Indore Treasury: ‘1980 से परिवार के पास’, खुदाई में मिली तिजोरी पर महिला ने ठोका दावा, कहा-चाबी नहीं

Indore Treasury: ‘1980 से परिवार के पास’, खुदाई में मिली तिजोरी पर महिला ने ठोका दावा, कहा-चाबी नहीं


Last Updated:

इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान एक तिजोरी मिली थी, जिसे अभी सुरक्षित रखवा दिया गया है. बताया जाता है कि लालबाग पैलेस होलकर राजघराने से जुड़ा रहा है. ऐसे में माना जा रहा था कि यह तिजोरी उनसे जुड़ी हुई हो सकती है, लेकिन अब एक महिला सामने आई है और उसने कहा कि है यह तिजोरी उसके परिवार की है.

Zoom

तिजोरी पर महिला ने ठोका दावा

Indore News: इंदौर में मंगलवार को लालबाग पैलेस के आसपास चल रहे विकास कार्यों के दौरान खुदाई हो रही थी. इसी दौरान भारी-भरकम तिजोरी मिली. पुरातत्व विभाग ने फिलहाल इसे लालबाग परिसर में ही सुरक्षित रखवा दिया है. विभाग के उपसंचालक केएल डाबी के मुताबिक अधिकारियों से चर्चा के बाद तिजोरी खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. सबसे पहले इसकी केमिकल टेस्टिंग होगी, जिसके बाद निर्धारित प्रोसेस के तहत इसे खोला जाएगा.

वंदना सोनी ने तिजोरी पर किया दावा
लालबाग परिसर में झोपड़ी बनाकर रहने वाली वंदना सोनी ने दावा किया है कि यह तिजोरी उनके परिवार की पैतृक संपत्ति है. वंदना के मुताबिक उनके नाना का घर गुना में था, जहां से उनके माता-पिता इस तिजोरी को इंदौर लेकर आए थे. साल 1980 के बाद से यह उनके परिवार के पास थी और बारामत्था गुरु नानक कॉलोनी स्थित उनके घर के पास रखी हुई थी. वंदना का कहना है कि घर टूटने और रहने की जगह नहीं बचने के बाद उन्होंने लालबाग परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाई थी.

सुनारों को मुफ्त में तिजोरी देने की पेशकश की
वंदना ने कहा कि इसके बाद श्रावण माह में वह खुद क्रेन के जरिए इस तिजोरी को लालबाग लेकर आई थीं. बारिश के कारण परिसर में कीचड़ होने से क्रेन चालक ने उनकी झोपड़ी से काफी दूर तिजोरी उतार दी थी. तब से यह वहीं पड़ी हुई थी, जहां मंगलवार को खुदाई के दौरान पुरातत्व विभाग को मिली. वंदना ने यह भी बताया कि चाबी नहीं होने के कारण उन्होंने कई बार सराफा के सुनारों को यह तिजोरी मुफ्त में देने की पेशकश की थी, लेकिन किसी ने इसे लेने में रुचि नहीं दिखाई.

फिलहाल एक तरफ पुरातत्व विभाग तिजोरी को ऐतिहासिक धरोहर मानकर जांच की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी तरफ महिला के दावे ने इस पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है. अब तिजोरी खुलने और उसके दस्तावेजी साक्ष्यों की जांच के बाद ही इसकी असली कहानी सामने आ सकेगी. आखिरी इस तिजोरी के अंदर क्या है और यह है किसकी? अब सभी को इन बातों का बेसब्री से इंतजार है.

लालबाग पैलेस इंदौर के होलकर राजघराने के इतिहास से जुड़ा एक अहम ऐतिहासिक स्थल है. ऐसे में यहां खुदाई के दौरान पुरानी तिजोरी मिलना अपने आप में चर्चा का विषय बन गया है.

(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)



Source link