कौन हैं राम्या कृष्णन के पति कृष्णा वामसी? न तलाक, न अनबन, फिर क्यों अलग-अलग रहते हैं? ‘शिवगामी’ ने बताया कारण

कौन हैं राम्या कृष्णन के पति कृष्णा वामसी? न तलाक, न अनबन, फिर क्यों अलग-अलग रहते हैं? ‘शिवगामी’ ने बताया कारण


नई दिल्ली. बॉलीवुड और साउथ सिनेमा में कई ऐसी जोड़ियां हैं, जिनकी निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रहती है. कुछ सितारे अपने रिश्ते को दुनिया के सामने खुलकर जाहिर करते हैं तो कुछ अपनी जिंदगी में अलग तरह के फैसले लेते हैं. ऐसी ही एक जोड़ी इन दिनों सुर्खियों में है. ‘बाहुबली’ की शिवगामी यानी राम्या कृष्णन की पर्सनल लाइफ इन दिनों सुर्खियों में हैं. उनके पति और तेलुगु सिनेमा के मशहूर निर्देशक कृष्णा वामसी संग उनके रिश्तों की चर्चा है.

दोनों के अलग-अलग शहरों में रहने की खबरों ने उनके रिश्ते पर सवाल खड़े कर दिए थे. हालांकि, एक्ट्रेस ने खुद सामने आकर इन अटकलों का जवाब दिया है. उन्होंने साफ कर दिया कि उनके रिश्ते में कोई दरार नहीं है.

कौन हैं कृष्णा वामसी?

कृष्णा वामसी तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक, लेखक और निर्माता हैं. उनका असली नाम पसुपुलेटी वेंकट बंगाराजू है. आंध्र प्रदेश में जन्मे कृष्णा ने अपने करियर की शुरुआत मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा के साथ की थी. वह उनके असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करते थे. करीब 10 फिल्मों में उनके साथ काम करने के बाद कृष्णा ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा.

साल 1995 में आई फिल्म ‘गुलाबी’ से उन्होंने बतौर निर्देशक डेब्यू किया. इसके बाद ‘निन्ने पेल्लादथा’, ‘सिंदूरम’, ‘अंतहपुरम’, ‘मुरारी’ और ‘खड्गम’ जैसी फिल्मों ने उन्हें अलग पहचान दिलाई. उनकी फिल्मों में पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और सामाजिक मुद्दों की झलक देखने को मिलती है. ‘निन्ने पेल्लादथा’ और ‘सिंदूरम’ जैसी फिल्मों के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया. उन्हें तेलुगु सिनेमा में ‘क्रिएटिव डायरेक्टर’ के नाम से जाना जाता है.

राम्या कृष्णन और कृष्णा वामसी की लव स्टोरी

राम्या कृष्णन और कृष्णा वामसी का रिश्ता फिल्मी दुनिया से ही शुरू हुआ था. दोनों ने साथ काम किया और इसी दौरान उनकी नजदीकियां बढ़ीं. राम्या ने कृष्णा वामसी की फिल्म ‘चंद्रलेखा’ में भी काम किया था. इसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया. 12 जून 2003 को दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंध गए. साल 2005 में उनके घर बेटे रित्विक का जन्म हुआ.

राम्या कृष्णन ने तलाक की खबरों को गलत बताया. फोटो साभार-@meramyakrishnan/Instagram

अलग-अलग शहरों में क्यों रहते हैं दोनों?

राम्या कृष्णन और कृष्णा वामसी के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें हो रही थीं. इसकी वजह थी दोनों का अलग-अलग शहरों में रहना और सार्वजनिक कार्यक्रमों में साथ नजर नहीं आना है. अब राम्या ने ‘रॉ टॉक्स विद वीके’ पॉडकास्ट में इस मामले पर खुलकर बात की है. एक्ट्रेस ने कहा कि वह और कृष्णा वामसी आज भी 100 फीसदी शादीशुदा हैं. हालांकि, दोनों अपनी सहूलियत के हिसाब से अलग-अलग शहरों में रहते हैं. राम्या के मुताबिक, इसकी सबसे बड़ी वजह उनका काम है.

बेटे की वजह से लिया फैसला

उन्होंने बताया कि जब उन्होंने एक टीवी सीरियल का काम शुरू किया था, तब उनका बेटा छोटा था. उस समय उन्हें हर 15 दिन में चेन्नई आना-जाना पड़ता था. जब भी वह बेटे को छोड़कर जाती थीं, उसकी तबीयत खराब होने लगती थी. ऐसे में दोनों ने आपसी सहमति से बेटे को चेन्नई के स्कूल में दाखिला दिलाने का फैसला किया. धीरे-धीरे अलग-अलग शहरों में रहना दोनों के लिए सुविधाजनक हो गया. राम्या ने यह भी कहा कि अब वे पहले से बेहतर दोस्त हैं. पहले साथ रहने पर छोटी-छोटी बातों पर बहस हो जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होता. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि शायद इसी वजह से उनकी शादी आज भी कायम है.

शादी को लेकर क्या सोचती हैं राम्या कृष्णन?

पॉडकास्ट में राम्या ने शादी की संस्था पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कई बार उन्हें लगता है कि किसी रिश्ते में शादी की जरूरत से ज्यादा अहमियत दे दी जाती है. उन्होंने बताया कि कृष्णा वामसी पहले उनसे कहते थे कि शादी करने के बजाय दोनों साथ रह सकते हैं. आज पीछे मुड़कर देखती हैं तो उन्हें लगता है कि शायद उन्हें उनकी बात मान लेनी चाहिए थी.



Source link