कल शुभ योग और भीष्म पंचक में देवउठनी एकादशी, जानें इस दिन क्या करें, क्या नहीं
Last Updated:
Devutthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर दिन शुक्रवार को किया जाएगा. इस बार देवउठनी एकादशी पर रवि योग का शुभ संयोग बन रहा है. साथ ही इसी दिन से भीष्म पंचक की शुरुआत भी हो रही है, जो 24 नवंबर तक रहेगा. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है. इसके बाद शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है. आइए जानते हैं इस शुभ दिन पर क्या करें और क्या ना करें…
Devutthani Ekadashi 2026: 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी तिथि का व्रत किया जाएगा, हर वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को यह व्रत किया जाएगा. हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व माना जाता है क्योंकि इस दिन चार माह बाद भगवान विष्णु योग निद्रा से जागते हैं. भगवान विष्णु के जागते ही चातुर्मास का समापन हो जाता है और शुभ व मांगलिक कार्यक्रम की शुरुआत हो जाती है. कल देवउठनी एकादशी पर कई शुभ योग और भीष्म पंचक भी है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है. मान्यता है कि इस दिन व्रत, पूजा-पाठ और दान करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है. आइए जानते हैं देवउठनी एकादशी पर क्या करना चाहिए और किन कामों से बचना चाहिए…
देवउठनी एकादशी का धार्मिक महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं. इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते हैं. इन चार महीनों को चातुर्मास कहा जाता है. इस दौरान विवाह और अन्य मांगलिक कार्य सामान्यतः नहीं किए जाते. भगवान विष्णु के जागने के साथ ही विवाह का शुभ समय दोबारा शुरू हो जाता है. इस दिन कई स्थानों पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है, जिसमें माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराया जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से सुख-समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है.
देवउठनी एकादशी 2026 शुभ मुहूर्त
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 से 5:54 बजे
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:45 से दोपहर 12:28 बजे
विजय मुहूर्त: 01:54 पी एम से 02:36 पी एम
गोधूलि मुहूर्त: 05:27 पी एम से 05:53 पी एम
निशिता मुहूर्त: 11:41 पी एम से 12:34 ए एम, 21 नवंबर
देवउठनी एकादशी 2026 शुभ योग
देवउठनी एकादशी पर पूरे दिन रवि योग रहने वाला है. साथ ही इस शुभ दिन पर सिंह राशि में मंगल, केतु, और गुरु ग्रह की युति होने से त्रिग्रही योग बन रहा है. इन योग के अलावा व्रज योग भी बन रहा है, जिससे इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है. इन शुभ योग के अलावा देवउठनी एकादशी पर भीष्म पंचक बन रहा है, मान्यता है कि इस दिन से पांच दिनों तक स्नान, दान, जप, तप, व्रत करेगा, उसे सभी तीर्थों के दर्शन का पुण्य प्राप्त होगा.
कब तक रहेगा भीष्म पंचक?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में भीष्म पंचक 20 नवंबर से शुरू होकर 24 नवंबर यानी कार्तिक पूर्णिमा तक रहेगा. इन पांच दिनों में भगवान विष्णु की पूजा, व्रत, मंत्र जाप और दीपदान करना विशेष फलदायी माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि भीष्म पितामह ने अपने अंतिम समय में भगवान विष्णु की आराधना की थी. इसी कारण इन पांच दिनों को भीष्म पंचक कहा जाता है. धार्मिक मान्यता है कि देवउठनी एकादशी और भीष्म पंचक के दौरान सच्चे मन से भगवान विष्णु की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है.
देवउठनी एकादशी पर क्या करें?
- भगवान विष्णु की पूजा करें: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद भगवान विष्णु की प्रतिमा के सामने दीपक जलाकर पूजा करें.
- तुलसी पूजन करें: इस दिन माता तुलसी की पूजा करना शुभ माना जाता है. तुलसी के पास घी का दीपक जलाएं और भगवान विष्णु को तुलसी दल अर्पित करें.
- मंत्रों का जाप करें: इस दिन ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करना शुभ माना जाता है. विष्णु सहस्रनाम का पाठ भी कर सकते हैं.
- दान-पुण्य करें: जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, फल और धन का दान करें. भीष्म पंचक के पांचों दिनों में पूजा-पाठ और दान का विशेष महत्व है.
- दीपदान करें: शाम के समय घर के मंदिर और तुलसी के पास दीपक जलाएं. भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने की परंपरा भी निभाएं.
देवउठनी एकादशी पर क्या ना करें?
- इस दिन मांस, मदिरा और तामसिक भोजन का सेवन करने से बचें.
- किसी से झगड़ा, अपशब्द और अपमानजनक व्यवहार ना करें.
- झूठ बोलने और दूसरों की निंदा करने से बचें.
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार एकादशी पर चावल का सेवन नहीं करना चाहिए.
- जरूरतमंद और असहाय लोगों का अपमान ना करें.
- व्रत रखने वाले लोगों को अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार नियमों का पालन करना चाहिए.