GDP vs Share Market: जीडीपी बम-बम, फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन धुआंधार, फिर आपका पैसा क्यों नहीं बढ़ रहा?

GDP vs Share Market: जीडीपी बम-बम, फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन धुआंधार, फिर आपका पैसा क्यों नहीं बढ़ रहा?


जीडीपी 7.8%, अगस्त में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन 8% और मैन्युफैक्चरिंग 9%… जब ये आंकड़े आप भी देखते होंगे तो मन में सवाल आता होगा क‍ि भारत इतनी तेजी से तरक्‍की कर रहा है. इकॉनमी के मोर्चे पर चारों ओर से गुड न्‍यूज आ रही हैं तो फ‍िर शेयर मार्केट में आपका पैसा क्‍यों नहीं बढ़ रहा? आपके पैसे पर इंट्रेस्‍ट कम क्‍यों होता जा रहा है? आप पैसा जहां भी लगाएं, डूबता ही जा रहा है. इसके पीछे की वजह दोनों के नेचर में है. दोनों में एक बड़ा फर्क है, ज‍िसे समझना जरूरी है.

GDP का 7.8% बढ़ना बताता है क‍ि देश की इकॉनमी प‍िछले साल के मुकाबले 7.8 फीसदी की दर से बढ़ी है. मान लीजिए एक गांव में किसान गेहूं उगाता है. डेयरी वाला दूध बेचता है, दर्जी कपड़े सिलता है. मैकेनिक ट्रैक्टर ठीक करता है. दुकानदार सामान बेचता है और मोबाइल कंपनी गांव में अपनी सेवा देती है. इसी तरह फैक्ट्री में सामान बनता है और बैंक लोगों को कर्ज से लेकर दूसरी सेवाएं देते हैं. यानी गांव में एक साल के दौरान जितना सामान और जितनी सेवाएं तैयार हुईं, उनकी कुल आर्थिक कीमत को मोटे तौर पर उस गांव की GDP समझ सकते हैं. यही ह‍िसाब पूरे देश के ल‍िए लगाया जाता है. पिछले साल इसी तिमाही में GDP की वृद्धि दर 6.9% थी. यानी अर्थव्यवस्था की रफ्तार 6.9% से बढ़कर 7.8% हो गई.

तो फिर दिक्कत कहां है?

फैक्ट्री में माल बनना और कंपनी का मुनाफा बढ़ना एक बात नहीं. मान लीजिए किसी कंपनी ने पिछले साल 100 ट्रैक्टर बनाए थे. इस साल उसने 125 ट्रैक्टर बना दिए. मतलब उत्पादन 25% बढ़ गया. लेकिन अगर उसी दौरान स्टील, बिजली, डीजल, मजदूरी और कर्ज की लागत इतनी बढ़ गई कि कंपनी को हर ट्रैक्टर पर पहले से कम मुनाफा मिला, तो उत्पादन बढ़ने के बावजूद कंपनी का मुनाफा उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ेगा. और शेयर बाजार इसी मुनाफे को बहुत ध्यान से देखता है. यही वजह है कि IIP के आंकड़े अच्छे होना शेयर बाजार के लिए अच्छी खबर जरूर है, लेकिन यह अपने आप शेयर कीमत बढ़ने की गारंटी नहीं है.

अगस्त में IIP 8% बढ़ा. मैन्युफैक्चरिंग 9% बढ़ी. लेकिन इसी आंकड़े के अंदर एक दिलचस्प अंतर भी है. कैपिटल गुड्स का उत्पादन 16.9% और इंटरमीडिएट गुड्स 13.7% बढ़े, जबकि कंज्यूमर नॉन-ड्यूरेबल्स यानी रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले कई सामानों का उत्पादन सिर्फ 2.1% बढ़ा. मतलब फैक्ट्रियों में मशीनरी, उपकरण और दूसरे उत्पादन से जुड़े सामान की गतिविधि काफी तेज है, लेकिन हर हिस्से में आम ग्राहक की मांग उसी रफ्तार से नहीं बढ़ रही.

इकॉनमी की तरह आपकी जेब क्‍यों नहीं भर रही

GDP पूरे देश का औसत आर्थिक आंकड़ा है. इसका मतलब यह नहीं कि हर परिवार की आय 7.8% बढ़ गई. इसे ऐसे समझिए क‍ि गांव में 100 लोग हैं. उनमें से 10 लोगों की कमाई बहुत तेजी से बढ़ गई और बाकी 90 लोगों की कमाई थोड़ी बढ़ी या लगभग उतनी ही रही. पूरे गांव की औसत कमाई बढ़ सकती है.

GDP भी अर्थव्यवस्था का बड़ा आंकड़ा है. इसमें करोड़ों लोगों, लाखों कंपनियों और अलग-अलग सेक्टर की गतिविधियां शामिल होती हैं. इसलिए GDP 7.8% बढ़ने का मतलब यह नहीं कि आपकी सैलरी, बचत या बैंक बैलेंस भी 7.8% बढ़ गया. और शेयर बाजार तो इससे भी अलग चीज है.

