गोपालगंज सैनिक स्कूल में छठी और नौवीं में नामांकन प्रक्रिया शुरू, लड़के और लड़कियां दोनों कर सकेंगे आवेदन, जानें आवेदन की अंतिम तारीख

गोपालगंज सैनिक स्कूल में छठी और नौवीं में नामांकन प्रक्रिया शुरू, लड़के और लड़कियां दोनों कर सकेंगे आवेदन, जानें आवेदन की अंतिम तारीख


Last Updated:

Sainik School Admission: देश की रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा मौका है. सैनिक स्कूल गोपालगंज में छठी और नौवीं कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन शुरू हो गया है. खास बात यह है कि इस बार लड़के और लड़कियां दोनों दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

सैनिक स्कूल गोपालगंज में छठी-नौवीं में नामांकन के लिए आवेदन शुरू

गोपालगंज. देश की रक्षा सेवाओं में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्र-छात्राओं के लिए सुनहरा मौका है. सैनिक स्कूल गोपालगंज में छठी और नौवीं कक्षा में नामांकन के लिए आवेदन शुरू हो गया है. खास बात यह है कि इस बार लड़के और लड़कियां दोनों दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे. पांचवीं और आठवीं पास विद्यार्थी दो दिसंबर तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. जबकि 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ छह दिसंबर तक आवेदन का मौका मिलेगा. प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी.

जिला शिक्षा विभाग ने ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों तक भी इसकी जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया है. डीईओ अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र भेजा गया था कि उनके विद्यालयों के छात्र और छात्राएं सैनिक विद्यालय में नामांकन के लिए आवेदन कर सकें. इसका मकसद यह है कि ग्रामीण और गरीब परिवार के मेधावी बच्चे भी इस मौके से वंचित न रह जाएं. प्रधानाध्यापकों से कहा गया है कि वे स्कूल में नोटिस लगाएं और बच्चों को आवेदन की प्रक्रिया समझाएं.

कौन कर सकता है आवेदन?

बता दें कि सैनिक स्कूल में नामांकन के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा यानी AISSEE 2027 आयोजित की जाती है. यह परीक्षा NTA आयोजित करता है. कक्षा 6 में नामांकन के लिए विद्यार्थी का पांचवीं पास या पांचवीं की परीक्षा में शामिल होना जरूरी है. कक्षा 9 में नामांकन के लिए विद्यार्थी का आठवीं पास या आठवीं की परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.

आयु सीमा क्या होनी चाहिए?

निर्देश के अनुसार, आयु सीमा कक्षा 6 के लिए 31 मार्च 2027 को आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए. यानी जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए. कक्षा 9 के लिए 31 मार्च 2027 को आयु 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए. यानी जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना चाहिए. आवेदन करने से पहले अभिभावक आधिकारिक सूचना पत्र में आयु और पात्रता जरूर जांच लें.

महत्वपूर्ण तारीख जानिए

बता दें कि ऑनलाइन आवेदन 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है. बिना विलंब शुल्क के आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11.50 बजे तक है. 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन किया जा सकेगा. फॉर्म में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक करेक्शन विंडो खुलेगी. परीक्षा शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को मिलेगी. एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 को जारी होगा. प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 रविवार को होगी.

कैसे भरें फॉर्म?

विद्यार्थी NTA की आधिकारिक वेबसाइट exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. फॉर्म भरते समय जन्म तिथि, कक्षा, स्कूल का नाम और फोटो जैसे दस्तावेज सही-सही भरें. गलत जानकारी पर फॉर्म रद्द हो सकता है. आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन ही करना होगा. फॉर्म भरने के बाद उसकी एक प्रति अपने पास जरूर रखें.

एक जरूरी जांच, कक्षा 9 की सीट को लेकर

NTA के सूचना पत्र के साथ जारी स्कूलवार सीटों की सूची में सैनिक स्कूल गोपालगंज के लिए कक्षा 6 में 110 सीटें और कक्षा 9 में Nil यानी शून्य सीट दिखाई गई है. इसलिए गोपालगंज को पहली प्राथमिकता बनाकर कक्षा 9 के लिए फॉर्म भरने से पहले अभिभावक आधिकारिक सूचना पत्र की सीट सूची जरूर जांच लें. कक्षा 9 के अभ्यर्थी दूसरे सैनिक स्कूलों या न्यू सैनिक स्कूलों के विकल्प भी देख सकते हैं. यह जांच इसलिए जरूरी है ताकि बाद में सीट को लेकर भ्रम न रहे.

सैनिक स्कूल क्यों है खास?

बता दें कि सैनिक स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, शारीरिक फिटनेस, नेतृत्व और देशभक्ति की ट्रेनिंग दी जाती है. यहां से पढ़े कई छात्र NDA, सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनते हैं. साथ ही मेडिकल, इंजीनियरिंग और सिविल सेवा में भी जाते हैं. ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए यह कम फीस में अच्छी शिक्षा और बेहतर भविष्य का रास्ता है.



Source link