Last Updated:
अपने लिए रोजगार खोजना बड़ा कठिन काम है. कहीं बाहर जाकर जॉब खोजते हैं तो नौकरी मिलने से पहले खाने-रहने का इंतजाम करना ही काफी खर्च वाला काम होता है. ऐसे में युवाओं को नौकरी पाने के लिए कहीं भटकना ना पड़े और उन्हें अपने ही जिले में रहते हुए आसानी से नौकरी मिल सके तो इससे बेहतर क्या हो सकता है.
बेगूसराय. बिहार में बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. अब खबर बेगूसराय जिले से सामने आई है. यहां
युवाओं के लिए नौकरी पाने का एक और बड़ा अवसर जिला नियोजनालय के प्रयास से बेरोजगारों के लिए सामने आया है. यह प्रयास जिला नियोजन पदाधिकारी अंकिता के द्वारा किया गया है. बताया गया इस रोजगार मेले में 20 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी, जो 1000 से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य लेकर पहुंचेंगी.
एपीएसएम कॉलेज कैंपस में लगेगा रोजगार मेला
जिला नियोजन प्रभारी पदाधिकारी अंकिता ने लोकल 18 से बताया कि युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार और जिला नियोजनालय बेगूसराय के संयुक्त प्रयास से इस रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है. रोजगार मेला बेगूसराय के बरौनी स्थित एपीएसएम कॉलेज कैंपस में आयोजित होगा. इसमें अलग-अलग निजी क्षेत्र की नियोजक कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी. चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की व्यवस्था भी की जाएगी. बताया गया कम पढ़े-लिखे युवाओं से लेकर उच्च शिक्षित अभ्यर्थी तक हिस्सा ले सकते हैं. आठवीं पास या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले बेरोजगार अभ्यर्थी रोजगार मेले में शामिल हो सकेंगे. अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है.
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा आयोजन
जिला नियोजनालय से बताया गया रोजगार मेले का आयोजन 26 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा. इस दौरान 20 से अधिक कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन करेंगी. जिला नियोजनालय की ओर से अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में पहुंचकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है. अगर आप बिहार के निवासी हैं तो बरौनी जंक्शन के पास आ सकते हैं. यहां से महज एक किमी की दूरी पर मेले का आयोजन किया जा रहा है. बता दें कि जिला नियोजन पदाधिकारी ने बिहार के युवाओं आवेदकों की सुगम यात्रा मेले तक पहुंच आसान हो इसके लिए इस लोकेशन का चयन किया गया है. जिले के विधायक अभिषेक आनंद ने अधिकारी के इस प्रयास की सहारना की है.