IMD Today Weather: आज टकराएगा तूफान अकवान, 110KM की रफ्तार से आंधी, पहाड़ों में बर्फबारी; UP-पंजाब में घना कोहरा, IMD का मौसम अलर्ट

IMD Today Weather: आज टकराएगा तूफान अकवान, 110KM की रफ्तार से आंधी, पहाड़ों में बर्फबारी; UP-पंजाब में घना कोहरा, IMD का मौसम अलर्ट


Today Weather: देश के मौसम में आज एक साथ कई तरह के बदलाव देखने को मिल सकते हैं. बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ शुक्रवार यानी 20 नवंबर को ओडिशा के तट से टकराने की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक तूफान पुरी और गोपालपुर के बीच दोपहर के आसपास लैंडफॉल कर सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है. तेज झोंकों में इसकी गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. यानी समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को आज खास सतर्क रहने की जरूरत है. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें भी परेशानी बढ़ा सकती हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक अकवान का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहने वाला. पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है. बिहार में अगले दो दिनों के दौरान बारिश हो सकती है. दूसरी तरफ उत्तर भारत में ठंड के साथ कोहरा परेशानी बढ़ाएगा. दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और पंजाब में सुबह के समय विजिबिलिटी कम रह सकती है. पहाड़ी राज्यों में मौसम का अलग रंग दिखेगा. हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
पश्चिम बंगाल और झारखंड में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है. (IMD)

दिल्ली-NCR में सुबह छाएगा घना कोहरा, दिन में चलेंगी हवाएं

दिल्ली-NCR में शुक्रवार को चक्रवात जैसी स्थिति नहीं होगी लेकिन ठंड और कोहरे का असर महसूस किया जा सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी दी है. सुबह के वक्त सड़कों पर विजिबिलिटी कम हो सकती है. वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की जरूरत होगी. इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है.

20 नवंबर को प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
पटना 28°C 17°C
शिमला 19°C 7°C
मुंबई 31°C 22°C
लखनऊ 28°C 14°C
कोलकाता 24°C 22°C
भोपाल 25°C 13°C
चेन्नई 30°C 23°C
दिल्ली 26°C 12°C
नैनीताल 19°C 10°C
जयपुर 27°C 14°C

यूपी में कोहरे की चादर बढ़ाएगी मुश्किल, कई जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में ठंड के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. IMD ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 नवंबर को कोहरे की चेतावनी दी थी. इसके बाद 22 और 23 नवंबर को भी घना कोहरा छाने की आशंका है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 21 से 23 नवंबर के बीच कोहरा असर दिखा सकता है. मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, सहारनपुर, बिजनौर, बरेली, रामपुर, बदायूं, फिरोजाबाद, पीलीभीत, श्रावस्ती, सीतापुर, सोनभद्र, बुलंदशहर, हरदोई, मैनपुरी, बहराइच, आजमगढ़, प्रयागराज, गोरखपुर और गाजीपुर समेत कई जिलों में सुबह के समय सतर्क रहने की जरूरत है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

तरफ उत्तर भारत में ठंड के साथ कोहरा परेशानी बढ़ाएगा. (PTI)

बिहार में 21-22 नवंबर को बारिश के आसार, दक्षिणी हिस्सों में बदलेगा मौसम

बिहार में शुक्रवार को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 और 22 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 20 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में बारिश की आशंका है. दक्षिण-पश्चिम बिहार के सासाराम, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. वहीं दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में भी कुछ जगह बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है. जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी मौसम बदल सकता है. पटना में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

झारखंड में बारिश के साथ तेज हवाएं, कई जिलों में सतर्कता जरूरी

झारखंड में चक्रवात अकवान के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 20 नवंबर को राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. रांची, सिमडेगा, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, पाकुड़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और साहेबगंज में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. इसके अलावा 22 और 23 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. रांची में अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

