Last Updated:
Sooji Idli Recipe: दाल-चावल से बनने वाली ऑथेंटिक इडली रेसिपी के साथ ही रवे या सूजी से भी इडली बनायी जा सकती है. इसके लिए न खमीर उठने का इंतजार करना पड़ता है और न ही घंटों भिगोने का झंझट. जानते हैं कि सूजी से कैसे फटाफट सॉफ्ट इडली बनायी जा सकती हैं.
दिल्ली. अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का, स्वादिष्ट और आसानी से बनने वाला खाना चाहते हैं, तो सूजी इडली एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे बनाने के लिए न तो ज्यादा तैयारी की जरूरत है और न ही बहुत सारी सामग्री की. घर में मौजूद सूजी, दही और कुछ सामान्य चीजों की मदद से आप आसानी से सॉफ्ट और स्वादिष्ट इडली तैयार कर सकते हैं. सुषमा तिवारी ने सूजी इडली बनाने की आसान रेसिपी बताई है, जिसे आप सुबह के नाश्ते या शाम के स्नैक्स में बना सकते हैं.
सूजी और दही से तैयार करें बैटर
सूजी इडली बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में सूजी लें और उसमें स्वादानुसार नमक मिलाएं. इसके बाद जरूरत के हिसाब से दही डालें. ध्यान रखें कि दही बहुत ज्यादा न हो, वरना बैटर खट्टा हो सकता है. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. बैटर को करीब एक मिनट तक फेंटना है, ताकि उसमें गांठें न रहें. ध्यान रहे कि बैटर न तो बहुत पतला हो और न ही ज्यादा गाढ़ा. इसकी कंसिस्टेंसी सामान्य इडली के बैटर जैसी होनी चाहिए.
इडली बनाने से पहले बैटर में मिलाएं ईनो
बैटर तैयार होने के बाद इसे कुछ देर के लिए रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए. इसके बाद इसमें ईनो डालकर अच्छी तरह मिला लें. इससे इडली बनाने के लिए बैटर तैयार हो जाएगा. अब इडली के सांचे लें और उनमें थोड़ा रिफाइंड ऑयल लगाएं. सुषमा तिवारी बताती हैं कि सांचे में तेल लगाने से इडली चिपकती नहीं है और आसानी से बाहर निकल आती है. इसके लिए आप अपनी पसंद का कोई भी तेल इस्तेमाल कर सकते हैं.
20 मिनट में तैयार हो जाएगी सॉफ्ट इडली
अब इडली के सांचों में बैटर डालें. दूसरी तरफ एक बर्तन में पहले से पानी गर्म कर लें और उसके ऊपर इडली स्टैंड रखकर ढक्कन बंद कर दें. करीब 20 मिनट तक भाप में पकाने के बाद सूजी इडली तैयार हो जाएगी. इसे सांचे से निकालने के लिए चाकू की मदद ले सकते हैं. तेल लगाने की वजह से इडली आसानी से बाहर निकल आती है.
चटनी के साथ खाएं या फ्राई करके लें स्वाद
सूजी इडली को आप नारियल की चटनी या अपनी पसंद की किसी दूसरी चटनी के साथ खा सकते हैं. अगर कुछ अलग स्वाद चाहिए, तो तैयार इडली को छोटे टुकड़ों में काटकर हल्का फ्राई भी कर सकते हैं. यह रेसिपी उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है, जो कम समय में नाश्ते या शाम के स्नैक्स के लिए कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं.