हरियाणा के 4 नाले कैसे बिगाड़ रहे यमुना का हाल?RTI में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
Last Updated:
हरियाणा के चार बड़े नाले अब भी सीवेज ट्रीटमेंट नेटवर्क से नहीं जुड़े हैं. आरटीआई में खुलासा हुआ है कि इनसे निकलने वाला गंदा पानी यमुना में पहुंच रहा है. आखिर किन शहरों के ये नाले नदी को प्रदूषित कर रहे हैं और कितना है प्रदूषण का आंकड़ा?
यमुना में प्रदूषण का बड़ा खुलासा
नई दिल्ली: हरियाणा के चार बड़े नाले अब भी सीवेज ट्रीटमेंट नेटवर्क से नहीं जुड़े हैं. यानी इनसे निकलने वाला गंदा पानी बिना पूरी तरह साफ हुए यमुना में पहुंच रहा है. आरटीआई में सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं. आखिर किन शहरों के ये नाले यमुना को प्रदूषित कर रहे हैं और हर दिन कितना गंदा पानी नदी में मिल रहा है?
सीपीसीबी ने बताया कि इनमें से तीन नालों से प्रतिदिन कुल 297.23 मिलियन लीटर (एमएलडी) पानी निकलता है, जिसमें जैव रासायनिक ऑक्सीजन मांग (बीओडी) के रूप में प्रतिदिन 9.649 टन प्रदूषण भार शामिल है. ऐसे नालों को ‘अनटैप्ड’ कहा जाता है, जो सीवेज शोधन नेटवर्क से नहीं जुड़े होते और जिनका अपशिष्ट जल एवं प्रदूषक सीधे जलाशयों या नदियों में पहुंचते हैं.
बीओडी पानी में मौजूद जैविक पदार्थों को विघटित करने के लिए सूक्ष्मजीवों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली घुलित ऑक्सीजन की मात्रा को दर्शाता है. बीओडी का स्तर अधिक होने का अर्थ है कि पानी में सीवेज, खाद्य अपशिष्ट या कृषि अपवाह जैसे जैविक प्रदूषकों की मात्रा अधिक है.
यह जानकारी कार्यकर्ता अमित गुप्ता द्वारा दायर आरटीआई आवेदन के जवाब में सामने आई है. गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘ये निष्कर्ष गंभीर चिंता पैदा करते हैं, क्योंकि आधिकारिक निरीक्षण और नियामक निर्देशों के बावजूद अनुपचारित अपशिष्ट जल लगातार यमुना में छोड़ा जा रहा है.’
उन्होंने बताया कि ये चार नाले फरीदाबाद में बुढ़िया नाला और अलीपुर नाला, करनाल में धनौरा एस्केप तथा पानीपत में ड्रेन नंबर दो हैं. सीपीसीबी ने 15 सितंबर को एक पत्र जारी कर एचएसपीसीबी के सदस्य सचिव और यमुनानगर, करनाल, फरीदाबाद तथा पानीपत के नगर आयुक्तों को अधिक बीओडी वाले अपशिष्ट जल के स्रोतों की पहचान करने और प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया था.
उनके के अनुसार, सीपीसीबी ने 15 सितंबर के पत्र के 30 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी थी. इस लिहाज से रिपोर्ट जमा करने की समयसीमा अक्टूबर के मध्य में समाप्त हो गई थी.