Future Jobs Skills | Career in Semiconductor: एआई के दौर में नौकरी कैसे मिलेगी? मशीनों के बीच जगह बनाने के लिए जानें एक्सपर्ट की सलाह

Future Jobs Skills | Career in Semiconductor: एआई के दौर में नौकरी कैसे मिलेगी? मशीनों के बीच जगह बनाने के लिए जानें एक्सपर्ट की सलाह


नई दिल्ली (Future Jobs Skills). टेक्नोलॉजी जिस स्पीड से बदल रही है, उसका सीधा असर पढ़ाई और नौकरियों की दुनिया पर दिख रहा है. जो काम कल तक पारंपरिक तरीके से होते थे, उनमें अब एआई, सेमीकंडक्टर और डिजिटल लर्निंग ने नई जगह बना ली है. ऐसे में स्टूडेंट्स के सामने सवाल है कि बदलते मार्केट के लिए वे खुद को कैसे तैयार करें. मौजूदा दौर में सिर्फ किताबों के भरोसे रहना काफी नहीं है. बदलती टेक्नोलॉजी को समझना और उसे काम में उतारना भी उतना ही जरूरी हो गया है.

पाथ इन एआई टेक्नोलॉजीज के फाउंडर और सीईओ डॉ. कनिष्क अग्रवाल ने इस मामले में अपनी सलाह दी है. उनका मानना है कि आने वाले वक्त में रोजगार के अवसर उन्हीं के लिए ज्यादा खुलेंगे, जो नई तकनीक के साथ प्रैक्टिकल समझ भी रखते हैं. एआई और चिप सेक्टर से लेकर ऑनलाइन सीखने के मीडियम्स तक, हर जगह नए रास्ते बन रहे हैं. भविष्य में नौकरी हासिल करने के लिए जानिए, स्टूडेंट्स को अभी से किन क्षेत्रों और स्किल्स पर ध्यान देना चाहिए.

भविष्य की नौकरी के लिए कैसे तैयारी करें?

इसमें कोई शक नहीं है कि भविष्य एआई का है. अगले कुछ साल नौकरियां और स्किल्स इसी के इर्द-गिर्द रहेंगी. मौजूदा दौर के स्टूडेंट्स को अभी से नए भविष्य की तैयारी में जुट जाना चाहिए. इसके लिए एक्सपर्ट की सलाह आपके काम आ सकती है:

AI की समझ अब हर फील्ड की जरूरत

एआई अब सिर्फ आईटी या टेक कंपनियों तक सीमित नहीं रहा. हेल्थकेयर, बैंकिंग, एजुकेशन, खेती और मीडिया तक हर जगह इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है. स्टूडेंट्स को एआई टूल्स का सही इस्तेमाल, डेटा की बेसिक समझ और सही प्रॉम्प्ट लिखना आना चाहिए. लेकिन आंख बंदकर एआई पर निर्भर रहने के बजाय अपनी क्रिएटिविटी और काम की स्पीड बढ़ाने के लिए इसका इस्तेमाल करें.

सेमीकंडक्टर सेक्टर में खुलते नए करियर ऑप्शन

स्मार्टफोन, लैपटॉप, इलेक्ट्रिक गाड़ियों और मॉडर्न मशीनों- इन सबकी जान सेमीकंडक्टर चिप्स हैं. इस सेक्टर में बढ़ते इनवेस्टमेंट और कामकाज के साथ ट्रेन्ड युवाओं की मांग भी बढ़ रही है. इलेक्ट्रॉनिक्स, चिप डिजाइन, माइक्रोप्रोसेसर और कंप्यूटर इंजीनियरिंग से जुड़े स्टूडेंट्स के लिए यहां अच्छे मौके हैं. इसके अलावा रिसर्च, टेस्टिंग और मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े क्षेत्रों में भी संभावनाएं बन रही हैं.

डिजिटल लर्निंग से आसान हुई नई स्किल्स की राह

ऑनलाइन कोर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म ने पढ़ाई को घर तक पहुंचा दिया है. स्टूडेंट्स अपनी सुविधा के मुताबिक कोडिंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी या डिजिटल मार्केटिंग जैसी स्किल्स सीख सकते हैं. इससे उन्हें दुनियाभर के मेंटॉर्स और नए ट्रेंड्स से जुड़ने का मौका मिलता है. इससे रेगुलर पढ़ाई के साथ प्रोफेशनल प्रोफाइल भी मजबूत होती है.

प्रैक्टिकल अनुभव और सॉफ्ट स्किल्स का मेल

आज कंपनियां सिर्फ डिग्री के पन्ने नहीं पलटतीं, बल्कि देखती हैं कि उम्मीदवार असल काम कैसे करता है. कॉलेज के दौरान इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट और इंडस्ट्री ट्रेनिंग से काम सीख सकते हैं. इसके साथ ही टीमवर्क, कम्युनिकेशन, समस्या सुलझाने की आदत और धैर्य जैसी सॉफ्ट स्किल्स भी उतनी ही अहम हैं. स्टूडेंट्स को अपने प्रोजेक्ट्स और सीखी गई स्किल्स का छोटा पोर्टफोलियो तैयार रखना चाहिए. इससे इंटरव्यू में सिर्फ दावे करने के बजाय अपना काम दिखा सकेंगे.

सीखने को आदत बना लेने वाले युवा ही आगे जाकर सफल होंगे. नई तकनीक को अपनाने, मुश्किलों का हल निकालने और लोगों के साथ मिलकर काम करने की क्षमता नौकरियों में सबसे बड़ी ताकत साबित होगी.



Source link