क्यों सलमान खान नहीं? आयुष्मान खुराना बने सूरज बड़जात्या के नए प्रेम, डायरेक्टर ने उठा दिया बड़े राज से पर्दा

क्यों सलमान खान नहीं? आयुष्मान खुराना बने सूरज बड़जात्या के नए प्रेम, डायरेक्टर ने उठा दिया बड़े राज से पर्दा


नई दिल्ली: बॉलीवुड में जब भी प्रेम नाम का जिक्र होता है, तो सबसे पहले सलमान खान का चेहरा याद आता है. राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों में सलमान ने इस किरदार को अपनी पहचान बना दिया था. अब सालों बाद डायरेक्टर सूरज बड़जात्या अपने इसी आइकॉनिक किरदार को नए अंदाज में लेकर आ रहे हैं.

उनकी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में इस बार आयुष्मान खुराना प्रेम की भूमिका निभा रहे हैं. बुधवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ. इसके साथ ही आयुष्मान के प्रेम को लेकर चर्चा भी शुरू हो गई है.

सलमान खान ही हैं ओरिजिनल प्रेम

मुंबई में ट्रेलर लॉन्च के दौरान आयुष्मान ने माना कि सलमान खान से जुड़े इस किरदार को निभाना आसान नहीं है. दर्शकों के मन में प्रेम की एक खास छवि है और उसे निभाने की जिम्मेदारी भी बड़ी है. जब उनसे पूछा गया कि सलमान की प्रेम के रूप में कौन सी फिल्म उनकी पसंदीदा है, तो उन्होंने कहा, “सलमान खान से बेहतर प्रेम कोई नहीं हो सकता. वह ओरिजिनल प्रेम हैं.” आयुष्मान ने कहा कि प्रेम बनना बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए एक ऐसे इंसान को समझना जरूरी है, जो सेंसिटिव और दयालु हो. यही इस फिल्म का प्रेम है.

डायरेक्टर सूरज बड़जात्या ने बताया कि जब उनके पास इस फिल्म की कहानी आई, तो प्रेम के किरदार के लिए उनके दिमाग में सबसे पहले आयुष्मान खुराना का नाम आया. वह ऐसे एक्टर को चाहते थे, जो अपनी सादगी से इस किरदार को खास बना सके. सूरज के मुताबिक, फिल्म का प्रेम अपनी ही सोच और नरम अंदाज में कुछ सवाल करता है. उन्होंने आयुष्मान की फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि ‘बाला’ और ‘ड्रीम गर्ल’ जैसी फिल्मों में भी उनकी सादगी नजर आती है. उनकी यही खूबी इस किरदार के लिए सही लगी.

सलमान और आयुष्मान

सूरज बड़जात्या ने बताया कि वह सलमान खान और आयुष्मान दोनों को प्रेम के किरदार में अपनी तरह से काम करने की आजादी देते हैं. वह किसी एक्टर को दूसरे की नकल करने के लिए नहीं कहते. उन्होंने बताया कि आयुष्मान ने पहले ही दिन प्रेम के किरदार का अंदाज पकड़ लिया था. इसके बाद उन्होंने उसमें बदलाव करने की जरूरत नहीं समझी. सूरज ने कहा कि सलमान के साथ भी उनका यही तरीका रहा है. वह पहले सीन समझाते हैं और फिर सलमान उसमें अपना अंदाज जोड़ते हैं. यही वजह है कि दोनों का प्रेम अलग-अलग होते हुए भी खास है.

फिल्म में आयुष्मान के साथ शरवरी भी लीड रोल में हैं. इसके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक कपूर, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे, सौम्या टंडन, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी और राजेश कुमार जैसे कलाकार भी नजर आएंगे. फिल्म को राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स मिलकर बना रहे हैं. यह सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ऊंचाई’ के बाद बतौर डायरेक्टर वापसी है. ‘ऊंचाई’ को नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है.

27 नवंबर को रिलीज होगी ‘ये प्रेम मोल लिया’

फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी हिमेश रेशमिया ने संभाली है. सूरज बड़जात्या और हिमेश इससे पहले सलमान खान की फिल्म ‘प्रेम रतन धन पायो’ में साथ काम कर चुके हैं. फिल्म के प्रमोशन में ‘झुमका पटोला’ गाना भी सुनने को मिल रहा है, जिसे श्रेया घोषाल ने गाया है. सेंसर बोर्ड से फिल्म को यूए 13 प्लस सर्टिफिकेट मिलने की खबर है. इसका रनटाइम करीब 2 घंटे 53 मिनट बताया जा रहा है.

‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख की फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ से होगा. अब देखना होगा कि सलमान खान के बाद आयुष्मान खुराना का प्रेम दर्शकों को कितना पसंद आता है.





Source link