आसमान में काले बादल तो छाएंगे, लेकिन ये बारिश के बादल नहीं होंगे, बल्कि मौत और जहर का एक ऐसा गुबार होगा जिसकी चपेट में आने वाले इंसान की सांसों के जरिए सीधे उसके शरीर में बारूद और जहरीले केमिकल घुल जाएंगे. अचानक दो कानफोड़ू धमाके होंगे, धरती कांप उठेगी, पुराने घरों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो जाएं और अगले ही पल हवा में लेड और विस्फोटक केमिकल की एक घनी, जहरीली धूल की आंधी पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले लेगी. करीब एक घंटे तक हवा में तैरने वाला ये जहरीला बादल जहां-जहां से गुजरेगा, वहां की हवा, मिट्टी, पानी और खेल के मैदानों पर जहर की एक मोटी परत बिछा देगा. जो कोई भी गलती से इस धूल भरी आंधी के बीच फंस गया, उसके फेफड़ों और खून में ये जहर सीधे उतर जाएगा.
अमेरिका के आयोवा में मचा है हड़कंप, देर से मिली चेतावनी
ये किसी हॉलीवुड फिल्म का सीन नहीं, बल्कि अमेरिका के आयोवा राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से की डरावनी हकीकत है, जहां शुक्रवार को खुद अमेरिकी सेना करीब 5 टन बम बनाने वाले बेहद खतरनाक केमिकल को धमाके से उड़ाने जा रही है. इस पूरे मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली और गुस्सा दिलाने वाली बात ये है कि सरकार और प्रशासन ने आम लोगों और स्कूलों को इस जानलेवा खतरे की वॉर्निंग देने में काफी देरी कर दी.
हालात ये हैं कि पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) ने 13 नवंबर को इस धमाके के लिए इमरजेंसी परमिट जारी किया, जिसके बाद रविवार को जाकर 100 मील दूर तक के इलाकों को नोटिस भेजा गया. प्लांट से करीब 20 मील दूर स्थित मीडियापोलिस शहर के अधिकारियों को तो रविवार को नक्शा देखने के बाद ही होश उड़ गए, जब उन्हें पता चला कि उनका पूरा शहर इस जहरीली धूल के ठीक रास्ते में है.
डिप्टी सिटी क्लर्क एमी स्टकर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सबसे बड़ी समस्या जानकारी की कमी है. हैरानी की बात ये है कि खुद आयोवा की गवर्नर किम रेनॉल्ड्स के दफ्तर को भी इस सार्वजनिक चेतावनी के बारे में सोमवार को पहली बार बताया गया. आनन-फानन में मंगलवार को स्कूलों में शुक्रवार की छुट्टी का ऐलान किया गया और खेल-कूद के सारे कार्यक्रम रद्द करने पड़े.
इंसान के शरीर के लिए कितना बड़ा खतरा है ये जहरीली धूल?
अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के बाद उठने वाली ये जहरीली धूल हवा में अधिकतम एक घंटे तक रहेगी, लेकिन इसके बाद ये जमीन, घरों की छतों, गाड़ियों और पेड़ों पर बैठ जाएगी. विशेषज्ञों का कहना है कि ये धूल साधारण मिट्टी नहीं है, बल्कि इसमें ‘लेड’ (सीसा) और बारूद बनाने वाले केमिकल के सूक्ष्म कण मिले होंगे. अगर कोई व्यक्ति इस धूल के संपर्क में आता है या सांस के जरिए इसे अंदर खींच लेता है, तो ये सीधे उसके खून और नर्वस सिस्टम पर हमला करता है.
