चेहरे पर सख्ती, चाल में गजब की फुर्ती, ये हैं चीन की स्टार बॉडीगार्ड, जिस पर जिनपिंग भी करते हैं भरोसा

चेहरे पर सख्ती, चाल में गजब की फुर्ती, ये हैं चीन की स्टार बॉडीगार्ड, जिस पर जिनपिंग भी करते हैं भरोसा


होमदुनियाचीन

चेहरे पर सख्ती, चाल में गजब की फुर्ती, चीन की स्टार बॉडीगार्ड चर्चा में क्यों?

Last Updated:

चीन की चर्चित महिला सुरक्षा अधिकारी जू जिन एक बार फिर चर्चा में हैं. सोमवार को वह मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम के साथ शेनझेन एयरपोर्ट पर नजर आईं. जू जिन को चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के स्पेशल सर्विस ब्यूरो से जुड़ा बताया जाता है. इससे पहले वह सीरिया की प्रथम महिला अस्मा अल-असद, फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों और थाईलैंड की तत्कालीन प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा की सुरक्षा में भी दिख चुकी हैं.

Zoom

चीन की बॉडीगार्ड चर्चा में. AI जेनेरेटेड/Reuters

चीन में एक बार फिर एक महिला बॉडीगार्ड चर्चा में हैं. सोमवार को जब मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए शेनझेन पहुंचीं, तो एयरपोर्ट पर उनके साथ एक महिला सुरक्षा अधिकारी नजर आईं. काले रंग की सरकारी कार के पास उसकी सतर्कता और काम करने के तरीके ने लोगों का ध्यान खींचा. वह राष्ट्रपति के ठीक पीछे चल रही थी और फिर कार का पिछला दरवाजा खोलकर उन्हें बैठाया. राष्ट्रपति के कार में बैठने के बाद महिला अधिकारी आगे की सीट पर जाकर बैठ गईं. उसके चेहरे पर गंभीरता थी और हर कदम में चौकसी साफ दिख रही थी. इस पूरे नजारे का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उसकी चर्चा शुरू हो गई. यह महिला पहली बार किसी बड़ी महिला लीडर के साथ नहीं दिखी है. चीनी राष्ट्रपति को इस बॉडीगार्ड पर भरोसा है, यही कारण है कि जब भी कोई महिला नेता चीन आती हैं, तो यही उनकी सुरक्षा में तैनात रहती हैं.

कौन है महिला बॉडीगार्ड?

साउथा चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक चीनी अधिकारियों ने अभी तक इस महिला सुरक्षा अधिकारी की पहचान आधिकारिक तौर पर नहीं बताई है. हालांकि, ऑनलाइन सामने आई जानकारी के मुताबिक, उसे जू जिन (Xu Jin) नाम दिया जा रहा है. कहा जाता है कि वह चीन के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय के स्पेशल सर्विस ब्यूरो से जुड़ी है. चीन के सरकारी चैनल CCTV ने साल 2020 में पुलिस के एक कार्यक्रम पर रिपोर्ट दिखाई थी. इसमें जू जिन का इंटरव्यू लिया गया था. उस समय उन्हें ब्यूरो की विदेशी मेहमानों की सुरक्षा करने वाली टीम का सदस्य बताया गया था. इंटरनेट पर कुछ लोगों ने उसकी पहचान ‘यान युएशिया’ के नाम से भी बताई, लेकिन ज्यादा भरोसेमंद जानकारी जू जिन की ओर इशारा करती है. उनकी वर्दी पर लगी नेमप्लेट की तस्वीरों और वीडियो में भी कुछ ऐसा ही लिखा होने की बात कही जा रही है, लेकिन नाम पूरी तरह साफ नहीं दिखता.

कई देशों के महिला नेताओं की सुरक्षा की

जू जिन पहले भी कई बड़ी महिला नेताओं और उनके परिवार के सदस्यों के साथ नजर आ चुकी हैं. साल 2023 में हांगझोऊ में हुए एशियन गेम्स के दौरान वह सीरिया की तत्कालीन प्रथम महिला अस्मा अल-असद के साथ दिखी थीं. पिछले साल फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिजिट मैक्रों और थाईलैंड की तत्कालीन प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न शिनावात्रा की सुरक्षा में भी उनकी तैनाती रही. दिसंबर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की चीन यात्रा के दौरान जू जिन पूरे दौरे में ब्रिजिट मैक्रों के साथ रहीं. बीजिंग में स्वागत समारोह से लेकर सिचुआन प्रांत के चेंगदू में पांडा रिसर्च सेंटर तक वह उनके साथ नजर आईं.

थाईलैंड की तत्कालीन प्रधानमंत्री पैतोंगतार्न ने फरवरी 2025 में चीन यात्रा के दौरान अपनी सुरक्षा के लिए जू जिन का धन्यवाद भी किया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर कहा था कि वह उनसे दोबारा मिलने की उम्मीद करती हैं. इस साल अप्रैल में भी जू जिन को चीन की यात्रा पर आईं वियतनाम के कम्युनिस्ट पार्टी प्रमुख और राष्ट्रपति तो लाम की पत्नी न्गो फुओंग ली के साथ देखा गया. नाननिंग शहर के गुआंग्शी म्यूजिक म्यूजियम में उनके दौरे के दौरान जू जिन उनके पीछे चलती नजर आई थीं.



Source link