Last Updated:
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान अपनी खूबसूरती और शानदार अदाकारी के लिए जानी जाती हैं. ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ से लेकर ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ तक उन्होंने कई यादगार फिल्मों में काम किया है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जीनत खान से उनका नाम जीनत अमान कैसे पड़ा? दरअसल, इसके पीछे उनके पिता अमानुल्लाह खान से जुड़ी एक बेहद खास कहानी है. उन्होंने अपने पिता की पहचान को हमेशा के लिए अपने नाम का हिस्सा बना लिया था.
नई दिल्ली. बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने अपनी खूबसूरती और शानदार अभिनय से हिंदी सिनेमा में अलग पहचान बनाई है. ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘यादों की बारात’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ और ‘कुर्बानी’ जैसी फिल्मों में उन्होंने ऐसे किरदार निभाए, जिन्हें आज भी याद किया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि जीनत अमान के नाम के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी छिपी है? दरअसल, उन्होंने अपना सरनेम अपने पिता के नाम से लिया था. इसके पीछे उनके पिता से जुड़ी यादें और उनके प्रति प्यार की एक खास वजह है.
जीनत अमान का जन्म 19 नवंबर 1951 को मुंबई में हुआ था. जन्म के समय उनका नाम जीनत खान रखा गया था. उनके पिता का नाम अमानुल्लाह खान और मां का नाम वर्धिनी सिंधिया था. दोनों की मुलाकात एक पार्टी में हुई थी. इसके बाद दोनों ने शादी कर ली, लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते से खुश नहीं थे. जीनत ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता मुस्लिम परिवार से थे, जबकि मां हिंदू थीं. यही वजह थी कि दोनों के रिश्ते को परिवारों की मंजूरी नहीं मिल पाई. हालांकि, उनकी शादी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और जीनत जब करीब दो साल की थीं, तभी उनके माता-पिता अलग हो गए. इसके बाद जीनत अपनी मां के साथ रहने लगीं.
जीनत अमान के पिता अमानुल्लाह खान ने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की थी, लेकिन बाद में उन्होंने लेखन की दुनिया में कदम रख दिया. वह हिंदी सिनेमा के जाने-माने स्क्रीनराइटर थे. उन्होंने ‘मुगल-ए-आजम’ और ‘पाकीजा’ जैसी मशहूर फिल्मों के स्क्रीनप्ले और डायलॉग लिखे थे. उन्हें उर्दू भाषा पर अच्छी पकड़ थी. वह एक अच्छे शायर भी थे और अक्सर कविताएं लिखा करते थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जीनत ने एक इंटरव्यू में अपने पिता के बारे में बात करते हुए बताया था कि उनके पास शब्दों का शानदार खजाना था. वह उर्दू में कई खूबसूरत कविताएं लिखते थे. अभिनेत्री के पास आज भी उनके पिता की लिखी कविताओं का एक संग्रह मौजूद है. वह चाहती हैं कि इन कविताओं का अनुवाद करवाकर उन्हें किताब के रूप में प्रकाशित किया जाए, ताकि उनके पिता की लेखनी लोगों तक पहुंच सके.
अमानुल्लाह खान लेखन की दुनिया में ‘अमान’ नाम से मशहूर थे. यही नाम आगे चलकर उनकी बेटी की पहचान का हिस्सा बन गया. जीनत ने अपने पिता के इसी नाम को सरनेम के तौर पर अपनाने का फैसला किया. इस तरह जीनत खान का नाम बदलकर जीनत अमान हो गया. यह उनके लिए सिर्फ नाम बदलने का फैसला नहीं था, बल्कि अपने पिता की पहचान और उनकी यादों को हमेशा अपने साथ रखने का एक तरीका भी था.
जीनत अमान सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी जिंदगी से जुड़े पुराने किस्से साझा करती रहती हैं. एक पोस्ट में उन्होंने पिता के साथ बिताए बचपन के दिनों को भी याद किया था. उन्होंने बताया था कि वह कभी-कभी अपने पिता से मिलने जाया करती थीं. दोनों साथ में लंबी सैर पर निकलते थे और इस दौरान उनके पिता उन्हें आइसक्रीम भी खिलाते थे.
अमानुल्लाह खान अपनी बेटी को कहानियां सुनाते थे और उर्दू की कविताओं से उनका परिचय कराते थे. वह जीनत के लिए खुद भी कविताएं लिखा करते थे. इतना ही नहीं, वह जीनत और उनकी मां को अंग्रेजी में खूबसूरत चिट्ठियां भी लिखते थे. पिता के साथ बिताए ये छोटे-छोटे पल अभिनेत्री के लिए आज भी बेहद खास हैं.
जीनत को अपने पिता के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिला. जब वह महज 13 साल की थीं, तभी उनके पिता अमानुल्लाह खान का निधन हो गया. उस वक्त उनकी उम्र सिर्फ 41 साल थी. जीनत ने अपनी पोस्ट में इस बात का दुख भी जाहिर किया था कि उन्हें बड़े होने के बाद अपने पिता को और करीब से जानने का मौका नहीं मिल पाया. यही वजह है कि उनके नाम में जुड़ा ‘अमान’ आज भी उन्हें अपने पिता की याद दिलाता है.