5996 करोड़ लागत, 164KM दूरी, 3 घंटे का सफर… पटना टू बेतिया के लिए बनेगा सुपर हाईवे

5996 करोड़ लागत, 164KM दूरी, 3 घंटे का सफर… पटना टू बेतिया के लिए बनेगा सुपर हाईवे


Last Updated:

Patna To Bettiah Highway: पटना से बेतिया का सफर अब आधे समय में पूरा हो सकेगा. बिहार में करीब 5,996 करोड़ रुपये की लागत से 164 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड हाईवे बनाया जाएगा. इसके तैयार होने के बाद पटना से बेतिया पहुंचने में लगने वाला समय 6 घंटे से घटकर करीब 3 घंटे रह जाएगा. इस हाईवे से उत्तर बिहार के कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और माल ढुलाई को भी रफ्तार मिलेगी.

Zoom

(सांकेतिक इमेज AI से बनाई गई.)

पटनाः बिहार की राजधानी पटना से बेतिया जाने के समय अब घट जाएगा. पटना से पश्चिमी चंपारण के बेतिया तक बनने वाला ग्रीनफील्ड हाईवे उत्तर बिहार की तस्वीर बदल सकता है. करीब 164 किलोमीटर लंबे इस हाईवे के बनने से पटना से बेतिया पहुंचने में लगने वाला समय 6 घंटे से घटकर करीब 3 घंटे रह जाएगा. यानी यात्रियों के लगभग 3 घंटे बचेंगे. इस परियोजना पर करीब 5,996 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे के दौरान इस परियोजना के शिलान्यास को लेकर भी चर्चा है.

पटना से बेतिया तक कहां-कहां से गुजरेगा हाईवे?
पटना-बेतिया ग्रीनफील्ड हाईवे को NH-139W के नाम से जाना जाता है. इसका रूट पटना AIIMS से शुरू होकर दीघा, जेपी सेतु, बकरपुर, मानिकपुर, साहेबगंज और अरेराज होते हुए बेतिया तक जाएगा. इस सड़क से पटना के साथ वैशाली, सारण, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के लोगों को फायदा होगा. इस परियोजना का करीब 145 किलोमीटर हिस्सा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा. यानी सड़क का बड़ा हिस्सा नए रास्ते पर बनाया जाएगा. इससे घनी आबादी वाले इलाकों और बाजारों के बीच से गुजरने की जरूरत कम होगी. हाईवे पर गाड़ियों की आवाजाही ज्यादा आसान हो सकेगी.

6 घंटे की जगह 3 घंटे में पहुंचेंगे बेतिया
अभी पटना से बेतिया पहुंचने में करीब 6 घंटे लग जाते हैं. रास्ते में कई जगह जाम और बाजारों की वजह से सफर लंबा हो जाता है. नया हाईवे बनने के बाद यह दूरी करीब 3 घंटे में पूरी हो सकेगी. इससे यात्रियों के करीब 3 घंटे बचेंगे. इस परियोजना के तहत साहेबगंज से अरेराज होते हुए बेतिया तक 78.94 किलोमीटर लंबे हिस्से को भी विकसित किया जाएगा. इस हिस्से पर 3,822.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके तैयार होने पर साहेबगंज से बेतिया का सफर करीब ढाई घंटे से घटकर एक घंटे रह जाएगा.

10 फ्लाईओवर और 108 अंडरपास भी बनेंगे
इस हाईवे पर सिर्फ सड़क ही नहीं बनेगी, बल्कि यातायात को आसान बनाने के लिए कई दूसरी सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी. परियोजना में गंडक नदी और उसकी सहायक नदियों पर तीन बड़े पुल बनाने का प्रावधान है. इसके अलावा 10 फ्लाईओवर और 108 अंडरपास बनाए जाएंगे. इस सड़क से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी. कारोबारियों को माल ढुलाई में कम समय लगेगा. वहीं, केसरिया बौद्ध स्तूप और अरेराज के सोमेश्वरनाथ मंदिर जैसे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा.



Source link