Margashirsha Month 2026 Start Date: मार्गशीर्ष माह हिंदू कैलेंडर का 9वां महीना है. मार्गशीर्ष को अगहन भी कहते हैं. यह एक बहुत ही पवित्र और पुण्य फलदायी मास होता है. यह भगवान श्रीकृष्ण का सबसे प्रिय महीना भी है. श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 10, श्लोक 35 में मार्गशीर्ष माह के महत्व का उल्लेख है, जिस में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- मासानां मार्गशीर्षोऽहम् यानी महीनों में मैं मार्गशीर्ष हूं. इस महीने की पूर्णिमा तिथि पर मृगशिरा नक्षत्र होता है, जिसमें चंद्रमा की उपस्थिति होती है. इस नक्षत्र की वजह से ही इस महीने का नाम मार्गशीर्ष पड़ा है. इस बार सर्वार्थ सिद्धि योग में मार्गशीर्ष का प्रारंभ हो रहा है. वैसे हिंदू कैलेंडर के हर माह का नाम पूर्णिमा के दिन आने वाले नक्षत्र के नाम पर ही रखा गया है.
मार्गशीर्ष माह कब से है?
वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 24 नवंबर, दिन मंगलवार को रात 8 बजकर 23 मिनट पर शुरू होगी. इस तिथि का समापन 25 नवंबर, दिन बुधवार को शाम 4 बजकर 50 मिनट पर होगा. ऐसे में उदयातिथि के आधार पर मार्गशीर्ष माह का प्रारंभ 25 नवंबर, बुधवार से हो रहा है.
3 शुभ योग में मार्गशीर्ष माह का प्रारंभ
इस साल मार्गशीर्ष माह का शुभारंभ 3 शुभ योग में हो रहा है. मार्गशीर्ष माह के पहले दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, शिव योग और सिद्ध योग बन रहे हैं. सर्वार्थ सिद्धि योग पूरे दिन रहेगा. वहीं शिव योग प्रात:काल से लेकर दोपहर 12:00 पी एम तक रहेगा, उसके बाद से सिद्ध योग शुरू हो जाएगा.
सर्वार्थ सिद्धि योग में आप कोई भी शुभ काम कर सकते हैं, जिसमें आपको सफलता प्राप्त होगी. वहींं शिव योग जप, तप, पूजा, साधना आदि के लिए उत्तम माना जाता है, जबकि सिद्ध योग भी कार्यों की सफलता के लिए शुभ माना जाता है.
मार्गशीर्ष माह के पहले दिन रोहिणी नक्षत्र प्रात:काल से लेकर रात 08 बजकर 36 मिनट तक है, उसके बाद से मृगशिरा नक्षत्र है.
मार्गशीर्ष माह का समापन कब है?
मार्गशीर्ष पूर्णिमा तिथि को मार्गशीर्ष माह का समापन होगा. पंचांग के अनुसार, इस साल मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 दिसंबर को सुबह में 10 बजकर 47 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 24 दिसंबर को सुबह में 6 बजकर 57 मिनट पर होगा. ऐसे में मार्गशीर्ष पूर्णिमा 23 दिसंबर को है, तो मार्गशीर्ष माह का समापन भी 23 दिसंबर को होगा. उसी दिन मार्गशीर्ष पूर्णिमा का व्रत, स्नान और दान भी होगा.
मार्गशीर्ष माह में किसकी पूजा करते हैं?
जैसा कि आपको पहले ही बताया है कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में कहा है कि महीनों में मैं मार्गशीर्ष माह हूं. तो इस महीने में आपको भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करनी चाहिए. श्रीकृष्ण जी भगवान विष्णु के अवतार थे, तो आप भगवान विष्णु की भी पूजा करें. इस माह में पांचजन्य शंख की पूजा करने से सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है. इस माह में माता लक्ष्मी और तुलसी की पूजा का भी विधान है. ऐसा करने से परिवार में धन-धान्य और सुख-समृद्धि आती है.
मार्गशीर्ष माह में भगवान श्रीकृष्ण या भगवान विष्णु के नाम का जाप करें या संभव हो तो उनके मंत्रों का जाप करें. भगवान की कृपा से आपके कष्ट दूर होंगे और जो भी शुभ मनोकामनाएं हैं, उनकी पूर्ति होगी.