शेयर बाजार आज की GDP नहीं, कल का मुनाफा देखता है. मान लीजिए किसी कंपनी ने आज बहुत अच्छा उत्पादन किया. शेयर बाजार पूछेगा क‍ि अच्छा, लेकिन अगले साल कंपनी कितना कमाएगी? अगर बाजार को लगता है कि कंपनी की बिक्री बढ़ेगी, लागत घटेगी और मुनाफा तेजी से बढ़ेगा, तो शेयर ऊपर जा सकता है. लेकिन अगर बाजार को लगे कि कच्चा माल महंगा हो रहा है, ब्याज दर बढ़ सकती है, डॉलर महंगा हो रहा है या तेल के दाम बढ़ रहे हैं, तो GDP की अच्छी खबर के बावजूद शेयर दबाव में आ सकता है.

कहां से आ रहा झटका

सबसे बड़ा झटका कच्चे तेल से मिल रहा है. 29 सितंबर 2026 को ब्रेंट क्रूड करीब 107 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया. उसी दिन भारतीय शेयर बाजार दबाव में रहा और निफ्टी करीब 22,606 के आसपास था. रॉयटर्स के मुताबिक तेल महंगा होने से भारत में महंगाई, व्यापार घाटे और कंपनियों के मुनाफे पर दबाव की चिंता बढ़ी.

भारत बड़ी मात्रा में कच्चा तेल बाहर से खरीदता है. तेल महंगा हुआ तो पेट्रोल-डीजल, परिवहन, प्लास्टिक, केमिकल और कई दूसरे कारोबारों की लागत बढ़ सकती है. किसान के खेत तक खाद पहुंचाने से लेकर शहर की फैक्ट्री तक सामान पहुंचाने का खर्च बढ़ सकता है. कंपनी के सामने दो रास्ते होते हैं. या तो दाम बढ़ाए या फ‍िर अपना मुनाफा कम करे. दाम बढ़ाती है तो ग्राहक पर बोझ पड़ सकता है. दाम नहीं बढ़ाती तो मुनाफे पर असर पड़ सकता है. यही डर शेयर बाजार को परेशान करता है.

दूसरा बड़ा कारण रुपया कमजोर हो रहा है. 29 सितंबर को रुपया डॉलर के मुकाबले 96 के पार चला गया. Reuters के मुताबिक बढ़ते तेल दाम और पोर्टफोलियो निवेश की निकासी ने रुपये पर दबाव बढ़ाया. सितंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से करीब 3.7 अरब डॉलर निकाले हैं. रुपये का कमजोर होना हर कंपनी के लिए बुरा नहीं होता. निर्यात करने वाली कुछ कंपनियों को फायदा भी हो सकता है. लेकिन भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश में कमजोर रुपया तेल खरीद को महंगा बना सकता है. और विदेशी निवेशक जब भारत से पैसा निकालकर डॉलर में जाते हैं, तो शेयर बाजार पर बिक्री का दबाव बढ़ता है. विदेशी निवेशक पैसा निकालें तो GDP अच्छी होने के बावजूद बाजार गिर सकता है

अमेरिका की ब्याज दर, डॉलर, बॉन्ड यील्ड सब न‍िकाल रहे द‍िवाला

बाजार की चाल सिर्फ भारत की GDP से तय नहीं होती. अमेरिका की ब्याज दर, डॉलर, बॉन्ड यील्ड, तेल, युद्ध और विदेशी निवेश सबका असर पड़ता है. ब्याज दर बढ़ने का डर भी बाजार को रोकता है. अगर तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने का डर पैदा होता है तो केंद्रीय बैंक के सामने चुनौती आती है.

बाजार में अभी यह चिंता भी है कि महंगाई और कमजोर रुपये को देखते हुए RBI आगे ब्याज दरों पर सख्ती कर सकता है. मजबूत आर्थिक वृद्धि और बढ़ते मूल्य दबाव के बीच अक्टूबर की बैठक में दर बढ़ने की बाजार में चर्चा बढ़ी है. ब्याज दर बढ़ती है तो कर्ज महंगा हो सकता है. कंपनियों के लिए कर्ज महंगा मतलब ब्याज का खर्च बढ़ना. इससे न‍िवेशक बैंक एफडी या बॉन्‍ड में पैसा लगाना ज्‍यादा पसंद करते हैं. इसलिए शेयर बाजार पर दबाव आ सकता है.

फिर क्या GDP और IIP के अच्छे आंकड़े बेकार हैं?

बिल्कुल नहीं. असल में ये आंकड़े बताते हैं कि अर्थव्यवस्था के अंदर उत्पादन और निवेश की ताकत मौजूद है. पहली तिमाही में मैन्युफैक्चरिंग GVA 9.2% बढ़ा और निवेश 11.9% बढ़ा. अगस्त में IIP 8%, मैन्युफैक्चरिंग 9% और बिजली-गैस 12.3% बढ़े. यानी फैक्ट्रियों में काम हो रहा है, मशीनें चल रही हैं, उत्पादन बढ़ रहा है और कंपनियां निवेश भी कर रही हैं.

लेकिन शेयर बाजार को अब अगला सवाल चाहिए क‍ि क्या इस उत्पादन से कंपनियों का मुनाफा भी उतनी तेजी से बढ़ेगा? अगर इसका जवाब आने वाली तिमाहियों में हां होता है तो GDP और IIP की मजबूती का असर कंपनियों की कमाई में दिख सकता है. लेकिन अगर तेल 100 डॉलर से ऊपर बना रहता है, रुपया दबाव में रहता है, ब्याज दर बढ़ती है और कंपनियों की लागत बढ़ती है, तो अर्थव्यवस्था मजबूत होने के बावजूद शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है.



Source link