आयोवा यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पैट्रिक ओ’शॉघनेसी ने इस पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि लेड एक खतरनाक ‘न्यूरोलॉजिकल टॉक्सिन’ है, यानी ये सीधे इंसान के दिमाग की नसों को नुकसान पहुंचाता है. इसका सबसे भयानक असर छोटे बच्चों पर पड़ता है, क्योंकि ये उनके दिमाग के विकास को हमेशा के लिए रोक सकता है और उनकी याददाश्त और सीखने की क्षमता को खत्म कर सकता है. क्योंकि छोटे बच्चे जमीन पर खेलते हैं और चीजों को मुंह में डालते हैं, इसलिए जमीन पर बैठने वाली ये धूल उनके लिए साक्षात जहर साबित हो सकती है. बड़े लोगों में भी इसके संपर्क में आने से किडनी खराब होने, हाई ब्लड प्रेशर और प्रजनन क्षमता पर बुरा असर पड़ने का खतरा रहता है. जानवरों और पालतू मवेशियों के लिए भी ये उतना ही जानलेवा है.
आखिर क्यों बम फोड़ने पर मजबूर हुई अमेरिकी सेना?
अब सवाल ये उठता है कि जब ये धमाका इतना खतरनाक है, तो अमेरिकी सेना इसे टाल क्यों नहीं रही? इसके पीछे 20 साल से ज्यादा पुरानी एक बड़ी चूक छिपी है. आयोवा आर्मी एम्युनिशन प्लांट में ‘लेड एजाइड’ नाम के विस्फोटक केमिकल के दर्जनों बैरल 20 साल से अधिक समय से मिट्टी के नीचे दबे कंटेनरों में रखे गए थे. इन्हें शांत और सुरक्षित रखने के लिए इथेनॉल और पानी के घोल में डुबोकर रखा गया था.
लेकिन इस साल की शुरुआत में रूटीन जांच के दौरान सेना के होश तब उड़ गए, जब पता चला कि कंटेनरों का पानी भाप बनकर उड़ चुका है और ये केमिकल सूखकर क्रिस्टल बन गया है. विज्ञान के नियमों के मुताबिक, सूखा हुआ लेड एजाइड इतना संवेदनशील होता है कि जरा सी रगड़, झटके या तापमान बदलने से भी इसमें अपने आप भीषण विस्फोट हो सकता है.
आर्मी सस्टेनमेंट कमांड की प्रवक्ता जस्टिन बराती के मुताबिक, ठंड का मौसम बढ़ने के साथ इसके अपने आप फटने का खतरा कई गुना बढ़ गया है. इन बैरलों को छूना या किसी दूसरी जगह ले जाना सीधे मौत को दावत देने जैसा था. केमिकल मिलाकर इसे शांत करने का विकल्प भी इसलिए खारिज कर दिया गया, क्योंकि बैरल हिलाते ही धमाका हो सकता था.
घर खाली करने का फरमान और बचाव के इंतजाम
खतरे को देखते हुए प्रशासन ने प्लांट के बिल्कुल पास बसे मिडलटाउन के लोगों को शुक्रवार सुबह ही घर खाली करके सुरक्षित जगह जाने को कहा है. जो लोग घर नहीं छोड़ सकते, उन्हें दरवाजे-खिड़कियां कसकर बंद रखने और घर से बाहर न निकलने की सख्त हिदायत दी गई है.
सेना ने धमाके से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए बैरलों के चारों तरफ कंक्रीट की मोटी दीवार और दो मंजिला ऊंचे रेत के टीले बनाए हैं. धमाके के वक्त पानी का छिड़काव और हवा में धुंध छोड़ी जाएगी ताकि जहरीले कण ज्यादा दूर न फैलें. वहीं, मीडियापोलिस में लाइब्रेरी बंद कर दी गई है और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां धमाके के बाद खेल के मैदानों को पानी से धोएंगी.
हालांकि, लोग सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या सिर्फ कार और खिड़कियां धोने से ये जहर साफ हो जाएगा? पड़ोसी राज्य इलिनोइस तक इस धूल के पहुंचने की आशंका है, जहां के स्वास्थ्य अधिकारियों ने अपने यहां मिट्टी और पानी की जांच की मांग की है. फिलहाल, हजारों लोग सांसें थामे शुक्रवार का इंतजार कर रहे हैं, जब दो धमाके तय करेंगे कि उनकी हवा में कितना जहर घुलेगा.