Wakefit Sleep Internship Winner 2026: 2 महीने की गजब इंटर्नशिप, 60 दिनों तक सोती रही जिनिया चटर्जी, बदले में मिले 9.6 लाख रुपये

Wakefit Sleep Internship Winner 2026: 2 महीने की गजब इंटर्नशिप, 60 दिनों तक सोती रही जिनिया चटर्जी, बदले में मिले 9.6 लाख रुपये


नई दिल्ली (Sleep Internship). काम के बोझ और थकान के बीच कई लोग मजाक में कहते हैं कि काश सोने के भी पैसे मिलते. मुंबई की जिनिया चटर्जी के लिए यह बात सिर्फ मजाक नहीं रही, बल्कि हकीकत बन गई. उन्होंने Wakefit की स्लीप इंटर्नशिप के 5वें सीजन में जीत हासिल करके 9.6 लाख रुपये का इनाम अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही उन्हें स्पॉन्सर्ड छुट्टियों का मौका भी मिला. खबर वायरल होते ही लोग हैरान हैं और जानने को बेताब भी कि आखिर यह कैसा काम है, जिसमें सोने के बदले लाखों रुपये मिलते हैं.

आमतौर पर इंटर्नशिप में ऑफिस का काम, रिपोर्ट्स और डेडलाइन होती है. लेकिन स्लीप इंटर्नशिप अपनी अलग वजह से चर्चा में रहती है. इसमें प्रतिभागियों को अपनी नींद के पैटर्न और आराम की आदतों पर ध्यान देना होता है. देशभर से आए 2 लाख से ज्यादा आवेदनों में से 10 लोग फाइनल इंटर्नशिप के लिए चुने गए थे. यह इंटर्नशिप 2 महीने की थी. जानिए 60 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में क्या-क्या हुआ और जिनिया चटर्जी विजेता कैसे बन गईं.

स्लीप इंटर्नशिप में क्या होता है?

स्लीप इंटर्नशिप में 2 महीने बिस्तर पर सिर्फ लेटे नहीं रहना था. प्रतिभागियों को हर हफ्ते मजेदार क्रिएटिव चैलेंज पूरे करने होते थे. इनमें ‘स्लीप सिनेमा’ नाम का टास्क था. इसमें मशहूर फिल्मी सीन्स को नींद से जोड़कर प्रेजेंट करना था. ‘स्लीप बिंगो’ में सोने की आदतों का आकलन करना होता था. ‘अंडरकवर स्लीप मिशन’ में आम बातचीत के दौरान बिना किसी को शक हुए ‘ब्लैंकेट’ या ‘पिलो’ जैसे शब्दों का 10 बार इस्तेमाल करना था. बेहतर प्रदर्शन करने वाले को ‘प्रो स्लीपर ऑफ द वीक’ का खिताब मिलता था.

फिनाले में हुआ दिलचस्प मुकाबला

करीब 60 दिनों तक चली इस प्रक्रिया के बाद रत्नागिरी के मणिकंदन, जिनिया चटर्जी और मेहेक खोत टॉप-3 में पहुंचे. वहीं, हैदराबाद के करीम खान को वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली. ग्रैंड फिनाले में चारों के बीच मुकाबला हुआ. यहां ‘मेमरी फोम चैलेंज’ के तहत तस्वीर देखकर वैसा ही बेडरूम तैयार करना था. इसके बाद ‘स्लीप ऑक्शन’ हुआ, जिसमें तकिए, कंबल, एसी, लाइटिंग और साउंड जैसी चीजों पर बोली लगानी थी. आखिर में नींद के स्कोर और चुनौतियों के आधार पर जिनिया विजेता चुनी गईं.

2019 से चल रही है अनोखी पहल

वेकफिट ने इस स्लीप इंटर्नशिप की शुरुआत 2019 में की थी. कंपनी के मुताबिक, शुरुआती 4 सीजन में 10 लाख से ज्यादा आवेदन आए और 65 इंटर्न्स को 1-1 लाख रुपये का स्टाइपेंड दिया गया. पांचवें सीजन में इनाम की राशि 9.6 लाख रुपये रही. कंपनी ने छठे सीजन के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है. इसका बड़ा मकसद लोगों को अच्छी नींद की अहमियत समझाना है.

बहुत फायदेमंद है अच्छी नींद

ऐसी खबरें पढ़कर कई लोग तुरंत फॉर्म भरने की सोचते हैं. लेकिन ऐसी प्रतियोगिताओं में सिर्फ आराम नहीं, बल्कि रेगुलर रूटीन, टास्क पूरा करने की एक्टिविटी और तय स्टैंडर्ड पर खरा उतरना भी जरूरी होता है. अगर आप अगले सीजन के लिए आवेदन करना चाहते हैं, तो कंपनी के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन की शर्तें और डेडलाइन जरूर चेक करें. वहीं, आम लोगों के लिए भी सबक है कि भागदौड़ भरी जिंदगी में अच्छी और पर्याप्त नींद सेहत के लिए कितनी जरूरी है.



Source link