जब किसी व्यक्ति को लगता है कि कोई खास स्टाइल उसके व्यक्तित्व से मेल खाता है, तो वह उसी तरह के कपड़े बार-बार चुन सकता है. उसे लगता है कि इस लुक में वह खुद जैसा महसूस करता है. यानी हर बार नया प्रयोग करने के बजाय वह उस स्टाइल को प्राथमिकता देता है, जिसमें उसे सहजता महसूस होती है.एक शोध में भी ये बात पाई गई. शोध में शामिल महिलाओं ने बताया कि वे ऐसे कपड़े पहनना पसंद करती हैं, जो उनकी पहचान और पसंद से मेल खाते हैं.
कई लोगों के लिए कपड़ों का फैशनेबल होना ही काफी नहीं होता. वे ऐसे कपड़े चाहते हैं, जिन्हें पहनकर पूरे दिन आराम महसूस हो. उन्हें पता होता है कि कौन-सा कपड़ा उन पर अच्छा लगता है और किस तरह की फिटिंग में वे सहज रहते हैं.
इसलिए जब उन्हें कोई पसंदीदा डिजाइन मिल जाता है, तो वे उसे दोबारा खरीदने से नहीं हिचकते. ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ हडर्सफील्ड में हुए एक अध्ययन में भी पाया गया कि लोग किसी कपड़े को लंबे समय तक इसलिए पहनते हैं, क्योंकि वह आरामदायक होता है और उनकी फिटिंग के हिसाब से सही बैठता है.
बार-बार कपड़े चुनने की परेशानी से बचना-
कपड़े चुनने में भी काफी समय लगता है. क्या पहनें, कौन-सा रंग अच्छा लगेगा और किस मौके पर कौन-सा कपड़ा सही रहेगा, ऐसे कई सवाल रोज सामने आते हैं. कुछ लोग इस परेशानी से बचने के लिए अपनी पसंद का एक तय स्टाइल बना लेते हैं.
पुरानी पसंद पर ज्यादा भरोसा करते हैं-
कुछ लोगों को नई चीजें आजमाने के बजाय वही चीजें खरीदना पसंद होता है, जिनका वे पहले इस्तेमाल कर चुके हैं. उन्हें पता होता है कि कौन-सा रंग उन पर अच्छा लगेगा और किस डिजाइन में वे अच्छे दिखेंगे. इसलिए वे नए प्रयोग करने के बजाय अपनी जानी-पहचानी पसंद पर भरोसा करते हैं. इससे गलत कपड़े खरीदने या बाद में उन्हें न पहनने का डर भी कम रहता है.
दूसरों की पसंद से ज्यादा खुद की पसंद को महत्व देना-
आजकल सोशल मीडिया पर फैशन के नए ट्रेंड लगातार देखने को मिलते हैं. कई लोग इन ट्रेंड्स को अपनाते हैं, जबकि कुछ अपनी पसंद के कपड़ों में ही खुश रहते हैं. उन्हें हर बार नया दिखने या दूसरों को प्रभावित करने की जरूरत महसूस नहीं होती.
हर बार एक जैसे कपड़े खरीदने के पीछे मनोविज्ञान ही हो, ऐसा जरूरी नहीं है. कई बार इसकी वजह बिल्कुल साधारण होती है.उदाहरण के लिए, किसी व्यक्ति को एक खास डिजाइन की शर्ट पसंद है. वह आरामदायक है, जल्दी खराब नहीं होती और ऑफिस में भी अच्छी लगती है. ऐसे में वह उसी डिजाइन की दो-तीन शर्ट खरीद सकता है. इससे उसे बार-बार शॉपिंग करने या नए कपड़ों के साथ प्रयोग करने की जरूरत नहीं पड़ती. इस तरह वह अपने पैसे और समय दोनों बचा सकता है.
क्या एक जैसे कपड़े खरीदना किसी मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत है?
नहीं, एक जैसे कपड़े बार-बार खरीदना अपने आप में किसी मनोवैज्ञानिक समस्या का संकेत नहीं है. यह किसी की पसंद, आराम और रोजमर्रा की आदत का हिस्सा हो सकता है. हालांकि, अगर कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने लगे, खुद को रोक न पाए या इसके कारण आर्थिक परेशानी होने लगे, तो इस आदत पर ध्यान देना जरूरी है. ऐसी स्थिति में विशेषज्ञ की मदद ली जा सकती है.
आखिर में , हर किसी का कपड़े पहनने का अपना तरीका होता है. किसी को हर बार नया लुक आजमाना पसंद है, तो किसी को अपने पसंदीदा रंग और डिजाइन में ही खुशी मिलती है. इसलिए एक जैसे कपड़े पहनने या खरीदने वाले लोगों को बोरिंग समझना सही नहीं है.
डिस्क्लेमर: यह लेख मनोवैज्ञानिक शोध और सामान्य व्यवहार के आधार पर तैयार किया गया है. एक जैसे कपड़े खरीदना किसी मानसिक समस्या का संकेत नहीं है. हर व्यक्ति की पसंद और खरीदारी की आदत अलग हो सकती है.