Last Updated:
Nitish Setu News: बिहार में ‘नीतीश सेतु’ उद्घाटन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. जानकारी के अनुसार, इस पुल के उद्घाटन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सभास्थल पर नहीं रहेंगे. इस खबर के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
नीतीश कुमार प्रधानमंत्री की आगवानी करने पटना एयरपोर्ट जाएंगे
बिहार में पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर के बीच बने सिक्सलेन पुल ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन से ठीक पहले पटना से लेकर वैशाली तक सियासी हलचल तेज हो गई है. आगामी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ने वाले इस 6-लेन गंगा ब्रिज का लोकार्पण करेंगे. इस भव्य आयोजन के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए पटना एयरपोर्ट जाएंगे, लेकिन एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के औपचारिक स्वागत के बाद वैशाली जिले के राजापाकर स्थित सभास्थल पर उनके जाने का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है.
निशांत कुमार ने क्या बताया
इस कार्यक्रम को लेकर बड़ी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दी थी. उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रधानमंत्री को रिसीव करने एयरपोर्ट जाएंगे. बता दें कि निशांत कुमार ने यह बात 18 नवंबर को वैशाली के जाफरपट्टी गांव में कही थी. वहां सीएम सम्राट चौधरी के साथ वे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे थे. निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता के नाम पर पुल का नामकरण होना गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने इसके लिए सीएम सम्राट चौधरी और पीएम मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया. निशांत के बयान से ही साफ हुआ कि नीतीश कुमार एयरपोर्ट तक जाएंगे, सभास्थल तक जाने का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है.
कौन-कौन रहेंगे मौजूद
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर के कार्यक्रम में निशांत कुमार, संजय झा और ललन सिंह के साथ-साथ प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी मौजूद रहेंगे. यहां प्रदेश अध्यक्ष से मतलब जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा से है. ये सभी नेता सभास्थल और उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा सीएम सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. एनडीए के सभी घटक दलों के नेता इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं.
21 नवंबर का कार्यक्रम क्या है?
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे. वे दोपहर करीब 12.55 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर से वैशाली जाएंगे. राघोपुर के रुस्तमपुर में हेलीकॉप्टर उतरेगा. इसके बाद पीएम मोदी गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल यानी नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे, और फिर वे राजापाकर में जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी होगा. बता दें कि एनडीए सरकार का एक वर्ष 20 नवंबर को पूरा हो रहा है और उसी को देखते हुए पीएम का यह दौरा हो रहा है.
नीतीश सेतु क्या है?
कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल बिहार की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है. इस परियोजना पर करीब 4,988.40 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. गंगा नदी पर बने इस पुल की मुख्य लंबाई 9.76 किलोमीटर है, जबकि संपर्क पथ सहित पूरी परियोजना की लंबाई 19.76 किलोमीटर है. पुल छह लेन का है और इसकी खासियत एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे तकनीक है. इससे पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली के बिदुपुर तक सीधा संपर्क स्थापित होगा. पुल के चालू होने से गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा. उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा. व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी यह पुल वरदान साबित होगा.