दरभंगा: केला भारत की सबसे बड़ी बागवानी फसलों में से एक है. किसान घौद का वजन बढ़ाने के लिए खाद, पोटाश और दवा पर खूब खर्च करते हैं, लेकिन एक बात भूल जाते हैं. फल का असली भोजन पौधा अपनी हरी पत्तियों में ही बनाता है. इसलिए फूल निकलते समय पौधे पर कम से कम 10 से 12 स्वस्थ, हरी और काम करने वाली पत्तियां होना बहुत जरूरी है. इस पर विस्तृत जानकारी देते हुए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर एसके सिंह बताते हैं कि सोर्स-सिंक का खेल महत्वपूर्ण होता है.
विज्ञान में इसे सोर्स-सिंक संबंध कहते हैं. पत्तियां सोर्स हैं, जहां धूप, पानी और हवा से भोजन बनता है. घौद सिंक है, जहां वह भोजन जाकर फल को भरता है. अगर पत्तियां कम या बीमार होंगी तो भोजन कम बनेगा और घौद हल्का रह जाएगा. बिहार में अलपान किस्म पर हुए अध्ययन में देखा गया कि फूल के समय 11 से 13 काम करने वाली पत्तियां होने पर ही अच्छा वजन मिला. हरी पत्ती काटने पर घौद का वजन 12 से 51 प्रतिशत तक घट गया और कटाई में भी देरी हुई.
कौन सी पत्ती है काम की
केवल हरी दिखने वाली पत्ती काम की नहीं होती. असली पत्ती वह है जिसका ज्यादातर हिस्सा हरा हो, रोग से बचा हो, बीच की नस मजबूत हो और हवा से फटकर नष्ट न हुई हो. साथ ही हल्के धब्बे या किनारा थोड़ा सूखा हो तो वह पत्ती बेकार नहीं होती.
सिगाटोका से बचाएं
केले में येलो और ब्लैक सिगाटोका पत्तियों को सबसे ज्यादा सुखाता है. पूरी तरह सूखी पत्ती को ही काटकर खेत से बाहर निकालें. बाग में हवा और पानी निकास का ध्यान रखें. लक्षण दिखते ही विशेषज्ञ की सलाह से ही दवा बदल-बदल कर छिड़कें. एक ही दवा बार-बार लगाने से रोग में प्रतिरोध पैदा हो जाता है.
खाद-पानी का संतुलन
नाइट्रोजन से पत्ती बढ़ती है और पोटाश से भोजन फल तक पहुंचता है. खाद को टुकड़ों में दें. फूल से पहले और घौद बनते समय पोटाश की कमी न होने दें. जिंक, बोरॉन, मैग्नीशियम की कमी मिट्टी जांच के बाद ही दूर करें. बिना जांच के मिश्रण छिड़कना नुकसान दे सकता है, इससे बचें.
सिंचाई और सकर
केले को पानी ज्यादा चाहिए, लेकिन जलभराव से जड़ सड़ जाती है. ड्रिप से जरूरत के हिसाब से पानी दें. मातृ पौधे के साथ सिर्फ एक अच्छा सकर रखें, बाकी हटाते रहें. इससे आपस में पोषण और धूप के लिए लड़ाई नहीं होगी.
हरी पत्ती मत काटिए
कई किसान खेत साफ दिखाने के लिए हरी पत्ती काट देते हैं. यह सबसे बड़ी गलती है. फूल निकलने के बाद 90 से 120 दिन तक फल भरता है. इस दौरान पत्ती को बचाना ही कमाई बचाना है. भारी घौद वाले पौधे को बांस का सहारा दें और तेज हवा से बचाएं. याद रखिए, भारी घौद का पहला कदम घौद पर नहीं, पत्ती को स्वस्थ रखने से शुरू होता है.