Opinion: ‘जब तक पेट्रोल है, गाड़ी को चलने दो!’ यही है एमएस धोनी का असली करिश्मा

Opinion: ‘जब तक पेट्रोल है, गाड़ी को चलने दो!’ यही है एमएस धोनी का असली करिश्मा


मुझे IPL 2009 के दौरान डरबन एयरपोर्ट पर एमएस धोनी (तब मुझे इसका अहसास नहीं था) से मिला अनमोल सबक मिला था. यह उनके शानदार करियर का मध्य चरण था. वह पहला T20 वर्ल्ड कप जीत चुके थे, लेकिन 2011 वर्ल्ड कप, भारत को टेस्ट में नंबर-1 बनाने का गौरव, IPL के कई खिताब और चैंपियंस लीग की सफलताएं अभी भविष्य के गर्भ में थीं.

मैंने उनसे पूछा कि भारत के कप्तान और IPL में अपनी टीम के कप्तान के रूप में वह आने वाले वर्षों में अपने वर्कलोड को कैसे मैनेज करेंगे?

एमएमस धोनी के साथ विमल कुमार

इससे एक साल पहले ही उन्होंने एक ऐसा फैसला लिया था, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी, उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से खुद को अलग रखा था. उस भारतीय टीम में कई दिग्गज टेस्ट खिलाड़ी और इस फॉर्मेट के बड़े पुरोधा शामिल थे. कुछ पूर्व खिलाड़ियों और यहां तक कि उनके कुछ साथियों ने भी उन पर तंज कसा था. कहा जा रहा था कि झारखंड का यह क्रिकेटर IPL की कमाई में ज्यादा दिलचस्पी रखता है और टेस्ट क्रिकेट को कथित तौर पर ‘अपमानित’ करके ज्यादा दिन नहीं टिक पाएगा.

धोनी का जवाब बिल्कुल उनके अंदाज में था.

जब तक पेट्रोल है, गाड़ी को चलने दो. जब तक थक नहीं जाता, खेलने दो. मैंने कभी यह नहीं सोचा कि मुझे ऑल टाइम ग्रेट बनना है या ऐसा कुछ. झारखंड में टेनिस बॉल क्रिकेट खेला, सफेद गेंद और लाल गेंद से क्रिकेट खेला. अब यह नया IPL आया है. मुझे इस फॉर्मेट का आनंद लेने दो. यह उस क्रिकेट के ज्यादा करीब है, जो मैं झारखंड में खेला करता था.

एमएस धोनी एक मस्तमौला शख्स हैं.

उनका इशारा उसी बेफिक्र अंदाज की ओर था, जिसमें वह छक्के लगाते हुए कहते थे- माहिया मार रहा है!

सच कहूं तो मैंने कभी कल्पना नहीं की थी कि वह 2026 तक भी क्रिकेट खेल रहे होंगे.

लेकिन क्या शानदार सफर रहा है! अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL में एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में वह विश्व क्रिकेट के सबसे बड़े दिग्गजों में शामिल हैं, उनकी उपलब्धियां, लंबा करियर और प्रभाव उन्हें एक अलग ही श्रेणी में खड़ा करते हैं.

हम दोनों के पेशेवर सफर की शुरुआत लगभग एक ही समय पर हुई, उन्होंने जनवरी 2000 में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण किया और मैंने मार्च 2001 में IMG-TWI ज्वाइन किया.

धोनी को बाइक्स का भी क्रेज है.

अगले 25 वर्षों में दुनिया के अलग-अलग शहरों में उनसे मुलाकात होती रही.

उनका कद लगातार बढ़ता गया, उनकी शख्सियत का विस्तार हमारी कल्पना से कहीं आगे निकल गया. आज स्थिति यह है कि उनके अपने शहर रांची में भी उनसे मिल पाना कोई आसान बात नहीं रह गई है.

लेकिन इसके बावजूद, जब भी हमारी नजरें मिलती हैं, चाहे हालात कुछ भी हों और हम दुनिया के किसी भी कोने में हों, धोनी उसी मुस्कान के साथ उसी पुराने अंदाज में मिलते हैं-

“का हाल बा, विमलवा?”

वह मुस्कान, जिसकी नकल करना नामुमकिन है.

धोनी का एक और पहलू है, जिसकी मैंने हमेशा दिल से तारीफ की है.

उन्होंने मुझे कभी कोई ब्रेकिंग न्यूज नहीं दी. अपनी टीम या साथियों से जुड़ी कोई अंदरूनी जानकारी लीक नहीं की. कभी कोई खबर प्लांट नहीं की जबकि वह ऐसा आसानी से कर सकते थे और सच कहूं तो उस दौर में पत्रकार के तौर पर मैं ऐसी जानकारी का इस्तेमाल खुशी-खुशी कर भी लेता!

लेकिन एमएस अलग थे.

वह झारखंड की जंगलों वाली उस मिट्टी से आए थे, जहां से उनकी जड़ें जुड़ी थीं, उनमें वहां के आदिवासी समाज का निर्भीक और दुस्साहसी मिजाज था और शायद बुद्ध जैसी व्यावहारिक सोच भी. अविभाजित बिहार से जुड़ी उनकी जड़ों के कारण बिहार के लोगों ने उन्हें हमेशा अपना माना. उत्तराखंड ने भी उन्हें अपना बेटा बताने में कभी पीछे नहीं रहा.

और फिर चेन्नई ने जिस सिनेमाई अंदाज में उन्हें अपनाया, वह अपने आप में एक कहानी है. धोनी को चेन्नई ने अपना बना लिया!

यही है एमएस धोनी का असली करिश्मा….



Source link