Last Updated:
UP Infrastructure: रियल एस्टेट कंपनी काउंटी ग्रुप ने नोएडा में 25 एकड़ में लक्जरी आवासीय परियोजना को डेवलप करने के लिए इलेट रियल्टर्स के साथ साझेदारी की है. कंपनी ने गुरुवार को बयान में कहा कि उसने नोएडा के सेक्टर 150 में 24.71 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है.
फाइल फोटो
नोएडा/नई दिल्ली: नोएडा में बसने और इनवेस्ट करने की ख्वाहिश रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. रियल एस्टेट कंपनी काउंटी ग्रुप ने नोएडा में 25 एकड़ में लक्जरी आवासीय परियोजना को डेवलप करने के लिए इलेट रियल्टर्स के साथ साझेदारी की है. कंपनी ने गुरुवार को बयान में कहा कि उसने नोएडा के सेक्टर 150 में 24.71 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया है.
काउंटी ग्रुप ने कहा, ‘830 करोड़ रुपये मूल्य की इस जमीन को इलेट रियल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ संयुक्त विकास समझौते (जेडीए) के जरिये हासिल किया गया है.’ कंपनी इस जमीन पर एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने की योजना बना रही है, जिसे दिसंबर 2026 में पेश किए जाने की उम्मीद है.
काउंटी ग्रुप सेक्टर 150 स्पोर्ट्स सिटी परियोजना में दो सार्वजनिक खेल सुविधाओं के डिजाइन और निर्माण की जिम्मेदारी भी संभालेगा. काउंटी ग्रुप के निदेशक अमित मोदी ने कहा, ‘‘करीब 25 एकड़ का भूखंड हमें नोएडा के सबसे संभावनाशील क्षेत्रों में से एक में बड़े पैमाने पर आवासीय परियोजना विकसित करने का अवसर देता है.’
उन्होंने कहा कि कंपनी को लगभग छह एकड़ क्षेत्र में दो सार्वजनिक खेल परिसरों- इनडोर मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स हॉल और स्विमिंग सेंटर के निर्माण के लिए नोएडा प्राधिकरण से सीधी मंजूरी भी मिल गई है. काउंटी ग्रुप दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर में से है.