Last Updated:
Burhanpur News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से पुलिस का एक मानवीय चेहरा सामने आया है, जहां एक ASI ने सड़क किनारे बदहाल घूम रहे युवक को खुद नहलाया. यहां तक कि उसके उलझे बाल भी काटे. जबकि युवक सड़क पर घूम रहा था. बाद में ASI ने उसे कपड़े पहनाकर एक नई पहचान दी और सम्मान दिलाया. अब सभी लोग ASI की खूब तारीफ कर रहे हैं.
ASI ने पेश की इंसानियत की मिसाल
अक्सर खाकी वर्दी का नाम सुनते ही जेहन में सख्ती और रौब की तस्वीर उभरती है, लेकिन बुरहानपुर से सामने आए एक वीडियो ने खाकी की ऐसी तस्वीर दिखाई है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है. यहां एक ASI ने वर्दी का फर्ज निभाने के साथ इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की कि सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है.
ASI ने खुद बदला युवक का लुक
खकनार थाने में पदस्थ एएसआई अजीज शेख अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे. तभी उनकी नजर एक ऐसे युवक पर पड़ी, जो भिखारी जैसी हालत में दिखाई दे रहा था. लंबे बेतरतीब बाल, मैले-कुचैले कपड़े और बदहाल स्थिति. जहां अक्सर लोग ऐसे नजारे देखकर मुंह फेर लेते हैं, वहीं अजीज शेख ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया. उन्होंने खुद युवक के बाल काटे, उसे नहलाया और साफ-सुथरे कपड़े पहनाए. कुछ ही देर में युवक का बदला हुआ रूप देखकर हर कोई हैरान रह गया. जो युवक कुछ समय पहले बदहाल नजर आ रहा था, वह अब एक जेंटलमैन की तरह दिखाई देने लगा.
लोग पसंद कर रहे अजीज शेख का वीडियो
एएसआई अजीज शेख की इस पहल का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. लोग पुलिसकर्मी की दरियादिली को सलाम कर रहे हैं. अक्सर पुलिस की सख्ती को लेकर सवाल उठते हैं, लेकिन यह वीडियो बताता है कि खाकी के भीतर एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है.
अच्छे कामों से होती है वर्दी की पहचान
कहते हैं वर्दी की असली पहचान उसके रौब से नहीं, बल्कि उसके अच्छे कामों से होती है. बुरहानपुर के एएसआई अजीज शेख ने साबित कर दिया कि पुलिस का काम सिर्फ कानून का पालन करवाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद की रोशनी जगाना भी है. यहां खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा दिखा है, जो लोगों की मदद कर रहा है और उन्हें सम्मान दिला रहा है.