Moon Soil Potato: सोचिए, एक समय इंसान चांद पर रहने लगें और वहां भूख लगने पर उन्हें खाने में आलू टिक्की, फ्रेंच फ्राइज या गर्मागर्म बेक्ड पोटैटो मिल जाए. अभी यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लग सकता है, लेकिन वैज्ञानिक इस सपने को सच करने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं. अमेरिका में रिसर्च कर रहे वैज्ञानिकों ने चांद की मिट्टी जैसी जमीन में आलू उगाने में सफलता हासिल की है. खास बात यह है कि इन आलुओं में पोषण भी है और जांच में इन्हें खाने के लिए सुरक्षित पाया गया है. इस प्रयोग के पीछे मकसद भविष्य में चांद पर रहने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के लिए वहीं भोजन उगाने का रास्ता तैयार करना है, ताकि धरती से न ले जाना पड़े. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस रिसर्च को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने सपोर्ट किया है. वैज्ञानिकों ने ‘मोडोक’ नाम की आलू की किस्म पर प्रयोग किया. यह जल्दी तैयार होने वाली किस्म है, जिसके छिलके लाल और अंदर का हिस्सा सफेद होता है.
चांद की मिट्टी में अपने आप नहीं उग सकते आलू
चांद की सतह पर जो मिट्टी दिखाई देती है, उसे वैज्ञानिक भाषा में ‘लूनर रेगोलिथ’ कहा जाता है. यह असल में करोड़ों-अरबों साल तक उल्कापिंडों के टकराने से बनी चट्टानों और धूल का मिश्रण है. इसमें छोटे-छोटे नुकीले कण भी होते हैं. सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि इसमें धरती की मिट्टी की तरह जैविक पदार्थ और जरूरी पोषक तत्व नहीं होते. वैज्ञानिकों ने इसी समस्या का हल खोजने के लिए मिट्टी में एक खास जैविक खाद मिलाई. इसे ‘वर्मी कम्पोस्ट’ कहते हैं. भारत में यह देसी खाद के तौर पर लोग बनाते हैं और खेतों में डालते हैं. यह केंचुओं की मदद से जैविक कचरे को सड़ाकर तैयार की जाती है. रिसर्च में पता चला कि बिना इस खाद के चांद जैसी मिट्टी में आलू ठीक से नहीं उगते. ऐसे पौधों में न तो जड़ें ठीक से बनीं और न ही आलू विकसित हो पाए. लेकिन जब वैज्ञानिकों ने मिट्टी में 5 फीसदी वर्मी कम्पोस्ट मिलाई, तो पौधों में जड़ें और आलू बनने लगे. सबसे अच्छा नतीजा तब मिला, जब मिश्रण में 30 फीसदी वर्मी कम्पोस्ट और 70 फीसदी चांद जैसी मिट्टी रखी गई. इस मिश्रण में उगे आलुओं की पैदावार उतनी ही रही, जितनी धरती की अच्छी मिट्टी में उगे आलुओं की थी.
चांद जैसी मिट्टी में उगे आलू.
अंतरिक्ष यात्रियों के लिए क्यों खास?
आलू को अंतरिक्ष यात्रियों के भोजन के लिए एक अच्छा विकल्प माना जा रहा है. इसकी वजह सिर्फ इसका स्वाद नहीं, बल्कि इसमें मिलने वाला पोषण भी है. इस रिसर्च का नेतृत्व करने वाले ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी के प्लांट बायोलॉजिस्ट आयमेरिक गोयेर के मुताबिक, आलू कम जमीन में दूसरी कई फसलों के मुकाबले ज्यादा कैलोरी दे सकते हैं. इनमें केले से ज्यादा पोटैशियम होता है. साथ ही विटामिन सी और अच्छा प्रोटीन भी मिलता है. आलू खाने के बाद पेट भी लंबे समय तक भरा महसूस होता है. यानी चांद पर कम जगह में ऐसी फसल उगाई जा सकती है, जो अंतरिक्ष यात्रियों को अच्छी मात्रा में ऊर्जा और पोषण दे. वैज्ञानिकों ने इन आलुओं को ग्रीनहाउस में उगाया. वहां दिन में तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और रात में 18 डिग्री सेल्सियस रखा गया. पौधों को सूरज की रोशनी के साथ कृत्रिम रोशनी भी दी गई.
