भगवान विष्णु क्षीरसागर में शेषनाग पर ही क्यों करते हैं शयन? जानिए इसका रहस्य
Last Updated:
Why is Lord Vishnu on Sheshnag : सनातन धर्म में भगवान विष्णु और शेषनाग का संबंध अत्यंत महत्वपूर्ण और रहस्यमयी माना जाता है. सवाल यह है कि आखिर कैसे श्रीहरि हर समय विषैले नागों के राजा शेषनाग की फन और शैय्या पर पूरी तरह शांत मुद्रा में शयन करते हैं? शेषनाग और भगवान विष्णु की इस अद्भुत लीला के पीछे एक बेहद रोचक और गूढ़ पौराणिक रहस्य छिपा है, जो भक्तों को हमेशा से आकर्षित करता रहा है.
Why is Lord Vishnu on Sheshnag: हिंदू धर्म में भगवान विष्णु को सृष्टि का पालनहार माना जाता है. आपने अक्सर भगवान विष्णु की तस्वीरों और मूर्तियों में उन्हें क्षीरसागर में शेषनाग की शय्या पर विश्राम करते हुए देखा होगा. उनके सिर के ऊपर शेषनाग अपने विशाल फनों से छाया किए रहते हैं और माता लक्ष्मी उनके चरणों की सेवा करती दिखाई देती हैं. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि भगवान विष्णु शेषनाग पर ही शयन क्यों करते हैं? इसके पीछे कई धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताएं छिपी हुई हैं.
शेषनाग पर शयन करने का क्या है रहस्य? – पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, शेषनाग को अनंतनाग भी कहा जाता है. शेष का अर्थ है वह जो अंत में भी बचा रहे. मान्यता है कि शेषनाग के हजार फन हैं और वे भगवान विष्णु के परम भक्त हैं. उन्हें अनंत काल और शाश्वत शक्ति का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु क्षीरसागर में शेषनाग की शय्या पर विश्राम करते हैं, इसे योगनिद्रा कहा जाता है. इसका अर्थ सामान्य नींद नहीं, बल्कि ऐसी दिव्य अवस्था है, जिसमें भगवान संपूर्ण सृष्टि के संचालन और संरक्षण की शक्ति अपने भीतर धारण करते हैं.
शेषनाग के हजार फनों का क्या है अर्थ? – पौराणिक मान्यताओं में शेषनाग के हजार फनों को अनंत शक्तियों और ब्रह्मांड की विशालता का प्रतीक माना गया है. भगवान विष्णु के सिर के ऊपर शेषनाग के फन छाया करते हैं. इसे इस बात का प्रतीक माना जाता है कि ईश्वर के संरक्षण में पूरी सृष्टि सुरक्षित रहती है. कुछ आध्यात्मिक व्याख्याओं में शेषनाग को समय और अनंतता का प्रतीक भी माना गया है. भगवान विष्णु का उनके ऊपर विराजमान होना यह दर्शाता है कि वे समय और सृष्टि की सीमाओं से परे हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
क्षीरसागर में ही क्यों करते हैं विश्राम? – क्षीरसागर को पौराणिक कथाओं में दिव्य और शांत समुद्र बताया गया है. दूध के समान सफेद जल पवित्रता, शांति और सात्विकता का प्रतीक माना जाता है. भगवान विष्णु का वहां शयन करना इस बात का संकेत है कि सृष्टि के पालन के लिए शांति, संतुलन और धैर्य आवश्यक हैं.
भगवान विष्णु के शयन से मिलती है क्या सीख? – भगवान विष्णु का शेषनाग पर शयन करना केवल एक धार्मिक दृश्य नहीं, बल्कि गहरा आध्यात्मिक संदेश भी देता है. यह हमें सिखाता है कि जीवन में कितनी भी बड़ी जिम्मेदारी क्यों न हो, मनुष्य को अपना मानसिक संतुलन और धैर्य बनाए रखना चाहिए. भगवान विष्णु की यह छवि शांति, शक्ति, संरक्षण और अनंतता का संदेश देती है. इस प्रकार भगवान विष्णु का शेषनाग पर शयन करना उनकी दिव्यता, अनंत शक्ति और सृष्टि के पालन का प्रतीक माना जाता है.