पटना. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राघोपुर में सीएम सम्राट चौधरी की मौजूदगी में उनके बॉडीगार्ड के धक्का दिए जाने के मामले ने इतना तूल पकड़ा कि बिहार की राजनीति गर्म हो गई. सियासत के गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक सत्ता परिवर्तन के दावे किए जाने लगे. इसके लिए 85+25+6+5+3=124 का फॉर्मूला, यानी सरकार बनाने के समीकरणों पर चर्चा होने लगी. इसी कड़ी में राजद ने नीतीश कुमार को समाजवाद और ‘संघ’वाद की दुहाई देकर घेरा. वहीं, कई राजद नेताओं ने जदयू के साथ सरकार बनाने और निशांत कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री तक बनाए जाने की बातें शुरू कर दीं. सांसद अभय कुशवाहा और भाई वीरेंद्र के साथ ही सहयोगी आईपी सिंह जैसे नेताओं ने इस धक्का वाली घटना के पहले और बाद में जदयू-राजद के साथ आने की इस चर्चा को और हवा दी. तेजस्वी यादव को निशांत कुमार का बड़ा भाई तक घोषित किया जाने लगा. इस बीच धक्का-मुक्की की घटना पर जदयू की ओर से नाराजगी भी जताई गई, जिससे राजनीति और गर्म होती लगी. सत्ता परिवर्तन के दावे और निशांत कुमार के बिहार का मुख्यमंत्री बनने की कयासबाजी होने लगी. लेकिन, सवाल यह है कि क्या तेजस्वी यादव भी ऐसा चाहते हैं?
इसके साथ सवाल आगे भी है कि निशांत कुमार को आगे करने की यह राजनीति तेजस्वी यादव के राजनीतिक भविष्य के लिए उचित होगा? क्या लालू यादव की राजनीतिक विरासत संभाल रहे और खुद को बिहार का सीएम प्रोजेक्ट करवा चुके तेजस्वी यादव के लिए निशांत को सीएम बनाना स्वीकार होगा? दरअसल, निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा जितनी राजद के कुछ नेताओं की ओर से हो रही है, उतनी ही बड़ी राजनीतिक चुनौती तेजस्वी यादव के सामने खड़ी होती दिख रही है. क्योंकि तेजस्वी यादव के लिए यह केवल नीतीश कुमार के परिवार से रिश्ते सुधारने का सवाल नहीं है, बल्कि अपनी राजनीतिक दावेदारी, पार्टी के नेतृत्व और भविष्य की सत्ता की लड़ाई से जुड़ा मामला है.
पहले तथ्य समझिए, संदर्भ क्या है?
बता दें कि घटना 18 नवंबर की है, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगामी 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन वाले ‘नीतीश सेतु’ का निरीक्षण करने राघोपुर पहुंचे थे. वीडियो में उनके सुरक्षाकर्मी ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हाथ से पीछे किया और इसके बाद निशांत वहां से निकल गए. हालांकि, इस पर राजनीति गर्म हुई तो घटना के एक दिन बाद में विशेष सुरक्षा दल यानी एसएसजी ने इसे मानवीय भूल बताया. वहीं, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार और अभिषेक झा ने इसे दुखद और पीड़ादायक बताया. उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग की. मंत्री अशोक चौधरी ने इसे टीआरपी की राजनीति बताया तो बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने कहा कि सम्राट और निशांत के बीच बड़े भाई और छोटे भाई का रिश्ता है. यानी घटना सच है, पर इरादा क्या था, इस पर ही सियासत हो रही है.
राजद ने इस मौके को कैसे पकड़ा?
राजनीति गर्म हो उठी और गठबंधन में गांठ की खबरें प्रचारित की जानें लगीं. राजद ने नीतीश कुमार से लेकर बीजेपी नेताओं तक को कठघरे में खड़ा करना शुरू कर दिया. इसी कड़ी में राजद ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पिता ने कुर्सी प्रेम में समाजवाद छोड़कर संघवाद को चुन लिया तो बेटे को खामियाजा भुगतना ही पड़ेगा. वहीं, राजद के सहयोगी आईपी सिंह ने लिखा कि निशांत को मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला होता तो वे सम्राट चौधरी से लाख गुना बेहतर मुख्यमंत्री साबित होते. भाई वीरेंद्र ने कहा कि निशांत कुमार में मुख्यमंत्री बनने की पूरी क्षमता है, वे तेजस्वी के बड़े भाई तुल्य हैं. राजद सांसद अभय कुशवाहा ने तो कहा कि लालू और तेजस्वी के नेतृत्व में निशांत को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. बता दें कि इससे पहले तेजस्वी यादव ने भी कहा था कि निशांत डिप्टी सीएम बनें तो आश्चर्य नहीं होगा, मुख्यमंत्री बनें तो भी आश्चर्य नहीं होगा. इन बयानों से लगा कि राजद निशांत को ऑफर दे रहा है.
124 का फॉर्मूला कागज पर सही, जमीन पर नहीं!
गर्म होती राजनीति के बीच सत्ता परिवर्तन के राजनीतिक फॉर्मूले पर भी एक दृष्टि डाली जाने लगी. जदयू 85, राजद 25, कांग्रेस 6, एआईएमआईएम 5, वामदल 3, कुल 124… यानी 243 सीटों वाले बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए 122 से 2 सीट अधिक. सोने पर सुहागा तो यह कि आईपी गुप्ता का 1 जोड़ें तो 125 हो जाता है. साफ है कि कागज पर यह सियासी खेला संभव लगता है, लेकिन वास्तविकता तो यह भी है कि राजनीति सिर्फ जोड़ से नहीं चलती और इस सियासी समीकरण के मामले में पेच ही पेच हैं.
