अंतरिक्ष में धरती के पड़ोस में अगले 48 घंटे काफी हलचल भरे रहने वाले हैं. वैज्ञानिकों और स्पेस एजेंसियों के रडार इस वक्त आसमान की एक खास दिशा में टिके हैं, जहां एक साथ कई अंतरिक्ष चट्टानों की आवाजाही दर्ज की गई है. 19 और 20 नवंबर के बीच होने वाली इस खगोलीय घटना को लेकर दुनिया भर में चर्चा तेज है, खासकर जब इनमें से एक चट्टान करीब 32 हजार किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से आगे बढ़ रही है. इतनी तेज गति और एक के बाद एक आने वाली इन चट्टानों को देखते हुए NASA का प्लेनेटरी डिफेंस नेटवर्क पूरी तरह एक्टिव है और पल-पल के आंकड़े जुटा रहा है.
क्या है धरती की तरफ बढ़ रहे उल्कापिंडों के इरादे?
जब भी आसमान से किसी तेज रफ्तार चट्टान या उल्कापिंड के धरती के करीब आने की खबर आती है, तो लोगों के मन में सबसे पहला सवाल यही उठता है कि क्या कोई बड़ी अनहोनी होने वाली है? फिलहाल, इन पांचों चट्टानों को लेकर राहत की बात ये है कि ये सभी तय दूरी से सुरक्षित निकल जाने वाली हैं. वैज्ञानिकों की गणना के मुताबिक, इनमें से कोई भी सीधे धरती से टकराने वाली नहीं है.
लेकिन अंतरिक्ष विज्ञान के लिहाज से अगले दो दिन इसलिए अहम हैं, क्योंकि इतनी कम अवधि में पांच अलग-अलग चट्टानों का धरती के करीब से गुजरना एक दिलचस्प खगोलीय मौका है. नासा ने जिन पांच चट्टानों को ट्रैक किया है, उनके नाम 2026 VA11, 2026 TB84, 2026 VD6, 2018 NE1 और 2007 WK3 हैं. ये सभी ‘नियर-अर्थ ऑब्जेक्ट्स’ की श्रेणी में आती हैं, यानी इनकी कक्षा इन्हें समय-समय पर धरती के नजदीक लाती है.
कौन-सी चट्टान कितनी पास और किस रफ्तार से गुजरेगी?
इन पांचों में सबसे पहले और सबसे करीब से गुजरने वाली चट्टान 2026 VA11 है, जो 19 नवंबर को धरती के पास से निकलेगी. अनुमान है कि ये धरती से करीब 33.5 लाख किलोमीटर की दूरी से गुजरेगी. आम जिंदगी में ये दूरी बहुत बड़ी लगती है, लेकिन अंतरिक्ष की दुनिया में इसे नजदीकी माना जाता है, ये दूरी धरती और चांद के बीच की दूरी का करीब 8.72 गुना है. इसका आकार लगभग 10 से 22 मीटर के बीच है और ये करीब 8.9 किलोमीटर प्रति सेकंड यानी लगभग 32,040 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही है.
इसी समूह में 2026 TB84 भी शामिल है, जो आकार के हिसाब से काफी बड़ा माना जा रहा है. इसकी चौड़ाई करीब 50 से 110 मीटर के बीच आंकी गई है, जो किसी बड़ी इमारत या खेल के मैदान के बराबर हो सकती है. ये भी 19 नवंबर को धरती के करीब से गुजरेगी, लेकिन इसकी दूरी करीब 46.4 लाख किलोमीटर रहेगी.
बाकी तीन चट्टानों की बात करें तो 2018 NE1 19 नवंबर को करीब 63.8 लाख किलोमीटर दूर से निकलेगी. इसका आकार 50 से 120 मीटर के बीच बताया गया है और इसकी रफ्तार सबसे ज्यादा, करीब 13.3 किलोमीटर प्रति सेकंड यानी लगभग 47,880 किलोमीटर प्रति घंटेm है. 2007 WK3 भी 19 नवंबर को ही करीब 54.7 लाख किलोमीटर दूर से गुजरेगी, जिसकी चौड़ाई 14 से 30 मीटर के आसपास है. वहीं, 2026 VD6 20 नवंबर को धरती के करीब से निकलेगी, जिसकी दूरी करीब 40.1 लाख किलोमीटर और आकार 12 से 28 मीटर के बीच आंका गया है.
