Success Story: रिटायरमेंट के बाद खेती में लगाया दिमाग, 8 बीघे में उगाया 18 फीट लंबा गन्ना, अब बना रहे ऑर्गेनिक गुड़

Success Story: रिटायरमेंट के बाद खेती में लगाया दिमाग, 8 बीघे में उगाया 18 फीट लंबा गन्ना, अब बना रहे ऑर्गेनिक गुड़


होमफोटोकृषि

बैंक मैनेजर से बने किसान, खेत में उगाया 18 फीट लंबा गन्ना, अब बना रहे गुड़

Last Updated:

Retired Bank Manager Farming Success Story: करौली जिले के एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर ने खेती में ऐसा प्रयोग किया है, जिसकी चर्चा अब आसपास के गांवों में हो रही है. पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड रामकेश मीणा ने नौकरी छोड़ने के बाद अपनी पुश्तैनी 8 बीघा जमीन पर पारंपरिक खेती के बजाय ऑर्गेनिक तरीके से गन्ने की खेती शुरू की. हरियाणा के अनुसंधान केंद्र से गन्ने की उन्नत किस्म C-0118 के बीज मंगवाकर वैज्ञानिक तकनीक से फसल तैयार की. उनकी मेहनत का नतीजा यह रहा कि खेत में करीब 18 फीट लंबे गन्ने तैयार हो गए. खेती में रासायनिक खाद के बजाय गोबर की खाद का इस्तेमाल किया गया. अब रामकेश गन्ना बेचने के साथ खेत पर ही ऑर्गेनिक गुड़ भी तैयार कर रहे हैं. उनका कहना है कि इससे खेती में अतिरिक्त आमदनी का रास्ता खुला है. वे किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ नए प्रयोग करने और बाजार की मांग के अनुसार खेती अपनाने की सलाह दे रहे हैं.

नौकरी के दौरान बैंक में मैनेजमेंट संभालने वाले करौली के एक रिटायर्ड बैंक मैनेजर अब खेत में खेती का नया प्रयोग कर रहे हैं. रिटायरमेंट के बाद इन्होंने अपनी पुश्तैनी 8 बीघा जमीन पर पारंपरिक खेती के बजाय ऑर्गेनिक और वैज्ञानिक तरीके से गन्ने की खेती शुरू की. पहली ही फसल ने उन्हें ऐसा नतीजा दिया कि आसपास के किसान भी उनके खेत को देखने पहुंचने लगे. इन्होंने पहले ही प्रयास में खेत में करीब 18 फीट तक लंबा गन्ना उगाया है.

करौली शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर गंगापुर मार्ग पर स्थित खूबपूरा गांव में पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड मैनेजर रामकेश मीणा ने यह प्रयोग किया है. गेहूं और सरसों की पारंपरिक खेती से मिलने वाली सीमित आमदनी के बीच उन्होंने फसल में बदलाव करने का फैसला किया. इसके बाद हरियाणा के अनुसंधान केंद्र से गन्ने की उन्नत किस्म C-0118 मंगवाई और वैज्ञानिक तरीके से खेती शुरू की.

रामकेश मीणा बताते हैं कि ऑर्गेनिक खेती के प्रति उनका रुझान नया नहीं है. नौकरी के दौरान भी वे अपने फार्म हाउस पर जैविक तरीके से सब्जियां उगाते थे. रिटायरमेंट के बाद इस काम को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा उन्हें अपनी स्व. पत्नी से मिली. इसके बाद उन्होंने पुश्तैनी जमीन पर कुछ अलग करने का मन बनाया और गन्ने की खेती बड़े पैमाने पर शुरू की.

Add News18 as
Preferred Source on Google

गन्ने की फसल में उन्होंने रासायनिक खेती के बजाय ऑर्गेनिक तरीके अपनाने पर जोर दिया. खेत में गोबर की खाद का इस्तेमाल किया गया. रामकेश ने बताया कि सही तकनीक और नियमित देखभाल के कारण फसल में किसी तरह का बड़ा रोग नहीं लगा और गन्ने की गुणवत्ता भी बेहतर हो रही है. इससे बेहतर उपज हासिल करने की संभावना को बल मिला है.

रामकेश के खेत में तैयार गन्ने की लंबाई करीब 18 फीट तक पहुंची है. पहली बार इतनी अच्छी पैदावार मिलने के बाद उनका उत्साह और बढ़ गया. अब वे गन्ने को सिर्फ खेत में बेचने के बजाय उससे ऑर्गेनिक गुड़ भी तैयार कर रहे हैं. रामकेश का कहना है कि एक फसल से दोहरी कमाई का इससे बेहतर जरिया कुछ नहीं हो सकता है. लोगों को शुद्ध गुड़ मिले, इसके लिए प्रयास कर रहे हैं.

रामकेश मीणा ने गन्ने की बेहतर गुणवत्ता को देखते हुए खेत पर ही गुड़ बनाने का काम शुरू किया है. उनका कहना है कि ऑर्गेनिक तरीके से तैयार किए जा रहे गुड़ को लोग पसंद कर रहे हैं और इसकी मांग भी बढ़ रही है. इससे उन्हें खेती के साथ वैल्यू एडिशन से अतिरिक्त आमदनी का रास्ता मिला है.

रामकेश मीणा ने बताया कि गन्ने की खेती में शुरुआती स्तर पर मेहनत और लागत अधिक होती है, लेकिन एक बार फसल तैयार होने के बाद इससे दोबारा फसल लेने का फायदा मिलता है. उनका कहना है कि किसानों को केवल गेहूं-सरसों जैसी पारंपरिक फसलों तक सीमित रहने के बजाय अपनी जमीन और बाजार के हिसाब से गन्ने जैसी फसलों का भी प्रयोग करना चाहिए.



Source link