दरअसल, एआईएमआईएम ने इस फॉर्मूले को समर्थन देने की घोषणा नहीं की है. कांग्रेस और वामदलों ने भी इस पर खुलकर हामी नहीं भरी है. सबसे बड़ी बात, जदयू के 85 विधायकों के राजद के साथ जाने का कोई ठोस संकेत नहीं है. निशांत के साथ धक्का-मुक्की की घटना से जदयू नाराज जरूर है, पर नाराजगी और गठबंधन बदलना दो अलग बातें हैं. वहीं, नीतीश कुमार ने भी इस पर कुछ नहीं कहा है इसलिए यह फॉर्मूला अभी सोशल मीडिया की अटकल ज्यादा है, जमीन की हकीकत कम है.
असली सवाल, तेजस्वी ऐसा क्यों चाहेंगे?
यहीं से असली बात शुरू होती है जिसको लेकर राजद के भीतर भी मंथन है, क्योंकि तेजस्वी यादव लालू यादव की राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं और वे खुद को बिहार का सीएम प्रोजेक्ट कर चुके हैं. 2025 के चुनाव में राजद 25 सीटों पर सिमट गई, पर तेजस्वी ने सीएम की दावेदारी नहीं छोड़ी. ऐसे में अब अगर वे निशांत कुमार को सीएम बनाने की पहल करें तो यह उनके लिए वही बात होगी कि जिस डाल पर बैठे हैं, उसी को काट रहे हैं. ऐसे में सवाल यहां यह कि राजनीति में कोई महत्वाकांक्षी नेता अपने सामने दूसरा सीएम चेहरा क्यों खड़ा करेगा? वह भी तब, जब वह चेहरा नीतीश कुमार का बेटा हो.
निशांत सीएम बने तो तेजस्वी का क्या होगा?
अब मान लीजिए कि निशांत कुमार सीएम बन जाते हैं, तब बिहार की राजनीति में सबसे बड़ा चेहरा निशांत हो जाएंगे. जदयू के 85 विधायक निशांत के साथ खड़े होंगे, राजद के 25 विधायक उनके समर्थन में होंगे. यानी सत्ता का केंद्र जदयू हो जाएगा, राजद नहीं और तब तेजस्वी तब सिर्फ समर्थन देने वाले नेता रह जाएंगे. ऐसे में यह बात तो साफ हो जाएगी कि उनका सीएम बनने का सपना पीछे चला जाएगा. वहीं, इससे जनता में भी संदेश जाएगा कि तेजस्वी यादव खुद सीएम नहीं बन सके, इसलिए दूसरों को बना रहे हैं और इससे उनकी छवि कमजोर होगी, मजबूत नहीं.
लालू की राजनीति का पुराना सबक
राजनीति के जानकार कहते हैं कि लालू यादव ने हमेशा दूसरों को आगे करके अपनी राजनीति बचाई थी. उन्होंने नीतीश कुमार को भी मुख्यमंत्री बनाया था, पर तब लालू खुद सत्ता में थे और उनका जनाधार सबसे बड़ा था. लेकिन, आज परिस्थियां अलग हैं, क्योंकि राजद 25 सीटों पर है और तेजस्वी के पास खोने के लिए बहुत कुछ है. अगर वे निशांत को सीएम बनाते हैं तो जदयू को नीतीश की विरासत का नया वारिस मिल जाएगा. नीतीश का वोट बैंक, उनका प्रशासनिक अनुभव और उनकी छवि, सब निशांत के साथ जुड़ जाएगी. तेजस्वी यादव के लिए यह फायदे का नहीं, नुकसान का सौदा होगा.
फिर राजद ऐसा क्यों बोल रहा है?
ऐसे में सवाल यह कि तो फिर राजद के नेता निशांत को सीएम बनाने की बात क्यों कर रहे हैं? इसका जवाब रणनीति में है. राजद को पता है कि निशांत को सीएम बनाने का बयान जदयू और बीजेपी के बीच दरार बढ़ाएगा. जदयू को लगेगा कि उसके नेता का सम्मान नहीं हो रहा है और बीजेपी को लगेगा कि जदयू नाराज है. बात बढ़ती जाएगी और खटास भी. इससे एनडीए में असहजता बढ़ेगी. राजद को सत्ता नहीं मिलेगी, पर विरोधी खेमे में हलचल जरूर पैदा होगी. जाहिर है कि यह दबाव की राजनीति है, क्योंकि यह कोई ऑफर नहीं है, बल्कि यह सियासी संदेश है. संदेश यह है कि अगर जदयू नाराज है तो उसके लिए दूसरा दरवाजा खुला है.
निशांत को बड़ा बनाना तेजस्वी के हित में नहीं है?
राजनीति के दांव-पेच हैं और इसलिए इस पूरी कहानी को गहराई से समझना जरूरी है. एक धक्के का वीडियो सच है, जदयू की नाराजगी सच है और राजद की राजनीति भी सच है. पर निशांत कुमार को सीएम बनाने का दावा अभी राजनीति का दांव है, राजदका फैसला नहीं है. तेजस्वी यादव निशांत को बड़ा भाई कह सकते हैं, उन्हें सम्मान दे सकते हैं, लेकिन तेजस्वी यादव खुद की सीएम की दावेदारी छोड़कर निशांत को सीएम बनाना स्वीकार नहीं कर सकते. ऐसा इसलिए भी कि राजनीति में कोई नेता अपने ही हाथों अपने प्रतिद्वंद्वी का कद नहीं बढ़ाता और यही इस पूरी राजनीतिक कहानी का सबसे सरल और सबसे बड़ा सच है.