Last Updated:
POK Protest News: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ छात्रों का गुस्सा बढ़ रहा है. मुजफ्फराबाद, मीरपुर, कोटली और धीरकोट में यूनिवर्सिटी और कॉलेज के छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं. वे कथित पुलिस कार्रवाई, सेना की ज्यादती और राजनीतिक दबाव के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं.
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में प्रदर्शन. Photo- News18.com
POK Protest News: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ गुस्सा अब कॉलेज और यूनिवर्सिटी तक पहुंच गया है. मुजफ्फराबाद, मीरपुर, कोटली और धीरकोट जैसे शहरों में छात्र सड़कों और कैंपस में उतरकर विरोध कर रहे हैं. जेन-Z छात्रों ने पाकिस्तानी सेना पर आम लोगों के साथ ज्यादती करने, पुलिस कार्रवाई और राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि इलाके के लोगों को अपने बुनियादी अधिकार मिलने चाहिए और सरकारी कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए. यह विरोध जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JKJAAC) की नई अपील के बाद तेज हुआ है. कमेटी की आवाज पर अलग-अलग शहरों के छात्र एक साथ प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे साफ है कि PoK में लंबे समय से चल रहा सरकार विरोधी गुस्सा अब युवा पीढ़ी के बीच भी फैल रहा है.
कोटली से मीरपुर तक यूनिवर्सिटी में प्रदर्शन
कोटली यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में छात्र जमा हुए. उन्होंने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर आम नागरिकों के खिलाफ सख्ती और लगातार दबाव बनाने के आरोप लगाए. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की कि सरकारी कार्रवाई के दौरान हुई हिंसा की जवाबदेही तय हो और लोगों को उनके बुनियादी अधिकार दिए जाएं. मीरपुर में भी विरोध देखने को मिला. यहां मीरपुर यूनिवर्सिटी का छठा स्टूडेंट एक्सपो चल रहा था. आम तौर पर इस तरह के कार्यक्रम में पढ़ाई, छात्रों की उपलब्धियों और दूसरे शैक्षणिक कामों पर चर्चा होती है, लेकिन इस बार कार्यक्रम में राजनीतिक विरोध के नारे गूंजने लगे. छात्रों ने PoK के लोगों के अधिकारों की मांग कर रहे आंदोलनों को समर्थन दिया. धीरकोट में भी छात्रों ने पाकिस्तानी सेना पर ज्यादती के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन जारी रखा. इलाके में सुरक्षा निगरानी बढ़ाए जाने के बावजूद छात्र पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे.
मुजफ्फराबाद में कॉलेज के बाहर भारी पुलिस तैनात
छात्रों के बढ़ते विरोध को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है. PoK की राजधानी मुजफ्फराबाद में मुजफ्फराबाद डिग्री कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. प्रशासन की कोशिश है कि छात्रों की भीड़ मुख्य सड़कों तक न पहुंचे और शहर में विरोध और न फैले. यह सख्ती ऐसे समय बढ़ाई गई है, जब PoK में कई महीनों से सरकार और सुरक्षा बलों के खिलाफ विरोध चल रहा है. 2026 के मध्य से जम्मू कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी के नेतृत्व में कई बार प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच टकराव हुआ है. जून में अधिकारियों ने इस कमेटी पर आतंकवाद विरोधी कानूनों के तहत प्रतिबंध लगा दिया था. इसके बावजूद कमेटी से जुड़ी मांगों और विरोध का असर कम नहीं हुआ.
किन मांगों को लेकर भड़का गुस्सा?
PoK में चल रहे आंदोलन के पीछे कई मुद्दे हैं. प्रदर्शनकारी राजनीतिक सुधारों की मांग कर रहे हैं. वे विधानसभा की आरक्षित सीटें खत्म करने, इलाके की आर्थिक अनदेखी रोकने और संचार सेवाओं पर लगने वाली पाबंदियां हटाने की मांग भी उठा रहे हैं. आंदोलन से जुड़े लोगों का आरोप है कि इलाके के साथ भेदभाव किया जा रहा है और लोगों की आवाज दबाने के लिए सुरक्षा बलों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
रावलाकोट में मौतों के बाद और बढ़ा गुस्सा
नवंबर में रावलाकोट में हुए टकराव ने लोगों की नाराजगी और बढ़ा दी. इन झड़पों में कई प्रदर्शनकारियों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए. इसके बाद विरोध और तेज हो गया. अब छात्र भी इस आंदोलन में खुलकर शामिल हो रहे हैं. अलग-अलग शहरों के कॉलेज और यूनिवर्सिटी में एक साथ प्रदर्शन होना इस बात का संकेत है कि PoK में सरकार के खिलाफ नाराजगी अब नई पीढ़ी तक पहुंच चुकी है.