नई दिल्ली (Family Business Course). एक दौर में बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखने वाले ज्यादातर बच्चे बीबीए या बीसीए करके घर का व्यापार संभालने लगते थे. अक्सर घरों में फैमिली बिजनेस को करियर के विकल्प के तौर पर ही रखा जाता था. लेकिन अब वक्त बदल रहा है. अब बच्चे टॉप बिजनेस स्कूल से एमबीए करके घर का बिजनेस संभालते हैं. आगे चलकर अपना स्टार्टअप शुरू करना हो, कॉर्पोरेट में जाना हो या घर के काम को बड़े स्तर पर ले जाना हो, जमीनी कारोबार की समझ हर जगह काम आती है.
फैमिली बिजनेस जॉइन करने से पहले कोर्स करना क्यों जरूरी है?
बिजनेस सेक्टर में भी कॉम्पिटिशन तेजी से बढ़ रहा है. कस्टमर की पसंद बदल रही है और टेक्नोलॉजी हर दिन नया रूप ले रही है. ऐसे में सिर्फ पुराने तरीकों से चलना कई बार मुश्किल हो जाता है. एक अच्छा कोर्स आपको सिस्टम, फाइनेंस और ग्रोथ का साफ नक्शा देता है. समझिए कि फैमिली बिजनेस संभालने से पहले रेलेवेंट कोर्स करना क्यों फायदेमंद हो सकता है, कौन से कोर्स काम के हैं, कहां से किए जा सकते हैं और शुरुआत कैसे करें.
बदलते दौर की जरूरत है फैमिली बिजनेस कोर्स
फैमिली बिजनेस का हिस्सा बनने से पहले कोई कोर्स करना अनिवार्य नहीं है. लेकिन यह आपके काम को तेज और ऑर्गनाइज्ड बना सकता है. घर में अक्सर कामकाज अनुभव और भरोसे पर चलता है. कोर्स ‘सिस्टम’ बनाना सिखाता है- जैसे हिसाब-किताब कैसे परखें, टीम को कैसे साधें और नए मार्केट में कैसे उतरें. जब आप परिवार के अनुभव के साथ नई पढ़ाई जोड़ते हैं तो फैसले लेने में ज्यादा स्पष्टता आती है.
कौन सा कोर्स करें और कहां से करें?
आपकी जरूरत के हिसाब से कई ऑप्शन मौजूद हैं. अगर आप फुल टाइम के लिए जाना चाहते हैं तो Family Business Management, Entrepreneurship या MBA अच्छे विकल्प हैं. वहीं, अगर आप साथ-साथ काम सीखना चाहते हैं तो शॉर्ट-टर्म सर्टिफिकेट, एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम या ऑनलाइन कोर्स भी बेहतर रहते हैं. कोर्स वही चुनें, जिसमें फाइनेंस, डिजिटल मार्केटिंग या लीडरशिप पर फोकस हो.
भारत में IIM अहमदाबाद, आईआईएम बेंगलुरु, आईआईएम कोलकाता, आईआईएम उदयपुर, आईएसबी, SPJIMR, NMIMS और कई टॉप एमबीए संस्थानों में ऐसे प्रोग्राम मिलते हैं. विदेश की बात करें तो हार्वर्ड बिजनेस स्कूल, व्हॉर्टन, बाब्सन कॉलेज और लंदन बिजनेस स्कूल भी जाने जाते हैं. हालांकि, कोर्स चुनते वक्त उसकी फीस और अपने बिजनेस के आकार का तालमेल जरूर देखें.
फैमिली बिजनेस के लिए बेस्ट टिप्स
- पहले सुनें, फिर बदलें: फैमिली बिजनेस के साथ जुड़ते ही बड़े बदलाव न करें. कुछ महीने बड़ों और पुराने स्टाफ का वर्किंग स्टाइल समझें.
- काम आएगा छोटा पायलट प्रोजेक्ट: किसी नए आइडिया (जैसे ऑनलाइन बिक्री या सोशल मीडिया) पर छोटे स्तर पर काम करके नतीजे दिखाएं.
- स्पष्ट रखें अपना रोल: घर और ऑफिस की जिम्मेदारियों को लेकर परिवार में खुलकर बात करें. इससे बाद में गलतफहमी नहीं होगी.
- समझें हर स्तर का काम: सिर्फ कुर्सी पर बैठने के बजाय सेल्स, वेंडर कम्युनिकेशन और कस्टमर फीडबैक की जमीनी समझ बनाएं.
सही बैलेंस से मिलेगी सक्सेस
कोर्स आपको औजार दे सकता है, लेकिन उन औजारों को सही वक्त पर चलाना आपको खुद सीखना होगा. पढ़ाई और जमीनी अनुभव के बीच बैलेंस बनाकर चलने से परिवार के भरोसे को मजबूती मिलेगी और कारोबार भी नई ऊंचाई छू सकेगा.