं लड़की के अपहरण की घटना के बाद उसके दो वीडियो सामने आए हैं. वीडियो में दोनों नजर आ रहे हैं. लड़की कह रही है कि वे दोनों एक-दूसरे को चार साल से जानते हैं. दोनों ने कहा कि हम अपनी मर्जी से भागे हैं. हमारे घरवालों पर कोई भी प्रेशर मत डालो. 2-3 दिन में हम खुद पेश हो जाएंगे. हम दोनों ने शादी भी कर ली है. लड़की ने कहा कि उसके साथ कोई जोर-जबरदस्ती नहीं हुई है. तरीका लीगल था. वह गाड़ी में बैठ रही थी कि तभी दीदी ने हाथ पकड़ लिया था.