Yadav Samaj Traditional: छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और परंपराएं अपनी अलग पहचान रखती हैं. यहां अलग-अलग समाजों के खानपान, रहन-सहन और पहनावे में सदियों पुरानी विरासत की झलक देखने को मिलती है. इन्हीं में से एक है यादव समाज की पारंपरिक वेशभूषा, जो केवल पहनावा नहीं, बल्कि समाज की चरवाहा संस्कृति, शौर्य, स्वाभिमान और लोक परंपरा का प्रतीक है. धोती-कुर्ता, बंडी, गले में कौड़ियों से बने आभूषण, हाथों में चूड़ा और बाजूबंद, सिर पर मोरपंख व कलगी से सजी खुमरी और हाथ में लाठी लेकर जब यादव समाज के लोग रावत नाच की धुन पर थिरकते हैं, तो छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति जीवंत हो उठती है. हालांकि आधुनिकता और बदलते दौर के साथ इस पारंपरिक पहनावे में भी काफी बदलाव आया है. कभी गांवों के साप्ताहिक बाजारों में रौनक बढ़ाने वाली यह परंपरा अब रावत महोत्सव और प्रतियोगिताओं तक सिमटती नजर आ रही है. आखिर यादव समाज की इस खास वेशभूषा के पीछे क्या इतिहास है, इसे पहले किस तरह पहना जाता था और आज इस परंपरा को कैसे संरक्षित किया जा रहा है? इन तमाम पहलुओं पर बिलासपुर के वरिष्ठ लोक साहित्यकार डॉ. सोमनाथ यादव ने Local18 से खास बातचीत में जानकारी दी.
चरवाहा संस्कृति से जुड़ी है यादव समाज की पारंपरिक वेशभूषा
वरिष्ठ लोक साहित्यकार डॉ. सोमनाथ यादव बताते हैं कि छत्तीसगढ़ के यादव समाज की पारंपरिक वेशभूषा का सीधा संबंध उनकी पुरानी चरवाहा संस्कृति और ग्रामीण जीवन से रहा है. पहले समाज के लोग धोती-कुर्ता और बंडी पहनते थे. इसके साथ गले में कौड़ियों से बने आभूषण, हाथों में चूड़ा और बाजूबंद धारण करते थे. सिर पर बांस से बनी खुमरी पहनी जाती थी, जिसे मोरपंख और कलगी से सजाया जाता था. एक हाथ में लाठी और दूसरे हाथ में बांस या बांसुरी लेकर वे अपने पारंपरिक अंदाज में नजर आते थे. उनका जीवन मुख्य रूप से खेती-किसानी और पशुपालन पर आधारित था.
कौड़ी, मोरपंख और कलगी से होता था विशेष श्रृंगार
यादव समाज की इस वेशभूषा में श्रृंगार का भी विशेष महत्व रहा है. पहले कौड़ियों और मोरपंख से बने आभूषण पहने जाते थे. कमर में पेटी और पारंपरिक सजावटी सामग्री का इस्तेमाल होता था. सिर पर पगड़ी बांधी जाती थी, जिसमें गेंदे का फूल और कलगी लगाई जाती थी. समय के साथ असली फूलों की जगह कागज के फूलों ने ले ली है. चेहरे पर पीले रंग का पारंपरिक श्रृंगार और आंखों में काजल लगाकर रावत नाच के कलाकार योद्धा जैसे अंदाज में तैयार होते थे. हाथों में लाठी और फरी लेकर ढोल-बाजे की धुन पर नृत्य और शौर्य प्रदर्शन करते थे.
पहले साप्ताहिक बाजारों में दिखती थी रावत नाच की रौनक
डॉ. सोमनाथ यादव के मुताबिक, पहले यादव समाज के लोग गांवों और कस्बों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में अपने पारंपरिक बाजे-गाजे के साथ पहुंचते थे. जिस दिन किसी गांव में बाजार या मड़ई का आयोजन होता था, उस दिन इसकी सूचना दी जाती थी. इसके बाद यादव समाज के अलग-अलग दल वहां पहुंचकर बाजार के चारों ओर परिक्रमा करते हुए नृत्य और शौर्य का प्रदर्शन करते थे. इसे बाजार बिहाना कहा जाता था. बाजार में तरह-तरह की दुकानें सजती थीं और पूरा माहौल मेले जैसा हो जाता था. यादव समाज के कलाकार अपने पारंपरिक नृत्य से इस आयोजन की रौनक बढ़ाते थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपने-अपने गांव और घर लौट जाते थे.
बाजार बिहाना से रावत महोत्सव और प्रतियोगिताओं तक पहुंची परंपरा
समय के साथ महंगाई, शहरीकरण और बाजारवाद का असर इस परंपरा पर भी पड़ा. पहले जहां यादव समाज के कलाकार साप्ताहिक बाजारों में पहुंचकर अपनी कला का प्रदर्शन करते थे, वहीं अब रावत नाच महोत्सव और प्रतियोगिताओं का आयोजन होने लगा है. अलग-अलग स्थानों पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में यादव समाज के दल सीधे आयोजन स्थल पर पहुंचते हैं और अपनी प्रस्तुति देते हैं. अब नृत्य, श्रृंगार, शौर्य प्रदर्शन और दलों की संख्या के आधार पर अंक दिए जाते हैं. बेहतर प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कार भी मिलता है. इस तरह पारंपरिक बाजार बिहाना का स्वरूप बदलकर महोत्सव और प्रतियोगिता के रूप में सामने आया है.
आधुनिकता के दौर में बदल रही पारंपरिक वेशभूषा
वरिष्ठ लोक साहित्यकार बताते हैं कि पहले यादव समाज के अधिकतर लोग धोती-कुर्ता और बंडी पहनते थे, लेकिन आधुनिकता के प्रभाव से अब यह पहनावा धीरे-धीरे सीमित होता जा रहा है. नई पीढ़ी में पैंट-शर्ट का चलन बढ़ा है. शहरीकरण और बाजारवाद का असर खानपान और रहन-सहन पर भी दिखाई दे रहा है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कई बुजुर्ग अपनी पारंपरिक वेशभूषा और जीवनशैली को सहेजकर रखे हुए हैं. वे आज भी पुराने पहनावे और खानपान की परंपराओं का पालन करते हैं.
युवा पीढ़ी के प्रयासों से जीवित है रावत नाच की विरासत
डॉ. सोमनाथ यादव का कहना है कि समय के साथ बदलाव आना स्वाभाविक है. 21वीं सदी में रहते हुए पुरानी जीवनशैली को पूरी तरह अपनाना संभव नहीं है, लेकिन अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाए रखना बेहद जरूरी है. अच्छी बात यह है कि आधुनिकता के बावजूद यादव समाज ने रावत नाच और अपने पारंपरिक स्वरूप को जीवित रखा है. समाज के बुजुर्गों के साथ युवा पीढ़ी भी इस विरासत को आगे बढ़ाने में जुटी है. रावत नाच के आयोजन और महोत्सवों के जरिए पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और शौर्य प्रदर्शन को नई पहचान मिल रही है. छत्तीसगढ़ के यादव समाज की पारंपरिक वेशभूषा महज कपड़ों और आभूषणों का मेल नहीं है, बल्कि यह समाज के इतिहास, चरवाहा संस्कृति और लोकजीवन की पहचान है. बदलते समय में इसके स्वरूप में भले ही बदलाव आया हो, लेकिन रावत नाच और महोत्सवों के जरिए इस विरासत को सहेजने की कोशिश लगातार जारी है. जरूरत है कि नई पीढ़ी भी इस परंपरा के महत्व को समझे और इसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाए.