Last Updated:
आजमगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. कक्षा 6 में 140 और कक्षा 9 में 9 छात्र-छात्राओं को दाखिला मिलेगा. प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी, जबकि परिणाम 25 फरवरी को घोषित किया जाएगा. जानें आवेदन की पात्रता और पूरी प्रक्रिया.
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय निर्माण श्रमिकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए वरदान साबित हो रहा है. इन विद्यालयों में पात्र छात्र-छात्राओं को कक्षा 6 से 12 तक की निशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है. सबसे बड़ी बात है कि यहां पर बच्चों को पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ रहने, भोजन, यूनिफॉर्म और पठन-पाठन सामग्री भी मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती है, जिससे आर्थिक अभाव में बच्चों को किसी भी प्रकार की कमी महसूस ना हो. ऐसे में अटल आवासीय विद्यालय में एडमिशन प्राप्त करने के लिए श्रम विभाग के द्वारा लगातार बच्चों और अभिभावकों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है.
वहीं दूसरी ओर शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का संचालन भी शुरू हो चुका है. अटल आवासीय विद्यालय में एडमिशन लेने की प्रक्रिया और पात्रता के विषय में जानकारी देते हुए उपश्रमायुक्त आजमगढ़ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में 140 तथा कक्षा 9 में 9 छात्र-छात्राओं के प्रवेश किए जाने हैं. इसके लिए प्रवेश परीक्षा आजमगढ़ मंडल के तीनों जनपदों के चयनित केंद्रों पर 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी. वहीं परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं की जांच एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए 25 फरवरी 2027 को परीक्षा परिणाम भी घोषित किया जाएगा.
अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा 6 और 9 में मिलेगा दाखिला
उन्होंने बताया कि कोई भी निर्माण श्रमिक जो श्रम विभाग में पंजीकृत है, वह अपने बच्चों को अटल आवासीय विद्यालय में एडमिशन के लिए आवेदन कर सकता है. इसके साथ ही प्रोबेशन विभाग के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत आने वाले आश्रित व अनाथ बच्चों को भी इस योजना में शामिल किया गया है. विशेष शर्त यह है कि आवेदन करने वाले श्रमिक का पंजीकरण कम से कम 3 वर्ष पुराना और नवीनीकृत होना अनिवार्य है. इस योजना के अंतर्गत एक पंजीकृत श्रमिक के अधिकतम दो बच्चों को ही प्रवेश परीक्षा के माध्यम से विद्यालय में दाखिला उपलब्ध कराया जाता है.
निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए क्या है पात्रता?
अटल आवासीय विद्यालय में एडमिशन के लिए अभिभावकों को ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से फॉर्म भरने की सुविधा दी जाती है. इसके तहत आवेदन करने के लिए पंजीकृत श्रमिक के पहचान पत्र के साथ-साथ अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट लेकर किसी भी साइबर या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है या फिर श्रम विभाग में भी संपर्क करते हुए आवेदन कर सकते हैं.