20 साल का इंतजार खत्म! 13 करोड़ से बनेगा खिड़किया नदी पर पुल, 10 गांवों को मिलेगी राहत

20 साल का इंतजार खत्म! 13 करोड़ से बनेगा खिड़किया नदी पर पुल, 10 गांवों को मिलेगी राहत


Last Updated:

Khargone News: खरगोन जिले में खिड़किया नदी पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 20 साल के इंतजार के बाद इस पुल के बनने से 10 गांवों के लोगों को नेशनल हाईवे की सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.

खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बासवा और घोंसला सहित आसपास के गांवों के लोगों के लिए अच्छी और राहत भरी खबर है. यहां खिड़किया नदी पर पुल बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. करीब 20 साल से ग्रामीण इस पुल की मांग कर रहे थे. अब करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से उनकी राह आसान होने वाली है. पुल बनने के बाद ग्रामीणों को करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. साथ ही आसपास के लगभग 10 गांव सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ जाएंगे.

बासवा और घोंसला के बीच खिड़किया नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही थी. खासकर बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर दोनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो जाता है. ग्रामीणों को बासवा पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ता है. इसी समस्या को देखते हुए ग्रामीण पिछले 20 साल से यहां पुल बनाने की मांग कर रहे थे.

12.73 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत
पुल निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) से मंजूरी मिलने के बाद सितंबर में 12.73 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी. अब निर्माण की शुरुआती प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. फिलहाल पुल निर्माण से पहले सर्वे का काम किया जा रहा है. इसके तहत नदी के दोनों छोर और पिलर बनाने के लिए तीन अलग-अलग स्थानों से मिट्टी और पत्थरों के सैंपल लिए जा रहे हैं.

जांच रिपोर्ट आने के बाद बनेगा डिजाइन
निर्माण कार्य से जुड़े अरविंद बिरला ने लोकल 18 को बताया कि निर्माण से पहले लिए जा रहे सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे. वहां से रिपोर्ट आने के बाद पुल का तकनीकी डिजाइन तैयार किया जाएगा. डिजाइन फाइनल होने के बाद निर्माण एजेंसी काम शुरू करेगी. अभी सैंपल लेने का काम चल रहा है. डिजाइन तैयार होने के बाद पुल का निर्माण शुरू किया जाएगा.

बारिश में बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
पुल नहीं होने का सबसे ज्यादा असर बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों पर पड़ता है. मानसून के दौरान खिड़किया नदी उफान पर आ जाती है. ऐसे में घोंसला के विद्यार्थी नदी पार कर बासवा स्कूल नहीं पहुंच पाते. कई बार बच्चों को रास्ता बदलना पड़ता है या फिर स्कूल जाना ही मुश्किल हो जाता है. पुल बनने से छात्रों को सालभर सुरक्षित और आसान रास्ता मिल सकेगा.

किसानों को भी मिलेगी बड़ी राहत
इस पुल का फायदा केवल स्कूली बच्चों और ग्रामीणों तक सीमित नहीं रहेगा. आसपास के किसानों को भी अपने खेतों तक पहुंचने में आसानी होगी. अभी नदी के कारण उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. पुल बनने के बाद कृषि कार्य, उपज के परिवहन और रोजमर्रा के आवागमन में समय की बचत होगी.

10 गांवों को हाईवे से मिलेगी कनेक्टिविटी
इस पुल के बनने से बासवा और घोंसला सहित आसपास के करीब 10 गांवों को नेशनल हाईवे से सीधा संपर्क मिल सकेगा. इससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर भी बचेगा. 20 साल से जिस पुल का इंतजार किया जा रहा था, उसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से अब पूरे क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की उम्मीद जगी है.



Source link