वैभव सूर्यवंशी का धमाका पहुंचा टाइम मैगजीन, टॉप 100 में आया विस्फोटक बल्लेबाज का नाम, लिस्ट में हरमनप्रीत सहित 9 भारतीय

वैभव सूर्यवंशी का धमाका पहुंचा टाइम मैगजीन, टॉप 100 में आया विस्फोटक बल्लेबाज का नाम, लिस्ट में हरमनप्रीत सहित 9 भारतीय


नई दिल्ली. विश्व भर में खेल से जुड़ी कोई खबर हो उसका कही ना कहीं कनेक्शन बिहार के लाल से निकल ही आता है. बात कर रहे है वैभव सूर्यवंशी की. भारत के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी, महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और मीराबाई चानू समेत नौ भारतीय खेल हस्तियों को टाइम 100 नेक्स  की सूची में जगह मिली है. इस सूची में उन लोगों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग क्षेत्रों में देश के भविष्य को आकार दे रहे हैं.

वैभव सूर्यवंशी के अलावा  विश्व चैंपियन शतरंज खिलाड़ी डी गुकेश, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ की राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विथ्या रामराज, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज कुमकुम मोहोड, भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पूनिया और पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हैं. यह सूची देश के भविष्य को प्रभावित करने वाले 100 असाधारण नेताओं और उभरती प्रतिभाओं को पहचान देती है. टाइम ने पहली बार भारत के लिए यह सूची जारी की है.

वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में बनाए कई रिकॉर्ड

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से क्रिकेट करियर में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. हाल ही में वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में बिहार की कप्तानी करते हुए पुरुषों के शीर्ष स्तर के टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने. इससे पहले जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर वह भारत के सबसे युवा पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बने थे. साल 2025 में 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल डेब्यू करके उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था. इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ शतक लगाकर पुरुष टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बने. आईपीएल 2026 में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे.

हरमनप्रीत कौर का जलवा 

37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक लगाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर हैं. उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2023 और 2025 में महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता. फरवरी में भारत के लिए तीनों फॉर्मेट मिलाकर अपना 356वां मुकाबला खेलते हुए वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बनीं. नवंबर 2025 में हरमनप्रीत ने भारतीय महिला टीम को पहली बार वनडे विश्व कप का खिताब दिलाकर अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल की.

सविता पूनिया की उपलब्धियां

36 वर्षीय सविता पूनिया तीन बार वर्ल्ड गोलकीपर ऑफ द ईयर का पुरस्कार जीत चुकी हैं. वह टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थीं. इसके अलावा उन्होंने जापान में 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी प्रतिनिधित्व किया. सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 321 मुकाबले खेल चुकीं सविता देश की सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला हॉकी खिलाड़ी हैं. इस सम्मान पर सविता ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है. भारत के भविष्य में अलग-अलग तरीकों से योगदान देने वाली इतनी प्रेरणादायक हस्तियों के बीच जगह पाकर मैं खुद को गौरवान्वित और विनम्र महसूस कर रही हूं.”

मीराबाई, लवलीना और गुकेश भी सूची में शामिल

मीराबाई चानू भारत की दिग्गज वेटलिफ्टर और टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता हैं. 32 वर्षीय चानू के नाम एक विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण और दो रजत पदक हैं. इसके अलावा उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है. इस साल की शुरुआत में जापान के आइची-नागोया में उन्होंने एशियाई खेलों में रजत पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में अपना पहला पदक हासिल किया.

मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था. इसके बाद 2023 में वह विश्व चैंपियन बनीं. 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली 29 वर्षीय लवलीना ने इस साल आइची-नागोया एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किया. 20 वर्षीय डी गुकेश मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन हैं. वह इस महीने के आखिर में उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ अपने विश्व खिताब का बचाव करेंगे.

सानिया मिर्जा और विथ्या रामराज को भी मिली जगह

महिला टेनिस की दिग्गज खिलाड़ी 40 वर्षीय सानिया मिर्जा ने अपने करियर में छह ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं. इनमें तीन महिला डबल्स और तीन मिक्स्ड डबल्स के खिताब शामिल हैं. वहीं, 28 वर्षीय विथ्या रामराज ने सितंबर में जापान में आयोजित एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के दौरान महिला 400 मीटर बाधा दौड़ में महान एथलीट पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था. अब TIME100 Next India की सूची में जगह मिलने के साथ ही इन सभी खिलाड़ियों ने भारतीय खेल जगत का मान बढ़ाया है.



Source link