Last Updated:
Ramayana Joins 1,000 Crore India Gross Club: बॉक्स ऑफिस पर कुछ फिल्में सिर्फ कमाई नहीं करतीं, बल्कि इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा देती हैं. रणबीर कपूर की ‘रामायण’ भी अब इसी राह पर आगे बढ़ चुकी है. फिल्म ने रिलीज के महज 14 दिनों में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसके लिए पहले कई बड़ी फिल्मों को लंबा इंतजार करना पड़ा था. खास बात यह है कि यह आंकड़ा दुनियाभर की कमाई का नहीं, बल्कि अकेले भारतीय बॉक्स ऑफिस का है. इस उपलब्धि के साथ ‘रामायण’ ने भारतीय सिनेमा की चुनिंदा ब्लॉकबस्टर फिल्मों के क्लब में जगह बना ली है.
नई दिल्ली. जब आस्था और सिनेमा का संगम होता है तो पर्दे पर कुछ ऐसा देखने को मिलता है जो लंबे समय तक याद रहता है. इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ के साथ भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है. एक तरफ भगवान राम की गाथा और दूसरी तरफ दर्शकों का जबरदस्त प्यार. फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है. रिलीज के पहले दिन से शुरू हुआ कमाई का सिलसिला दूसरे हफ्ते में भी थमता नजर नहीं आ रहा. दिलचस्प बात यह है कि फिल्म ने अब एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां तक पहुंचना हर बड़े सुपरस्टार का सपना होता है. रणबीर कपूर की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया इतिहास लिख दिया है. फोटो साभार- रेडिट
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. फिल्म ने यह मुकाम सिर्फ 14 दिनों में हासिल किया. इसके साथ ही यह भारत में 1000 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली छठी भारतीय फिल्म बन गई है और बॉलीवुड की तीसरी फिल्म बन गई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में हैं. यश रावण बने हैं, जबकि साई पल्लवी ने सीता की भूमिका में दिखाई दे रही हैं. नमित मल्होत्रा इस फिल्म के निर्माता हैं. रिलीज के दूसरे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है. हिंदी के साथ 6 दूसरी भाषा में भी इसे दर्शकों का प्यार मिल रहा है. फोटो साभार- रेडिट
दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये कमाना अब बड़ी फिल्मों के लिए आम बात हो गई है. लेकिन सिर्फ भारत में इतनी कमाई करना आज भी आसान नहीं है. साल 2017 में ‘बाहुबली 2’ ने सबसे पहले यह रिकॉर्ड बनाया था. इसके बाद करीब पांच साल तक कोई दूसरी फिल्म इस क्लब में शामिल नहीं हो सकी. हालांकि, पिछले कुछ सालों में यह तस्वीर बदली है. अब फिल्मों के लिए यह मुकाम हासिल करना थोड़ा आसान हुआ है. साल 2026 में ही दो फिल्मों ने भारत में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. फोटो साभार- रेडिट
Add News18 as
Preferred Source on Google
‘रामायण’ से पहले पांच भारतीय फिल्में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी हैं. इस लिस्ट में साउथ से लेकर बॉलीवुड तक की बड़ी फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों ने अलग-अलग साल में यह मुकाम हासिल किया है. साल 2017 में ‘बाहुबली 2’ ने पहली बार भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था. इसके बाद 2022 में ‘KGF चैप्टर 2’ इस क्लब में शामिल हुई. फिर 2024 में ‘पुष्पा 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया. वहीं 2025 और 2026 में हिंदी फिल्मों ने भी इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई. फाइल फोटो.
‘रामायण’ की यह कामयाबी हिंदी सिनेमा के लिए भी खास है. साउथ की फिल्मों ने लंबे समय तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ क्लब में दबदबा बनाए रखा. लेकिन 2025 में रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने इस सिलसिले को बदला. इसके बाद ‘धुरंधर 2’ ने भी यह रिकॉर्ड बनाया. अब रणबीर कपूर की ‘रामायण’ इस क्लब में शामिल होने वाली तीसरी हिंदी फिल्म बन गई है.
रणबीर कपूर के करियर के लिहाज से भी यह बड़ी उपलब्धि है. इससे पहले उनकी फिल्म ‘एनिमल’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कारोबार किया था. वहीं यश के लिए यह दूसरी बड़ी कामयाबी है. इससे पहले वह ‘KGF चैप्टर 2’ के जरिए भी 1000 करोड़ क्लब में जगह बना चुके हैं. फाइल फोटो.
निर्देशक नितेश तिवारी के लिए भी ‘रामायण’ की सफलता खास है. इससे पहले उनकी फिल्म ‘दंगल’ ने दुनियाभर में शानदार कारोबार किया था. चीन में मिली जबरदस्त कामयाबी ने ‘दंगल’ को भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल कर दिया था. अब ‘रामायण’ के साथ नितेश तिवारी ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है. फाइल फोटो.
‘रामायण’ को दिवाली की लंबी छुट्टियों का फायदा फिल्म को शुरुआती दिनों में मिला. दूसरे हफ्ते में भी फिल्म ने अपनी पकड़ बनाए रखी. अब फिल्म के सामने भारत में सबसे ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन करने वाली फिल्मों की लिस्ट में ऊपर पहुंचने की चुनौती है. ‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली 2’ जैसे बड़े रिकॉर्ड अभी इसके आगे हैं. ऐसे में तीसरे हफ्ते और आने वाले वीकेंड का कारोबार काफी अहम होगा. देखना दिलचस्प होगा कि रणबीर कपूर की ‘रामायण’ अपनी कमाई को कहां तक ले जाती है. फाइल फोटो.