Last Updated:
दिल्ली की सरोजनी नगर मार्केट सस्ती विंटर शॉपिंग के लिए मशहूर है. यहां स्वेटर और जैकेट की कीमत 150 से 200 रुपये से शुरू होती है. लड़कों और लड़कियों के लिए कई ट्रेंडी विकल्प मिलते हैं. बेहतर दाम के लिए दुकानों पर मोलभाव जरूर करें.
नई दिल्लीः सर्दियों में नए कपड़े खरीदने का मन तो हर किसी का करता है, लेकिन जब बात बजट की आती है तो कई बार पसंद के कपड़े खरीदने से पहले जेब देखनी पड़ती है.अब अगर आपको भी कम पैसों में अच्छे और ट्रेंडी कपड़े खरीदने हैं, तो दिल्ली की सरोजनी नगर मार्केट का रुख कर सकते हैं.यहां की खासियत ही यही है कि फैशन के मामले में आपको ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती.लड़कियों के वेस्टर्न आउटफिट्स हों या लड़कों की जैकेट और हुडी, इस बाजार में हर तरह के कपड़ों की वैरायटी देखने को मिल जाती है.
विंटर कलेक्शन में क्या है नया
सरोजनी नगर की दुकानों पर इन दिनों सर्दियों के कपड़ों की रेंज देखने को मिल रही है.यहां ओवरसाइज हुडी, स्वेटशर्ट, डेनिम जैकेट, बॉम्बर जैकेट और अलग-अलग डिजाइन के स्वेटर लोगों को पसंद आ रहे हैं.लड़कियों के लिए लॉन्ग कोट, कार्डिगन, क्रॉप स्वेटर और स्टाइलिश विंटर टॉप के विकल्प हैं.वहीं लड़कों के लिए कैजुअल जैकेट, हुडी और स्वेटशर्ट की अच्छी वैरायटी मिलती है.यानी कॉलेज जाना हो, ऑफिस या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान हो, हर मौके के हिसाब से कपड़े तलाश सकते हैं.
150 रुपये से शॉपिंग शुरू
अब बात करें कीमत की तो सरोजनी नगर की सबसे बड़ी ताकत इसकी सस्ती शॉपिंग है.बाजार में कुछ दुकानों पर स्वेटर और जैकेट 150 से 200 रुपये की शुरुआती कीमत पर भी मिल रहे हैं.वहीं डिजाइन और क्वालिटी के हिसाब से कीमत बढ़ सकती है.बेहतर जैकेट, लॉन्ग कोट और हुडी के लिए आपको थोड़ा ज्यादा बजट रखना पड़ सकता है.
मोलभाव करना न भूलें
सरोजनी नगर में खरीदारी करने जाएं तो एक बात जरूर याद रखें, यहां दुकानदार का बताया पहला रेट ही आखिरी रेट नहीं होता. अगर आप थोड़ा मोलभाव करते हैं और आसपास की दुकानों पर कीमत पूछते हैं, तो कई बार वही कपड़ा कम दाम में मिल सकता है.इसलिए जल्दबाजी में खरीदारी न करें. कपड़े की क्वालिटी, सिलाई और जिप जरूर चेक करें. यही वजह है कि सरोजनी नगर आज भी उन लोगों की पसंद बना हुआ है, जिन्हें कम बजट में ट्रेंडी फैशन चाहिए.