भागलपुर में फिर विवादों में गोपाल मंडल का परिवार, अब बेटे आशीष मंडल का पुलिस जवान से भिड़ने का वीडियो वायरल

भागलपुर में फिर विवादों में गोपाल मंडल का परिवार, अब बेटे आशीष मंडल का पुलिस जवान से भिड़ने का वीडियो वायरल


Last Updated:

Bhagalpur News: जेडीयू से निष्कासित पूर्व विधायक गोपाल मंडल और उनके पुत्र की दबंगई कम होने का नाम नहीं ले रही है. 2 दिन पहले ही गोपाल मंडल की दबंगई का मामला सामने आया था, अब उनके पुत्र आशीष मंडल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह विक्रमशिला सेतु पर तैनात एक पुलिस जवान से भिड़ते नजर आ रहे हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िये.

Zoom

गोपाल मंडल के बेटे आशीष मंडल का नया विवाद, विक्रमशिला सेतु पर पुलिसकर्मी से भिड़ंत का दावा

बिहार के भागलपुर में जेडीयू से निष्कासित पूर्व विधायक गोपाल मंडल का परिवार एक बार फिर विवादों में है. दो दिन पहले पूर्व विधायक से जुड़ा विवाद सामने आने के बाद अब उनके बेटे आशीष मंडल का एक वीडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज के पास गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर आशीष मंडल और एक पुलिस जवान के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि न्यूज 18 नहीं करता है.

विक्रमशिला सेतु पर ओवरटेकिंग को लेकर विवाद

वायरल वीडियो को लेकर किए जा रहे दावों के मुताबिक, घटना विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज के पास की है. यहां गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर पूर्व विधायक के बेटे और पुलिस जवान के बीच विवाद शुरू हुआ. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दोनों के बीच भिड़ंत की स्थिति बन गई. घटना के दौरान पुलिसकर्मी मोबाइल से वीडियो बना रहा था. आरोप है कि इसी बात को लेकर आशीष मंडल ने उसका मोबाइल छीनकर फेंक दिया. बताया जा रहा है कि इसी घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

जमीन विवाद में जेल जा चुके हैं आशीष मंडल

बता दें कि पूर्व विधायक के बेटे आशीष मंडल का नाम इससे पहले भी आपराधिक मामले में सामने आ चुका है. जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में गोली चलाने के आरोप के बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था. आशीष मंडल का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब दो दिन पहले उनके पिता और पूर्व विधायक गोपाल मंडल से जुड़ा एक और विवाद चर्चा में था. गोपाल मंडल पहले भी अपने बयानों और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. अब बेटे का वीडियो सामने आने के दावे ने एक बार फिर उनके परिवार को चर्चा में ला दिया है.

कानून के राज पर उठ रहे सवाल

बिहार में जहां सरकार कानून के राज का दावा कर रही है, वहीं इस तरह की घटनाएं पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही हैं. एक तरफ आम लोगों को ट्रैफिक नियमों के नाम पर रोका जाता है, तो वहीं पूर्व विधायक और उनके बेटे द्वारा पुलिस जवान से ही भिड़ंत और मोबाइल छीनकर फेंकने जैसी घटना गंभीर है. अब देखना है कि इस वायरल वीडियो पर भागलपुर पुलिस क्या कार्रवाई करती है. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पिता-पुत्र की दबंगई की निंदा कर रहे हैं.



Source link