ऋषिकेश: उत्तराखंड में दिवाली का त्योहार सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि अपनी लोक परंपराओं के साथ भी मनाया जाता है. यहां दिवाली के 11 दिन बाद इगास पर्व मनाने की परंपरा है. इस दिन लोग घरों में दीये जलाते हैं, भैलो खेलते हैं और ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकगीतों के साथ खुशियां मनाते हैं. अब इस त्योहार की रौनक ऋषिकेश में भी देखने को मिलेगी. इस बार यहां इगास पर्व बड़े स्तर पर मनाया जाएगा, जहां लोगों को पहाड़ की संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी.
उत्तराखंड में इगास को पहाड़ की दिवाली या बूढ़ी दिवाली भी कहा जाता है. यह त्योहार कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है, जो दिवाली के करीब 11 दिन बाद आती है. मान्यता है कि भगवान राम के अयोध्या लौटने की खबर पहाड़ों तक देर से पहुंची थी. इसी वजह से यहां के लोगों ने 11 दिन बाद दिवाली मनाई. इस दिन घरों में दीये जलाए जाते हैं, पशुधन की पूजा की जाती है और पारंपरिक तरीके से भैलो खेला जाता है. लोग ढोल-दमाऊ की थाप पर लोकगीत गाते हैं और नाचते हैं. इस साल इगास का त्योहार 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा.
ऋषिकेश में आईडीपीएल ग्राउंड पर होगा आयोजन
महापौर अनीता ममगाई ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि इस बार ऋषिकेश में इगास पर्व पहले से ज्यादा भव्य तरीके से मनाया जाएगा. पहले यह कार्यक्रम वार्ड और ग्राम सभा स्तर पर आयोजित होता था, लेकिन इस बार इसे पूरे विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर आयोजित किया जा रहा है. 20 नवंबर 2026 को आईडीपीएल ग्राउंड में शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक कार्यक्रम होगा. इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पुरानी परंपराओं से जोड़ना है. साथ ही स्थानीय लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच देना भी है.
पद्मश्री प्रीतम भरतवाण की प्रस्तुति होगी खास
इगास के इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के जागर सम्राट पद्मश्री प्रीतम भरतवाण अपनी पूरी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे. इस दौरान जागर, पवाणे, लोकगीत और पारंपरिक लोकनृत्य देखने को मिलेंगे. इससे लोगों को पहाड़ की लोक संस्कृति को करीब से जानने और देखने का मौका मिलेगा.
पहाड़ी व्यंजनों का भी मिलेगा स्वाद
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पहाड़ के पारंपरिक खानपान की भी व्यवस्था की जाएगी. यहां आने वाले लोग स्वाले, पकौड़े, तिल की चटनी, भड्डू की दाल, भात और घी जैसे पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे. इस तरह इगास के मौके पर ऋषिकेश में लोगों को पहाड़ की संस्कृति, संगीत और खानपान तीनों का आनंद मिलेगा.