Last Updated:
Sikar Dr. Rahul Chaudhry Success Story: राजस्थान के सीकर जिले के सरकारी स्कूल में पढ़े डॉ. राहुल चौधरी को लंदन के सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में चिकित्सा अनुसंधान के लिए प्रतिष्ठित राइजिंग रिसर्चर अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है. दरअसल, जन्मजात डायफ्रामेटिक हर्निया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें बच्चे के डायफ्राम में जन्म से ही छेद होता है. ऐसे मामलों में नवजात शिशुओं को इलाज के दौरान विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है. डॉ. राहुल का शोध इसी बीमारी से पीड़ित बच्चों के ऑपरेशन के बाद इलाज में इस्तेमाल होने वाली तकनीक से जुड़ा है. उन्होंने अपना यह काम ब्रिटेन के चिकित्सा विशेषज्ञों के सामने रखा.
सीकर के डॉ. राहुल को ब्रिटेन में मिला बड़ा सम्मान, लंदन के सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल ने दिया रिसर्च अवॉर्ड 2026
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले के एक छोटे से गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई करने वाले डॉ. राहुल चौधरी ने ब्रिटेन में अपनी मेहनत और काम के दम पर देश का नाम रोशन किया है. ग्राम मूंडवाड़ा के रहने वाले डॉ. राहुल को लंदन के सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में शानदार काम के लिए प्रतिष्ठित ‘राइजिंग रिसर्चर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है. उनकी इस उपलब्धि की चर्चा अब सीकर ही नहीं, पूरे राजस्थान में हो रही है.
गांव के सरकारी स्कूल से ब्रिटेन तक का सफर
डॉ. राहुल चौधरी की सफलता की सबसे खास बात उनकी शुरुआती पढ़ाई है. सीकर जिले के मूंडवाड़ा गांव के सरकारी स्कूल में पढ़कर उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की. इसके बाद मेहनत और लगातार प्रयासों से चिकित्सा के क्षेत्र में आगे बढ़े. आज लंदन के सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में उनके शोध कार्य को सम्मान मिलना इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे स्कूल तक सीमित नहीं होती. सही दिशा में मेहनत और लगन से छोटे गांवों से निकलकर भी दुनिया में पहचान बनाई जा सकती है.
5 नवंबर को मिला प्रतिष्ठित रिसर्च अवॉर्ड
डॉ. राहुल चौधरी को यह सम्मान 5 नवंबर 2026 को लंदन के सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल के रिसर्च एवं इनोवेशन विभाग की ओर से दिया गया. अस्पताल ने चिकित्सा अनुसंधान के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें ‘राइजिंग रिसर्चर अवॉर्ड 2026’ के लिए चुना. यह सम्मान उनके शोध कार्य और चिकित्सा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को पहचान देने वाला है. गांव के सरकारी स्कूल से शुरू हुआ उनका सफर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है. उनके परिवार और गांव के लोगों के लिए भी यह उपलब्धि गर्व का मौका है.
ब्रिटेन के सम्मेलन में नवजात बच्चों पर पेश किया शोध
डॉ. राहुल ने ब्रिटिश एसोसिएशन ऑफ पेरिनेटल मेडिसिन (BAPM) के वार्षिक सम्मेलन 2026 में भी हिस्सा लिया. इस सम्मेलन में उन्होंने नवजात शिशुओं के इलाज से जुड़ा अपना शोध प्रस्तुत किया. उनका शोध जन्मजात डायफ्रामेटिक हर्निया से पीड़ित नवजात बच्चों के इलाज पर आधारित था. इसमें खास तौर पर ऑपरेशन के बाद NAVA वेंटिलेशन तकनीक के इस्तेमाल को लेकर अध्ययन किया गया है. दरअसल, जन्मजात डायफ्रामेटिक हर्निया एक ऐसी स्थिति है, जिसमें बच्चे के डायफ्राम में जन्म से ही छेद होता है. ऐसे मामलों में नवजात शिशुओं को इलाज के दौरान विशेष देखभाल की जरूरत पड़ती है. डॉ. राहुल का शोध इसी बीमारी से पीड़ित बच्चों के ऑपरेशन के बाद इलाज में इस्तेमाल होने वाली तकनीक से जुड़ा है. उन्होंने अपना यह काम ब्रिटेन के चिकित्सा विशेषज्ञों के सामने रखा.