अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम कहां छुपा बैठा है? अब इस सवाल का जवाब मिल गया है. उसके तीन घरों का पता लीक हो गया है. जिसमें से एक कराची का ’22 जमीजमा’ है, ये बाहर से किसी आम घर जैसा दिखता है, लेकिन इसके अंदर कांच की खिड़कियां तक नहीं हैं और बेसमेंट में कड़े पहरे के बीच साउंडप्रूफ क्लब बना हुआ है. वो पाकिस्तान के सरकारी अधिकारियों के साथ मुजरा सुनता है और बिजनेस मीटिंग्स भी करता है. शराब में डूबे रहने वाला ये क्रिमिनल भारत का नाम सुनते ही दुबक जाता है. इसके अलावा पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के साथ उसकी मिली भगत की सारी कुंडली भी खुल गई है.
दाऊद के 3 ठिकानों और ’22 जमीजमा’ की कहानी
ये तमाम खुलासे कामरान फरीदी नाम के एक शख्स के जरिए सामने आए हैं, जो पाकिस्तान में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के लिए अंडरकवर काम करने का दावा करता है. फरीदी ने ये दावे आज तक रेडियो के पॉडकास्ट में किए हैं.
दाऊद के ठिकानों को लेकर जो बातें सामने आई हैं, उनमें सबसे ज्यादा चर्चा ’22 जमीजमा’ को लेकर है. फरीदी के मुताबिक, ये ठिकाना कराची की एक गली में है और बाहर से देखने पर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता कि भीतर क्या चल रहा है. इमारत में कांच की खिड़कियां न होना और बेसमेंट को साउंडप्रूफ क्लब बनाना बताता है कि वहां सुरक्षा और गोपनीयता को किस स्तर पर रखा जाता है.
इसके अलावा फरीदी का दावा है कि उन्हें पाकिस्तान में उन 3 जगहों की जानकारी है, जहां दाऊद रहता है या अपने नेटवर्क को संभालता है. उनके मुताबिक, दाऊद ज्यादातर रात के समय बाहर निकलता है और जब भी भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता है, तो वो अपने ठिकाने बदल लेता है. दाऊद की सुरक्षा का जिम्मा छोटा शकील के पास बताया गया है, जो हर शुक्रवार को सुरक्षा से जुड़ी रिपोर्ट लेकर ISI के हेडक्वाटर जाता है.
जब भारत का नाम ‘दुबक’ जाता है, धर्म के नाम पर कलंक है दाऊद
दाऊद को लेकर अक्सर उसकी धार्मिक छवि या दिखावे की बातें होती रही हैं, लेकिन फरीदी के दावों के मुताबिक, उसकी निजी जिंदगी की सच्चाई बिल्कुल अलग है. फरीदी ने कहा कि दाऊद कोई ऐसा शख्स नहीं है जो दिन में 5 बार नमाज पढ़ता हो या बहुत ज्यादा धार्मिक हो. उसके मुताबिक, मिलाद या धार्मिक महफिलें सुन लेने भर से कोई इंसान बड़ा धार्मिक नहीं बन जाता.
फरीदी का दावा है कि दाऊद कोकीन लेता है और शराब भी पीता है. उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद दाऊद के लिए शराब खरीदी और एक बार थाईलैंड से करीब 1.68 लाख से 1.78 लाख रुपए की बेहद महंगी बोतल मंगवाई गई. उनके मुताबिक, बाद में बदलते हालात की वजह से दाऊद ने शराब पीना तो छोड़ दिया, लेकिन कोकीन का इस्तेमाल जारी रखा. उन्होंने ये भी दावा किया कि FBI के लिए अंडरकवर काम करते हुए वो दाऊद की पार्टियों में शामिल हुए और उसके काफी करीब से मिले.
इस्लाम बाबा कौन है?
साथ ही, एक दिलचस्प लेकिन अजीब दावा ‘इस्लाम बाबा’ को लेकर भी किया गया है. फरीदी के मुताबिक, दाऊद मुंबई से ‘इस्लाम बाबा’ नाम के एक फकीर को अपने साथ पाकिस्तान ले गया था. दावे के मुताबिक, दाऊद और उसके गैंग के लोग किसी बड़े ऑपरेशन या काम से पहले उस फकीर से इजाजत लेते थे और उसी की मंजूरी के बाद आगे बढ़ते थे. ऐसे माहौल में, जब पाकिस्तान की जमीन पर दाऊद बेखौफ ठिकानों और साठगांठ के सहारे पनप रहा हो, तो वहां भारत के मोस्ट वांटेड गुनहगारों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीदों के बीच भारत का नाम और उसकी मांगें कैसे पीछे छूटती दिखती हैं, इस पर भी बहस छिड़ जाती है.
FBI ऑपरेशन में पकड़ा जाने वाला था दाऊद?
फरीदी ने 2018 में लंदन में दाऊद के करीबी जाबिर मोतीवाला की गिरफ्तारी से जुड़े मामले में अपनी भूमिका का जिक्र किया. ये कार्रवाई FBI के उस ऑपरेशन का हिस्सा थी, जिसके तहत मोतीवाला को अमेरिका प्रत्यर्पित करने की कोशिश की जा रही थी ताकि दाऊद और लश्कर-ए-तैयबा के बीच रिश्तों को साबित किया जा सके. इस केस में फरीदी की गवाही को काफी अहम माना जा रहा था.
लेकिन फरीदी का दावा है कि उन्होंने अमेरिकी अदालत में गवाही देने से मना कर दिया, क्योंकि उन्हें अपने परिवार की सुरक्षा का डर सता रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें दाऊद और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़ी धमकियां मिलीं.
फरीदी के मुताबिक, इस मामले में पड़ने का उन्हें भारी खामियाजा भुगतना पड़ा. पाकिस्तान लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और कई महीने जेल में रहना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि दाऊद और मोतीवाला ने ISI की मदद से उन्हें निशाना बनाया और उनकी अमेरिकी नागरिकता की वजह से ही उनकी जान बच पाई. बाद में जाबिर मोतीवाला भी पाकिस्तान लौटने में कामयाब रहा.