कितने खतरनाक हो सकते हैं ये उल्कापिंड या एस्टेरॉयड?
आम बोलचाल में लोग अक्सर अंतरिक्ष से आने वाली इन चट्टानों को उल्कापिंड या एस्टेरॉयड कह देते हैं. जब कोई अंतरिक्ष चट्टान धरती के वायुमंडल में प्रवेश करती है और घर्षण से जलते हुए जमीन तक पहुंचती है, तो उसे उल्कापिंड कहा जाता है. इनका खतरा मुख्य रूप से इनके आकार, पत्थर-लोहा या दोनों का मिश्रण की बनावट और धरती पर एंटर रफ्तार पर निर्भर करता है.
बहुत छोटी चट्टानें अक्सर वायुमंडल में ही जलकर राख हो जाती हैं और आसमान में चमकती हुई लकीर बनकर खत्म हो जाती हैं. लेकिन अगर कोई चट्टान बड़ी हो और वायुमंडल को पार कर जाए, तो उसकी ताकत का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है. अंतरिक्ष में ये चट्टानें सेकंड में कई किलोमीटर की रफ्तार से चलती हैं, इसलिए इनमें जबरदस्त काइनेटिक एनर्जी होती है. वैज्ञानिक आमतौर पर 140 मीटर या उससे बड़े आकार की चट्टानों को ज्यादा संवेदनशील मानते हैं, क्योंकि उनसे बड़े स्तर पर नुकसान की आशंका रहती है.
अगर धरती पर गिरते हैं तो क्या-क्या होता है?
अगर कोई बड़ा उल्कापिंड या एस्टेरॉयड धरती से टकरा जाए, तो उसके नतीजे बेहद गंभीर हो सकते हैं. सबसे पहले तो टक्कर की जगह पर जबरदस्त धमाका होता है और ‘शॉकवेव’ यानी तेज दबाव की लहर पैदा होती है. ये लहर आसपास के इलाकों में इमारतों, पेड़ों और ढांचों को भारी नुकसान पहुंचा सकती है.
जमीन से टकराने वाली जगह पर एक बड़ा गड्ढा बन सकता है और लाखों टन मलबा व धूल हवा में उछल सकती है. अगर ये किसी घनी आबादी वाले इलाके या शहर के पास गिरे, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है. वहीं, अगर ये समुद्र में गिरे, तो ऊंची लहरें या सुनामी पैदा होने का खतरा रहता है. बहुत बड़ी टक्करों की स्थिति में हवा में फैली धूल और धुएं से कुछ समय के लिए मौसम और तापमान पर भी असर पड़ सकता है.
वैज्ञानिक क्यों करते हैं लगातार निगरानी?
यही वजह है कि नासा और दुनिया भर की अंतरिक्ष एजेंसियां इन चट्टानों का पीछा करती रहती हैं. किसी चट्टान के आज सुरक्षित दूरी से गुजर जाने का मतलब ये नहीं होता कि सालों बाद उसका रास्ता नहीं बदलेगा. अंतरिक्ष में ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण खिंचाव और सूरज की गर्मी से पैदा होने वाले छोटे बदलाव भी किसी चट्टान की दिशा को थोड़ा-बहुत मोड़ सकते हैं.
इन पांच चट्टानों के गुजरने से वैज्ञानिकों को अपने टेलीस्कोप और रडार से सटीक डेटा जुटाने का मौका मिलता है. इससे ये समझने में मदद मिलती है कि ये चट्टानें कैसे घूमती हैं और इनका असली रास्ता क्या है. फिलहाल, अगले 48 घंटे अंतरिक्ष विज्ञान के नजरिए से बेहद खास हैं, जहां वैज्ञानिक सिर्फ निगरानी कर रहे हैं और धरती को किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है.