पश्चिम बंगाल में बारिश और 60 KM तक की तेज हवाओं का अनुमान

पश्चिम बंगाल में 19 से 21 नवंबर के बीच गंगा के मैदानी इलाकों में कई जगह बारिश हो सकती है. 20 नवंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कोलकाता, अलीपुरद्वार, नादिया, बीरभूम, कूचबिहार, उत्तर 24 परगना और दार्जिलिंग में मौसम का असर देखने को मिल सकता है. कुछ इलाकों में भारी बारिश की आशंका भी है. कोलकाता में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

राजस्थान में फिलहाल बारिश से ज्यादा कोहरे का असर

राजस्थान में 20 नवंबर को कई इलाकों में घना कोहरा छाने की आशंका है. जयपुर, कोटा, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, बीकानेर, बूंदी, उदयपुर और अजमेर में सुबह के समय विजिबिलिटीप्रभावित हो सकती है. कुछ स्थानों पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. मौसम में बदलाव के बीच दिन और रात के तापमान में अंतर बना रह सकता है. जयपुर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

मध्य प्रदेश में ठंड और धुंध का असर, 30 KM तक चल सकती हैं हवाएं

मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को मौसम ठंडा रहने के साथ कुछ इलाकों में धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है. भोपाल, इंदौर, खंडवा, गुना, मुरैना, अशोकनगर, नीमच, मंडला, छिंदवाड़ा, कटनी, उमरिया, ग्वालियर, रीवा, सतना और पन्ना में मौसम में बदलाव की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह और रात में ठंड का एहसास ज्यादा हो सकता है.

आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश और ऊंची समुद्री लहरों का खतरा है. (IMD)

पंजाब में 22 नवंबर तक घना कोहरा, सुबह के सफर में बरतें सावधानी

पंजाब में 20 से 22 नवंबर के बीच घना कोहरा छाने की आशंका है. अमृतसर, जालंधर, पटियाला, गुरदासपुर, कपूरथला, पठानकोट, बरनाला, फाजिल्का और तरनतारन समेत कई इलाकों में सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है. चंडीगढ़ और मोहाली में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. इस दौरान हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह सकती है.

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में ठंड बढ़ेगी, पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार

  1. उत्तराखंड में 20 नवंबर को हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल में ठंड और कोहरे का असर रह सकता है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. देहरादून में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
  2. हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज और सर्द हो सकता है. बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और सोलन में ठंड बढ़ने का अनुमान है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 7 डिग्री और न्यूनतम तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटकों को स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करना चाहिए.
  3. जम्मू-कश्मीर में भी ठंड का असर बढ़ने की संभावना है. राजौरी, अनंतनाग, बारामूला, पुंछ, रामबन, कठुआ, डोडा और सांबा समेत कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

पूर्वोत्तर में बारिश का सिलसिला जारी, असम-मेघालय में भारी बारिश की आशंका

पूर्वोत्तर भारत में 20 नवंबर को भी बारिश और तेज हवाओं का असर रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 19 से 25 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 19 और 20 नवंबर को कई जगह बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. असम और मेघालय में 20 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. 21 नवंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है.

दक्षिण भारत में अकवान का सबसे ज्यादा असर, 25 नवंबर तक बारिश के आसार

दक्षिण भारत में आज मौसम का सबसे बड़ा असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में देखने को मिल सकता है. चक्रवात अकवान के पुरी और गोपालपुर के बीच तट पार करने का अनुमान है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम में भारी से अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. 20 नवंबर को हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. ओडिशा में 20 नवंबर को भारी बारिश के साथ 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. गंजाम और पुरी के तटीय इलाकों में समुद्री पानी निचले क्षेत्रों में घुसने का खतरा है. लैंडफॉल के समय समुद्री लहरें सामान्य ज्वार से करीब आधा से एक मीटर ऊपर उठ सकती हैं. मछुआरों और तटीय इलाकों के निवासियों को समुद्र से दूर रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है.

दक्षिण भारत के दूसरे हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है. IMD के मुताबिक 20 से 25 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 से 25 नवंबर के बीच भारी बारिश का अनुमान है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 और 25 नवंबर को बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में 25 नवंबर को बारिश की संभावना है. तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.



Source link