Last Updated:
Uttar Pradesh Elections Updates Live: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद 20 नवंबर को अयोध्या के पंडितपुर में जनसभा करेंगे. बीकापुर स…और पढ़ें
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से जुड़ी दिनभर के अपडेट्स यहां पढ़ें.
Uttar Pradesh Assembly Elections Updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. सत्ताधारी बीजेपी जहां तमाम बैठकों के जरिए चुनाव की प्लानिंग में लगी है, सीएम योगी आदित्यनाथ ताबड़तोड़ जनसभाएं और योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने में लगे हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी अपने स्तर पर माहौल बनाने में जुटी हैं. वहीं अकेले दमखम ठोकने का दावा कर रहीं मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 20 नवंबर को अयोध्या से चुनावी अभियान को धार देने की कोशिश करेगी. पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद सोहावल क्षेत्र के पंडितपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. यह जनसभा बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होगी.
आकाश आनंद सुबह 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल और पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू उनका स्वागत करेंगे. जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. विश्वनाथ पाल कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं.
बीकापुर से जितेंद्र सिंह बबलू हो सकते हैं उम्मीदवार
बीकापुर सीट से पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को बसपा प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है. प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि बसपा किसी भी राजनीतिक दल से गठबंधन नहीं करेगी. पार्टी का गठबंधन जनता के साथ होगा. उन्होंने भाजपा पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि बसपा जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी. जनसभा के बाद अयोध्या की चारों विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के संकेत भी दिए गए हैं.
महिला वोटरों को साधने में जुटी बीजेपी
उधर, बीजेपी ने महिला वोटरों को साधने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है. लखनऊ में बीजेपी महिला मोर्चा की बड़ी बैठक और कार्यशाला आयोजित की गई है. इसमें सभी 403 विधानसभा सीटों पर महिला विस्तारक तैनात करने की रणनीति पर चर्चा होगी. कार्यशाला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे.
मतदाता सूची अभियान का आज अंतिम दिन
वहीं, मतदाता सूची के विशेष सत्यापन अभियान का 20 नवंबर को अंतिम दिन है. निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मतदाता सूची की खामियां दूर करने, नए नाम जुड़वाने और मौजूदा विवरण में संशोधन का मौका दिया गया है.
November 20, 202611:29 IST
UP Chunav Updates: गोरखपुर में टैबलेट वितरण कार्यक्रम, सीएम के साथ मंच पर कमलेश पासवान
UP Chunav Updates: गोरखपुर: टैबलेट वितरण कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, सीएम योगी के साथ मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत सांसद विधायक मौजूद, गोरखपुर के चंपादेवी पार्क में आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम में 50,000 से अधिक छात्र, छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किया जाएगा. टैबलेट वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, छात्राएं एवं प्रशिक्षणार्थी पहुंचे हैं.
November 20, 202611:07 IST
UP Chunav Updates: योगी का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा के काफिले की वजह से गई मासूम की जान
UP Chunav Updates: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में बीजेपी की जन चौपाल के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सपा को प्रदेश की सबसे अराजक, भ्रष्ट और गुंडों वाली पार्टी बताया. योगी ने आरोप लगाया कि बुधवार को अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान उनके काफिले की वजह से एक मासूम बच्चे की जान चली गई. उन्होंने सपा के शासनकाल में माफिया को राजनीतिक संरक्षण मिलने और सांप्रदायिक दंगों का भी आरोप लगाया. कोसीकलां, मुजफ्फरनगर और जवाहरबाग हिंसा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने अपराध और माफिया नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है. योगी ने गोरखपुर में हुए विकास का भी उल्लेख किया.
November 20, 202611:00 IST
UP Elections Live Updates: यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी JDU, संगठन मजबूत करने की कवायद
UP Elections Live Updates: जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी उन सीटों की पहचान कर रही है, जहां वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है. जदयू का मुख्य फोकस पूर्वांचल पर है, लेकिन पश्चिमी यूपी में भी संगठन मजबूत किया जा रहा है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजीव रंजन प्रसाद ने बताया कि जदयू एनडीए के घटक दल के रूप में चुनाव लड़ने पर विचार कर रही है. बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार को यूपी का प्रभारी और पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा को सह-प्रभारी बनाया गया है. दयानंद राय पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी संभालेंगे. जदयू ने 2022 में 27 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन खाता नहीं खोल सकी थी.
November 20, 202608:15 IST
UP Election News Live: पूर्वांचल के पिछड़ेपन के लिए सपा-कांग्रेस जिम्मेदार: पंकज चौधरी
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन के लिए सपा और कांग्रेस की पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराया. गोरखपुर के कैंपियरगंज में राज्य के पहले वानिकी एवं उद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इन सरकारों ने पूर्वांचल का इस्तेमाल सिर्फ राजनीति के लिए किया. बाढ़, बेरोजगारी और पलायन की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने सपा-बसपा सरकारों पर भी क्षेत्र को बीमारी और अभाव में छोड़ने का आरोप लगाया. चौधरी ने कहा कि नया विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध का केंद्र बनेगा. इससे कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को रोजगार के साथ कारोबार के नए अवसर मिलेंगे.
November 20, 202607:25 IST
UP Assembly Elections 2027: SSR अभियान को लेकर ब्रजेश पाठक ने की बैठक, कार्यकर्ताओं को घर-घर पहुंचने के निर्देश
लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SSR) को लेकर बैठक हुई. इसमें कैंट विधानसभा क्षेत्र में अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना पर चर्चा की गई. बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों ने हिस्सा लिया. ब्रजेश पाठक ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण और सभी पात्र नागरिकों के नाम इसमें शामिल कराने पर जोर दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं को नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने और जरूरी प्रपत्र भरवाने के निर्देश दिए. साथ ही SSR अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करने की अपील की. डिप्टी सीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे. इसके लिए सभी कार्यकर्ता समन्वय के साथ काम करें. बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और पार्षद मौजूद रहे.