Dimple Kanwar Success Story: ग्वालियर में सीखी जीत की बारीकियां, UAE में चमकी जैसलमेर की बेटी; 10 साल की उम्र में जीते 3 मेडल

Dimple Kanwar Success Story: ग्वालियर में सीखी जीत की बारीकियां, UAE में चमकी जैसलमेर की बेटी; 10 साल की उम्र में जीते 3 मेडल


Last Updated:

Dimple Kanwar Success Story News: सरहदी जिले जैसलमेर के आशायच गांव की 10 वर्षीय बेटी डिम्पल कंवर ने यूएई के रास अल खैमाह में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीते हैं. डिम्पल ने बायथल, ट्रायथल और लेजर रन स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की. ग्वालियर में कोच विनोद जाटव से प्रशिक्षण ले रहीं डिम्पल की इस उपलब्धि से पूरे गांव में मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया गया. अब उनका अगला लक्ष्य ओलंपियन बनकर देश के लिए पदक जीतना है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

महज 10 साल की उम्र में जैसलमेर की बेटी डिम्पल कंवर का कमाल, एशियन चैंपियनशिप में जीते 3 अंतरराष्ट्रीय रजत पदक

जैसलमेर: सरहदी जिले जैसलमेर की प्रतिभाशाली बेटी डिम्पल कंवर ने महज 10 वर्ष की उम्र में अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रास अल खैमाह में 10 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित एशियन चैंपियनशिप में डिम्पल ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक अपने नाम किए हैं. उनकी इस शानदार सफलता से सीमांत जिले जैसलमेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी और गर्व का माहौल है.

डिम्पल कंवर ने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय अभियान में जबरदस्त दमखम और एकाग्रता का परिचय देते हुए तीन अलग-अलग कठिन स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल किए. इनमें बायथल (तैराकी एवं दौड़), ट्रायथल (तैराकी, दौड़ एवं शूटिंग) और लेजर रन (दौड़ एवं शूटिंग) शामिल हैं. तीनों ही इवेंट्स में बेहतरीन प्रदर्शन कर डिम्पल ने साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से कम उम्र में भी बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है.

ग्वालियर में ले रहीं प्रशिक्षण, गांव में मना जश्न
डिम्पल जैसलमेर जिले की ग्राम पंचायत सुख सिंह नगर के मुख्यालय आशायच की निवासी हैं और स्वर्गीय अर्जुन सिंह भाटी की पौत्री हैं. वे पिछले दो वर्षों से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कोच विनोद जाटव के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. उनकी इस उपलब्धि के पीछे कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और खेल के प्रति अटूट समर्पण की अहम भूमिका रही है. उनके बड़े पिता सुमेर सिंह भाटी ने बताया कि जैसे ही डिम्पल की अंतरराष्ट्रीय सफलता की खबर गांव पहुंची, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया.

ओलंपियन बनकर देश के लिए पदक जीतने का सपना
महज 10 वर्ष की आयु में तीन अंतरराष्ट्रीय रजत पदक जीतना डिम्पल के उज्ज्वल खेल भविष्य की एक मजबूत शुरुआत है. अब उनका अगला बड़ा सपना ओलंपियन बनकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए पदक जीतना है. सीमांत क्षेत्र की इस होनहार बेटी ने अपनी सफलता से यह संदेश दिया है कि प्रतिभा और लगन के दम पर ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी दुनियाभर में देश का नाम रोशन कर सकती हैं. डिम्पल की इस कामयाबी पर क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.



Source link