क्या वैज्ञानिकों ने चांद वाले आलू खाए?
यह सवाल सबसे दिलचस्प है. आखिर चांद की मिट्टी में उगे आलू खाने में कैसे होंगे? रिसर्च का नेतृत्व करने वाले आयमेरिक गोयेर ने बताया कि वैज्ञानिकों ने अभी तक इन आलुओं को चखा नहीं है. जो आलू तैयार हुए, उन्हें लैब में जांच के लिए इस्तेमाल किया गया. पहले प्रयोग में छोटे गमलों का इस्तेमाल किया गया था. इसलिए आलू भी छोटे ही बने. ज्यादातर का वजन 10 ग्राम से कम था. हालांकि, वैज्ञानिक अब बड़े गमलों में आलू उगाने पर दूसरा अध्ययन कर रहे हैं. गोयेर के मुताबिक, इस बार उन्हें बाजार में मिलने वाले आकार के आलू भी मिले हैं.
चांद की मिट्टी में क्या है खतरा
आलू उगाने में सिर्फ पोषक तत्वों की कमी ही परेशानी नहीं है. चांद की मिट्टी में तांबे जैसी भारी धातुओं की मात्रा भी ज्यादा हो सकती है. इनके कारण पौधों में जहरीले तत्व जमा होने का खतरा रहता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, जैविक खाद इन भारी धातुओं को पौधों के लिए कम नुकसानदायक बनाती है. इससे पौधे जरूरत से ज्यादा भारी धातुएं अपने अंदर जमा नहीं करते. आलू के अलावा दूसरी फसलों पर भी प्रयोग चल रहे हैं. मार्च में आई एक रिसर्च में चांद जैसी मिट्टी में वर्मी कम्पोस्ट मिलाकर चने उगाने की जानकारी दी गई थी. वैज्ञानिक टमाटर, सलाद के पत्ते और अल्फाल्फा जैसी फसलों पर भी काम कर रहे हैं.
चांद पर आलू उगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है?
अमेरिका और चीन आने वाले वर्षों में अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर भेजने की तैयारी कर रहे हैं. दोनों देशों की योजना वहां लंबे समय तक काम करने वाले ठिकाने बनाने की है. लेकिन इन ठिकानों पर रहने वाले लोगों के लिए हर बार धरती से खाना भेजना आसान नहीं होगा. इसमें बहुत खर्च आएगा और हर जरूरत के लिए पृथ्वी से सामान पहुंचाना भी मुश्किल होगा. ऐसे में अगर अंतरिक्ष यात्री चांद पर ही सब्जियां और दूसरी फसलें उगा सकें, तो वहां लंबे समय तक रहना आसान हो सकता है. वैज्ञानिकों का मानना है कि इस रिसर्च का फायदा सिर्फ अंतरिक्ष तक सीमित नहीं रहेगा. ऐसी तकनीक से धरती के उन इलाकों में भी खेती को बेहतर बनाया जा सकता है, जहां मिट्टी खराब है या खेती के लिए जरूरी चीजों की कमी है.
अब चांद पर बनेगी आलू टिक्की और फ्रेंच फ्राइज?
चांद पर आलू उगाने की बात सुनकर 2015 की फिल्म ‘द मार्शियन’ भी याद आती है. इसमें अभिनेता मैट डेमन का किरदार मंगल ग्रह पर फंस जाता है और जिंदा रहने के लिए आलू उगाता है. अब वैज्ञानिकों की कोशिश चांद पर भी ऐसा ही रास्ता बनाने की है. रिसर्च से जुड़े आयमेरिक गोयेर का कहना है कि आलू से कई तरह के पकवान बनाए जा सकते हैं. उनसे पूछा गया कि क्या भविष्य में चांद पर फ्रेंच फ्राइज, बेक्ड पोटैटो, आलू टिक्की और सूप मिल सकता है? उनका जवाब था- हां, ये सभी चीजें बन सकती हैं. हालांकि, आसानी से खाना तैयार करने के लिहाज से माइक्रोवेव में आलू पकाना बेहतर हो सकता है.