निधि तिवारी डेथ केस में अब तक सोनू सिंह से क्यों नहीं हुई पूछताछ? पुलिस ने बताई चौंकाने वाली वजह!

निधि तिवारी डेथ केस में अब तक सोनू सिंह से क्यों नहीं हुई पूछताछ? पुलिस ने बताई चौंकाने वाली वजह!


Singrauli News: सिंगरौली में मोरवा की रहने वाली 26 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निधि तिवारी की मौत के मामले में रहस्य लगातार बना हुआ है. पुलिस इस पूरे मामले की प्रारंभिक जांच हर एंगल से कर रही है, लेकिन वह अभी तक किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है. निधि के परिवार वाले इस घटना के सिलसिले में इंजीनियर सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं.

हालांकि, पुलिस का स्पष्ट कहना है कि परिवार की ओर से अभी तक किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस के मुताबिक, घटना के शुरुआती दिनों में परिवार ने कोई आधिकारिक बयान दर्ज नहीं कराया था. बाद में परिवार द्वारा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से आरोप लगाए गए हैं. इसी दौरान सोनू सिंह का नाम सामने आया, पर लिखित शिकातय नहीं आई.

मोबाइल की CDR खंगाल रही पुलिस
मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस अब निधि तिवारी के मोबाइल की CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और डिजिटल गतिविधियों को खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगा रही कि घटना से ठीक पहले निधि की किस-किस नंबर पर बातचीत हुई थी. उनके फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप संपर्कों का पूरा ब्योरा भी जुटाया जा रहा है.

सोनू सिंह से पुलिस ने अब तक नहीं की पूछताछ
मामले में खास बात ये कि पुलिस ने अभी तक इंजीनियर सोनू सिंह से कोई पूछताछ नहीं की है. छोटी बहन ममता तिवारी का कहना है कि निधि की मौत के बाद सोनू का फोन उनके पास आया था. सोनू ने फोन पर कहा था कि वह काम में फंस गया था. ममता का कहना है कि निधि उन्हें पहले बताती थी कि सोनू की नौकरी रात 8 बजे खत्म हो जाती थी. जब निधि को अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब परिवार ने सोनू को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद अगले दिन सुबह 10 बजे के करीब सोनू का फोन आया था.

अंतिम संस्कार वाले दिन खाली मिला था घर
वहीं, पुलिस का कहना है कि जिस दिन निधि का अंतिम संस्कार हुआ था, उस दिन जांच टीम साक्ष्य जुटाने उनके घर गई थी. हालांकि, वहां कोई भी मौजूद नहीं था, जिसके कारण पुलिस टीम को बिना कार्रवाई वापस लौटना पड़ा. अब पुलिस दोबारा मौके पर जाकर साक्ष्य और तथ्य जुटाने की कोशिश में जुटी है.

स्टार बनना चाहती थी निधि, लाखों में थे फॉलोअर्स
निधि तिवारी सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं. उनके फेसबुक पर 9.28 लाख से अधिक और इंस्टाग्राम पर करीब 7.12 लाख फॉलोअर्स थे. उनकी बहन ममता तिवारी के अनुसार, निधि स्टार बनना चाहती थीं. ‘बिग बॉस’ में जाना चाहती थीं. मौत से ठीक पहले की निधि की भावुक सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि मोबाइल, CDR, सोशल मीडिया और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी.



Source link